कांग्रेस के 100 से ज्यादा कमियों के दावे खारिज कटारे बोले…फैसले के खिलाफ हाईकोर्ट जाएंगे
भोपाल,05 नवम्बर 2026। मध्यप्रदेश से केंद्रीय मंत्री हरदीप सिंह पुरी निर्विरोध राज्यसभा सांसद चुन लिए गए हैं। उनके निर्वाचन के साथ प्रदेश में राज्यसभा का संख्या समीकरण बदल गया है। अब 11 सीटों में भाजपा के 9 और कांग्रेस के 2 सांसद हैं। पुरी के नामांकन में 100 से ज्यादा कमियां होने का दावा करते हुए कांग्रेस ने आपत्तियां दर्ज कराई थीं। पत्नी के नाम,विदेशी संपत्तियों और बैंक खातों की जानकारी पर सवाल उठाए गए,लेकिन रिटर्निंग ऑफिसर ने सभी आपत्तियां खारिज कर दीं। उप नेता प्रतिपक्ष हेमंत कटारे ने कहा कि चुनाव प्रक्रिया पूरी होने के बाद ही इलेक्शन पिटीशन (चुनाव याचिका) दायर की जा सकती है। उन्होंने कहा…आज शायद पुरी जी को निर्वाचित घोषित किया गया है। अब हमारी लीगल टीम हाईकोर्ट में चुनाव याचिका दायर करेगी। राज्यसभा की यह सीट केंद्रीय मंत्री एल. मुरुगन के इस्तीफे के बाद खाली हुई थी। उन्होंने 14 अक्टूबर को सदस्यता से इस्तीफा दिया था। इसके बाद निर्वाचन आयोग ने उपचुनाव की प्रक्रिया शुरू की। भाजपा ने 28 अक्टूबर को हरदीप सिंह पुरी को प्रत्याशी घोषित किया था। पुरी ने 31 अक्टूबर को मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव,भाजपा प्रदेश अध्यक्ष हेमंत खंडेलवाल और अन्य पार्टी नेताओं की मौजूदगी में विधानसभा पहुंचकर नामांकन दाखिल किया था। कांग्रेस ने पुरी के शपथपत्र और नामांकन दस्तावेजों में 100 से ज्यादा कमियां होने का दावा किया था।
घटती-घटना – Ghatati-Ghatna – Online Hindi News Ambikapur घटती-घटना – Ghatati-Ghatna – Online Hindi News Ambikapur