Breaking News

कोंडागांव@छत्तीसगढ़ में 3.54 करोड़ का गांजा पकड़ाया

Share


पहाड़ के पास बोरी फेंककर भागे तस्कर,कार की डिक्की में छिपाकर ले जा रहे थे


कोंडागांव,04 नवम्बर 2026। छत्तीसगढ़ के कांकेर और केशकाल में पुलिस ने दो अलग-अलग कार्रवाई में करीब 3 करोड़ 54 लाख रुपए का गांजा जब्त किया है। गढि़या पहाड़ के पास गांजे की 70 बोरियां बरामद की गईं, जिनकी कीमत 1.50 करोड़ रुपए है। पुलिस की घेराबंदी की भनक लगते ही तस्कर गांजा फेंककर भाग निकले। वहीं, केशकाल पुलिस ने एक कार से 407 किलो 910 ग्राम गांजा बरामद किया है, जिसकी कीमत 2.03 करोड़ रुपए आंकी गई है। पुलिस ने राजस्थान के एक युवक को गिरफ्तार भी किया है। दोनों मामलों में पुलिस तस्करी के नेटवर्क की जांच कर रही है।
केस 1-पहाड़ के पास
मिला 1.50 करोड़ का गांजा

कांकेर के कोतवाली थाना क्षेत्र के सिगारभाट स्थित गढि़या पहाड़ के किनारे पुलिस ने लावारिस हालत में गांजे की 70 बोरी बरामद की। इनका कुल वजन 2 क्विंटल 80 किलो और अनुमानित कीमत करीब 1 करोड़ 50 लाख रुपए है। जानकारी के अनुसार, बुधवार को तस्कर ओडिशा से विश्रामपुरी और केशकाल के रास्ते कांकेर पहुंचे थे। गांजा तस्करी की सूचना मिलने पर केशकाल पुलिस उनकी तलाश में जुटी थी। कांकेर पुलिस को भी इसकी जानकारी दी गई थी। दोनों टीमों ने मिलकर कार्रवाई की।
घेराबंदी की भनक लगने पर भागे तस्कर
बताया जा रहा है कि तस्करों को पुलिस की घेराबंदी की भनक लग गई थी। इसके बाद वे गांजे की बोरी पहाड़ के पास फेंककर फरार हो गए। मुखबिर की सूचना पर मौके पर पहुंची कांकेर पुलिस ने गांजा जब्त कर लिया। कांकेर एडीओपी हरीश पाटिल के मुताबिक, पुलिस ने संदिग्ध गतिविधियों की जांच के दौरान गांजा बरामद किया है। तस्करी में इस्तेमाल की गई दो गाडि़यों की पहचान कर ली गई है। एक कार के ड्राइवर को भी चिह्नित किया गया है। आरोपियों की पहचान और गिरफ्तारी के लिए पुलिस टीम जुटी हुई है।
केस 2-कार में मिला 2.40 करोड़ गांजा
दूसरी कार्रवाई में केशकाल पुलिस ने 3 नवंबर को सूचना के आधार पर एक कार (ओडी-10-वी-7053) को रोककर तलाशी ली। कार से 407 किलो 910 ग्राम गांजा बरामद हुआ, जिसकी कीमत 2 करोड़ 3 लाख 95 हजार 500 रुपए आंकी गई है। गांजा 78 पैकेट में मिला, जो ड्राइवर सीट के पीछे और डिक्की में टेप से लपेटकर रखे गए थे। ड्राइवर ने पूछताछ में अपना नाम दीपक कुमार माली (31) बताया। वह राजस्थान का रहने वाला है।
कार की एक्स्ट्रा नंबर प्लेट भी मिली
पुलिस को कार के डैशबोर्ड में छिपाकर रखी गई एक एक्स्ट्रा नंबर प्लेट भी मिली, जिस पर आर-23-यूबी-8472 लिखा था। आरोपी के पास से रेडमी मोबाइल फोन और 1,100 रुपए नकद भी बरामद किए गए।
आरोपी को गिरफ्तार कर भेजा जेल
पुलिस ने गांजा, कार, मोबाइल और अन्य सामान समेत कुल 2 करोड़ 18 लाख 96 हजार 600 रुपए की संपत्ति जब्त की। आरोपी के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट की धारा 20(ख) के तहत मामला दर्ज कर उसे गिरफ्तार किया गया। अदालत में पेश किए जाने के बाद उसे न्यायिक रिमांड में भेज दिया गया। स्क्क पंकज चंद्रा के निर्देश पर जिले में गांजा और शराब तस्करी के खिलाफ अभियान चलाया जा रहा है।
इस कार्रवाई में केशकाल थाना प्रभारी रितेश मिश्रा सहित उपनिरीक्षक कंवल सिंह शोरी,सहायक उपनिरीक्षक भगत सिंह नेताम,सुरेश मरकाम,प्रधान आरक्षक ईश्वर नेताम,संजय बिसेन और अन्य पुलिसकर्मी शामिल थे।


Share

Check Also

अंबिकापुर@गाय-बैलों को हडिय़ा और घुघरी खिलाकर मनाया सोहराई पर्व, जूठा प्रसाद मानकर ग्रहण करते हैं परिवार के लोग

Share दीपावली के दूसरे दिन निभाई जाती है सदियों पुरानी परंपरा, पशुधन की पूजा से …

Leave a Reply