छह चोरी की वारदातों का खुलासा,पिकअप वाहन,मोटरसाइकिल,चोरी का सामान और नकदी सहित 10 लाख रुपये का मशरूका जब्त
उदयपुर पुलिस की कार्रवाई,ट्रांसफार्मर से तांबा कॉइल और बिजली के केबल तार करते थे चोरी,एक अन्य आरोपी फरार
-संवाददाता-
अम्बिकापुर,05 नवम्बर 2026 (घटती-घटना)। सरगुजा जिले में बिजली ट्रांसफार्मर और केबल तार चोरी करने वाले गिरोह के खिलाफ उदयपुर पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से छह चोरी की वारदातों का खुलासा करते हुए करीब 10 लाख रुपये कीमत का मशरूका जब्त किया है। जब्त सामग्री में पिकअप वाहन,मोटरसाइकिल, ट्रांसफार्मर की तांबे की कॉइल,केबल वायर और बिजली उपकरणों के अलावा चोरी के सामान की बिक्री से प्राप्त 76,900 रुपये नकद शामिल हैं। गिरोह का एक अन्य आरोपी अभी फरार है,जिसकी तलाश की जा रही है। पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, 4 नवंबर 2026 की सुबह करीब 3 से 4 बजे के बीच उदयपुर थाना क्षेत्र के ग्राम गुड़गांव में बिजली गुल होने पर ग्रामीण राजकुमार घर से बाहर निकले। इसी दौरान उन्हें आवाज सुनाई दी,जिसके बाद उन्होंने देखा कि दो-तीन लोग बिजली ट्रांसफार्मर चोरी कर रहे हैं। ग्रामीणों को सूचना देने पर मौके पर पहुंचे लोगों ने एक आरोपी जसीम खान को पकड़ लिया,जबकि उसके दो साथी भागने में सफल रहे। चोरी गए ट्रांसफार्मर की कीमत लगभग 35 हजार रुपये बताई गई है। मामले में उदयपुर थाने में अपराध क्रमांक 196/2026 के तहत बीएनएस की धारा 305(ई),3(5) के अंतर्गत अपराध दर्ज कर विवेचना शुरू की गई। मामले की गंभीरता को देखते हुए डीआईजी एवं सरगुजा एसएसपी राजेश अग्रवाल ने पुलिस टीम को आरोपियों की शीघ्र गिरफ्तारी और चोरी की संपत्ति बरामद करने के निर्देश दिए। विवेचना के दौरान पकड़े गए आरोपी जसीम खान से पूछताछ की गई। उसकी पहचान जसीम खान (28 वर्ष),पिता स्व. रशीद खान, निवासी हरिगवां,थाना रघुनाथनगर,जिला बलरामपुर-रामानुजगंज के रूप में हुई। पूछताछ में उसने अपने साथी मोहम्मद तशरीफ खान एवं अन्य लोगों के साथ मिलकर ट्रांसफार्मर और केबल तार चोरी की कई वारदातों को अंजाम देना स्वीकार किया। पुलिस ने इसके बाद फरार आरोपी मोहम्मद तशरीफ खान की तलाश कर उसे पिकअप वाहन सहित पकड़ लिया। उसकी पहचान मोहम्मद तशरीफ खान (35 वर्ष), पिता मोहम्मद जलील खान,निवासी हरिगवां,थानारघुनाथनगर,जिला बलरामपुर-रामानुजगंज के रूप में हुई।
तीन थानों में दर्ज छह मामलों का खुलासा : पुलिस जांच में सामने आया कि आरोपियों ने उदयपुर थाना क्षेत्र में एक, लखनपुर थाना क्षेत्र में दो तथा कमलेश्वरपुर थाना क्षेत्र में तीन चोरी की घटनाओं को अंजाम दिया था। इस तरह पुलिस ने कुल छह मामलों का खुलासा किया है। आरोपियों के कब्जे से पिकअप वाहन क्रमांक यूपी64 सीटी 4079,मोटर साइकिल,76,900 रुपये नकद तथा ट्रांसफार्मर की तांबे की कॉइल,केबल वायर,क्लेम्प,कनेक्टर,लोहे के एंगल, वायरिंग बॉक्स,स्टे रॉड, स्टे वायर,धिरी, लोहे की पट्टी सहित बिजली से संबंधित अन्य सामान जब्त किया गया है।
पुलिस के अनुसार,गिरफ्तार दोनों आरोपी शातिर किस्म के हैं और इनके विरुद्ध पूर्व में भी कई अपराध पंजीबद्ध होने की जानकारी सामने आई है। प्रकरण में आरोपियों के विरुद्ध धारा 111 बीएनएस भी जोड़ी गई है। दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायालय के समक्ष पेश किया जा रहा है। वहीं,मामले में शामिल एक अन्य फरार आरोपी की तलाश जारी है। पुलिस अन्य थानों से भी आरोपियों के आपराधिक रिकॉर्ड की जानकारी जुटा रही है।
इनकी रही सक्रिय भूमिका : संपूर्ण कार्रवाई में उदयपुर थाना प्रभारी निरीक्षक शिशिरकांत सिंह,प्रशिक्षु उप निरीक्षक भीखम लाल साहू,साइबर सेल प्रभारी सहायक उप निरीक्षक अजीत मिश्रा, प्रधान आरक्षक रवि सिंह एवं संजय नागेश तथा आरक्षक मनीष सिंह,अमन पुरी, अजय शर्मा, रविन्द्र,हेमंत और सैनिक नीरज की सक्रिय भूमिका रही।
घटती-घटना – Ghatati-Ghatna – Online Hindi News Ambikapur घटती-घटना – Ghatati-Ghatna – Online Hindi News Ambikapur