Breaking News

अंबिकापुर@पटवारियों की हड़ताल से धान खरीदी पर संकट के आसार,किसानों का पंजीयन और गिरदावरी अधर में…

Share


दरिमा ब्लॉक कांग्रेस ने कलेक्टर के नाम सौंपा ज्ञापन,अधूरे डिजिटल फ सल सर्वे पर जताई चिंता,दरिमा को विकासखंड बनाने और सहकारी बैंक की शाखा खोलने की भी उठाई मांग…


-संवाददाता-
अंबिकापुर,04 नवम्बर 2026 (घटती-घटना)। धान खरीदी का सीजन नजदीक आते ही किसानों की मुश्किलें बढ़ने लगी हैं। एक ओर 15 नवंबर से समर्थन मूल्य पर धान खरीदी शुरू होने की तैयारी है, वहीं दूसरी ओर पटवारियों की हड़ताल के चलते डिजिटल फसल सर्वे और गिरदावरी का काम अधूरा पड़ा है। इसका सीधा असर किसानों के पंजीयन, धान विक्रय के लिए दर्ज रकबे और पंजीकृत किसानों की सूची पर पड़ने की आशंका है। कई किसानों की गिरदावरी में रकबा शून्य प्रदर्शित होने से धान बेचने को लेकर असमंजस की स्थिति निर्मित हो गई है।
इन समस्याओं को लेकर ब्लॉक कांग्रेस कमेटी दरिमा ने पूर्व कांग्रेस जिलाध्यक्ष राकेश गुप्ता एवं ब्लॉक अध्यक्ष नारद गुप्ता के नेतृत्व में सरगुजा कलेक्टर के नाम ज्ञापन सौंपकर किसानों की समस्याओं के तत्काल निराकरण की मांग की है।
कांग्रेस नेताओं का कहना है कि डिजिटल फसल सर्वे पूरा नहीं होने के कारण पंजीकृत किसानों की सूची संबंधित स्थानों पर चस्पा नहीं हो पाई है। ऐसी स्थिति में किसान निर्धारित समयावधि में अपने नाम और दर्ज रकबे का मिलान कर दावा-आपत्ति भी नहीं कर पा रहे हैं। सबसे गंभीर स्थिति उन किसानों की है, जिन्होंने पूर्व वर्षों में धान का विक्रय किया है,लेकिन इस बार गिरदावरी में उनका रकबा शून्य दिखाई दे रहा है। इससे उनके सामने धान विक्रय को लेकर नई परेशानी खड़ी हो गई है।
ज्ञापन में बताया गया है कि पटवारियों की हड़ताल के कारण लगभग 2 से 5 प्रतिशत किसानों का पंजीयन भी नहीं हो पाने की आशंका है। यदि समय रहते सर्वे, गिरदावरी और पंजीयन की प्रक्रिया पूरी नहीं हुई तो ऐसे किसानों को धान बेचने के लिए भटकना पड़ सकता है। धान खरीदी की तारीख नजदीक होने के बावजूद समस्याओं का समाधान नहीं होना किसानों की चिंता बढ़ा रहा है।
किसानों के साथ बैठक के बाद पूर्व कांग्रेस जिलाध्यक्ष राकेश गुप्ता ने कहा कि दरिमा ब्लॉक ही नहीं, बल्कि पूरे जिले में कमोबेश यही स्थिति बनी हुई है। किसान इस बात को लेकर असमंजस में हैं कि उनका
पंजीयन और वास्तविक रकबा धान खरीदी के रिकॉर्ड में दर्ज है भी या नहीं। उन्होंने कहा कि मौजूदा परिस्थितियों के पीछे पटवारियों की हड़ताल प्रमुख वजह है। सरकार को पटवारियों की मांगों पर तत्काल सकारात्मक पहल करते हुए हड़ताल समाप्त कराने की दिशा में पहल करनी चाहिए,ताकि धान खरीदी के महत्वपूर्ण सीजन में राजस्व संबंधी कार्य प्रभावित न हों और किसानों को राहत मिल सके।
दरिमा में सहकारी बैंक शाखा और विकासखंड की मांग…
कांग्रेस कमेटी ने किसान संबंधी

समस्याओं के साथ दरिमा क्षेत्र की दो महत्वपूर्ण मांगों को भी प्रशासन के समक्ष रखा है। बैठक के उपरांत दरिमा को विकासखंड घोषित करने तथा यहां सहकारी बैंक की शाखा खोलने के संबंध में अलग-अलग ज्ञापन नायब तहसीलदार को सौंपा गया।
सहकारी बैंक की शाखा खोलने की मांग के संबंध में बताया गया कि उपलब्ध पूर्व आंकड़ों के अनुसार दरिमा क्षेत्र की चार समितियों में 10 हजार से अधिक पंजीकृत किसान हैं। वर्तमान में इन किसानों को बैंकिंग लेनदेन के लिए अंबिकापुर स्थित मुख्य शाखा पर निर्भर रहना पड़ता है। अंबिकापुर शाखा पर दरिमा क्षेत्र की चार समितियों के अलावा अंबिकापुर क्षेत्र की छह अन्य समितियों का भी भार है। ऐसे में दरिमा में सहकारी बैंक की शाखा खुलने से मुख्य शाखा का दबाव कम होगा और हजारों किसानों को बैंकिंग कार्यों के लिए अंबिकापुर आने-जाने की परेशानी से भी राहत मिलेगी।
वहीं प्रधानमंत्री के नाम प्रेषित ज्ञापन में दरिमा को विकासखंड बनाने की मांग उठाई गई है। कांग्रेस नेताओं का तर्क है कि दरिमा क्षेत्र में पहले से ही ब्लॉक स्तर के अधिकांश कार्यालय संचालित हैं। सरगुजा का एकमात्र व्यावसायिक हवाई अड्डा मां महामाया एयरपोर्ट और घुनघुट्टा परियोजना भी इसी क्षेत्र में स्थित हैं। वर्तमान विकासखंड मुख्यालय अंबिकापुर से दरिमा की दूरी लगभग 18 किलोमीटर है।
ज्ञापन में कहा गया है कि क्षेत्र की भौगोलिक स्थिति, प्रशासनिक गतिविधियों और स्थानीय आवश्यकताओं को देखते हुए दरिमा को स्वतंत्र विकासखंड का दर्जा दिया जाना समय की मांग है। इससे क्षेत्र की बुनियादी समस्याओं के अनुरूप योजनाओं का निर्माण और उनका स्थानीय स्तर पर प्रभावी क्रियान्वयन संभव हो सकेगा। इस दौरान जिला पंचायत सदस्य अनीमा केरकेट्टा,गुरुशरण सिंह, अजीत राम,अरुण गुप्ता, रामसाय मिंज,प्रमेंद्र सरजाल, संजीव कश्यप,रमप्रकाश,जयपाल यादव,नरेश नेटी,रविशंकर नायक, निलेश कश्यप,राकेश सोनी,सुनील किंडो, विकास सिंह,कमल सिंह, पारस राजवाड़े,उमाशंकर कुशवाहा, विनोद सिंह,कमल एक्का,मुनेश्वर बखला सहित बड़ी संख्या में क्षेत्र के किसान एवं ब्लॉक कांग्रेस कमेटी के सदस्य उपस्थित थे।


Share

Check Also

अम्बिकापुर@राजीव गांधी पीजी कॉलेज में आयोजित हुई विकसित भारत युवा संसद,युवाओं ने रखे विचार

Share -संवाददाता-अम्बिकापुर,05 नवम्बर 2026 (घटती-घटना)। राजीव गांधी शासकीय स्नातकोत्तर महाविद्यालय अंबिकापुर में मेरा युवा भारत …

Leave a Reply