Breaking News

अम्बिकापुर@ ऑटो चालक से लूट के मामले में फरार आरोपी गिरफ्तार,वारदात में इस्तेमाल बुलेट जब्त

Share


पहले चार आरोपी हो चुके हैं गिरफ्तार,हथियार दिखाकर मोबाइल लूटने का है आरोप
-संवाददाता-
अम्बिकापुर,26 अक्टूबर 2026 (घटती-घटना)।
गांधीनगर थाना क्षेत्र में ऑटो चालक से हथियार की धमकी देकर मोबाइल लूटने के मामले में फरार चल रहे एक अन्य आरोपी को पुलिस ने गिरफ्तार किया है। आरोपी की पहचान सचिन प्रताप पुरी (20), निवासी बैरीपारा, शिकारी रोड, मगरढोड़ा, अंबिकापुर के रूप में हुई है। पुलिस ने उसकी निशानदेही पर घटना में इस्तेमाल बुलेट मोटरसाइकिल जब्त की है। मामले में पूर्व में चार आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायिक अभिरक्षा में भेजा जा चुका है। पुलिस के अनुसार, सूरजपुर जिले के जयनगर थाना क्षेत्र अंतर्गत कल्याणपुर निवासी धर्मेंद्र यादव 12 मई 2026 की रात करीब 12 बजे कोलडीहा में शादी समारोह से ऑटो लेकर अपने घर लौट रहे थे। रात करीब 12ः40 बजे ग्राम घंघरी के गेरवानी नाला के पास छह मोटरसाइकिलों पर सवार करीब 10 से 12 युवक पहुंचे। आरोप है कि उन्होंने ऑटो के सामने मोटरसाइकिल खड़ी कर रास्ता रोका और हथियार दिखाकर जान से मारने की धमकी देते हुए उनका एक्वा कंपनी का मोबाइल लूट लिया। इसके बाद आरोपी सकालो की ओर भाग निकले। प्रार्थी की रिपोर्ट पर 13 मई 2026 को गांधीनगर थाने में अपराध क्रमांक 274/2026 के तहत बीएनएस की धारा 126(2), 310(2) तथा आर्म्स एक्ट की धारा 25, 27 के अंतर्गत मामला दर्ज कर विवेचना शुरू की गई। जांच के दौरान पुलिस ने वैभव मिश्रा उर्फ राज मिश्रा, लवकुश कुमार, सुमित विश्वास और मनीष देवनाथ को गिरफ्तार किया था। इनके कब्जे से चार मोबाइल फोन और एक पल्सर मोटरसाइकिल जब्त की गई थी। पूछताछ में अन्य साथियों की संलिप्तता सामने आने के बाद पुलिस उनकी तलाश कर रही थी। इसी क्रम में पुलिस ने सचिन प्रताप पुरी को हिरासत में लेकर पूछताछ की। पुलिस के मुताबिक, आरोपी ने वारदात में शामिल होना स्वीकार किया।
उसकी निशानदेही पर घटना में प्रयुक्त बुलेट मोटरसाइकिल जब्त कर उसे गिरफ्तार किया गया। इसके बाद आरोपी को न्यायालय में पेश किया गया। कार्रवाई में गांधीनगर थाना प्रभारी निरीक्षक शशिकांत सिन्हा तथा आरक्षक राहुल सिंह, रमन मंडल, उमाशंकर साहू और उमेश गुप्ता की सक्रिय भूमिका रही।


Share

Check Also

सूरजपुर@ खरगे के बयान पर सूरजपुर में भाजयुमो का उग्र प्रदर्शन

Share अग्रसेन चौक पर सियासी संग्रामः भाजयुमो ने फूंका खरगे का पुतला,पुलिस से हुई झूमाझटकी-संवाददाता-सूरजपुर,26 …

Leave a Reply