Breaking News

अम्बिकापुर@सरगुजा पुलिस ने देश के तेजतर्रार धावक अनिमेष कुजूर को किया सम्मानित

Share


100 मीटर दौड़ में 10.14 सेकंड का समय निकालकर बनाई खास पहचान,उपलब्धियों से बढ़ाया छत्तीसगढ़ का गौरव
-संवाददाता-
अम्बिकापुर,26 अक्टूबर 2026 (घटती-घटना)।
अंतरराष्ट्रीय स्तर पर अपनी प्रतिभा का लोहा मनवाने वाले भारतीय धावक अनिमेष कुजूर को सरगुजा पुलिस ने सम्मानित कर उनकी खेल उपलब्धियों पर गर्व जताया। रक्षित केंद्र अम्बिकापुर के सभाकक्ष में आयोजित सम्मान समारोह में पुलिस अधिकारियों ने अनिमेष की उपलब्धियों की सराहना करते हुए उन्हें युवाओं के लिए प्रेरणास्रोत बताया। अनिमेष,सरगुजा पुलिस में पदस्थ उप पुलिस अधीक्षक अमृत कुजूर के सुपुत्र हैं। पुलिस महानिरीक्षक सरगुजा रेंज दीपक झा और डीआईजी एवं एसएसपी सरगुजा राजेश अग्रवाल के दिशा-निर्देशन में आयोजित समारोह में अनिमेष की मेहनत,अनुशासन और खेल के प्रति समर्पण को सराहा गया। अधिकारियों ने कहा कि उनकी उपलब्धियां प्रदेश के युवाओं को खेल के क्षेत्र में आगे बढ़ने और राष्ट्रीय-अंतरराष्ट्रीय स्तर पर पहचान बनाने के लिए प्रेरित करेंगी। छत्तीसगढ़ के जशपुर जिले के ग्राम घुंटगांव में 2 जून 2003 को जन्मे अनिमेष कुजूर ने अपनी प्रतिभा के दम पर भारतीय एथलेटिक्स में खास पहचान बनाई है। उन्होंने 100 मीटर दौड़ में 10.14 सेकंड का व्यक्तिगत सर्वश्रेष्ठ समय दर्ज कर जर्मनी के वेट्ज़लर में आयोजित प्रतियोगिता के दौरान विदेश में सबसे तेज भारतीय धावक होने का गौरव हासिल किया। वहीं, 200 मीटर दौड़ में 20.32 सेकंड का राष्ट्रीय रिकॉर्ड भी उनके नाम दर्ज है। डायमंड लीग में दौड़ने और विश्व एथलेटिक्स चैंपियनशिप के लिए क्वालीफाई करने वाले भारतीय पुरुष धावकों में भी उन्होंने उल्लेखनीय उपलब्धि हासिल की है। अनिमेष ने विभिन्न राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय प्रतियोगिताओं में पदक जीतकर देश का मान बढ़ाया है। उपलब्धियों से भरे उनके सफर में एशियाई स्तर की प्रतियोगिताओं में कांस्य पदक तथा सीनियर फेडरेशन कप और इंटर-स्टेट प्रतियोगिताओं में स्वर्ण पदक जैसी सफलताएं शामिल हैं। उनकी सफलता इस बात का उदाहरण है कि निरंतर अभ्यास,अनुशासन और दृढ़ संकल्प से अंतरराष्ट्रीय मंच तक पहुंचा जा सकता है। समारोह के अंत में सरगुजा पुलिस की एक अन्य उपलब्धि का भी उल्लेख किया गया।
पुलिस मुख्यालय से प्राप्त साइबर जागृति अभियान के तहत सरगुजा पुलिस को रेंज में प्रथम स्थान मिलने पर पुलिस महानिरीक्षक दीपक झा ने डीआईजी एवं एसएसपी राजेश अग्रवाल को मोमेंटो और प्रशस्ति पत्र प्रदान किया। कार्यक्रम में नगर पुलिस अधीक्षक प्रतीक बंसोड़, प्रशिक्षु आईपीएस अधिकारी,उप पुलिस अधीक्षक तुल सिंह पट्टावी,रक्षित निरीक्षक तृप्ति सिंह राजपूत,प्रशिक्षु सूबेदार पेमिन वर्मा,प्रशिक्षु सूबेदार गुलशन चंद्रा सहित पुलिस अधिकारी-कर्मचारी और पुलिस परिवार के सदस्य उपस्थित रहे। समारोह ने खेल प्रतिभाओं के सम्मान के साथ पुलिस परिवार की उपलब्धियों को भी रेखांकित किया।


Share

Check Also

सूरजपुर@ खरगे के बयान पर सूरजपुर में भाजयुमो का उग्र प्रदर्शन

Share अग्रसेन चौक पर सियासी संग्रामः भाजयुमो ने फूंका खरगे का पुतला,पुलिस से हुई झूमाझटकी-संवाददाता-सूरजपुर,26 …

Leave a Reply