Breaking News

दुर्ग-भिलाई@ पिकअप के सीक्रेट चेंबर से मिले 4 करोड़

Share

…रायपुर के ट्रांसपोर्टर से जुड़ी रकम
दुर्ग-भिलाई,26 अक्टूबर 2026 । छत्तीसगढ़ के दुर्ग जिले में पुलिस ने पिकअप से 4 करोड़ रुपए कैश जब्त किया। रकम पिकअप के पिछले हिस्से में बने सीक्रेट चेंबर में रखी गई थी। पुलिस ने पिकअप सवार दो लोगों को हिरासत में लिया है। शुरुआती जानकारी के मुताबिक, रायपुर के भनपुरी में जीडी ट्रांसपोर्ट से पैसा लोड किया गया था और इसे नागपुर ले जाया जा रहा था। बताया जा रहा है कि रकम किसी ट्रांसपोर्टर की है। पुलिस यह पता लगा रही है कि पैसा कहां से आया और किस काम के लिए नागपुर ले जाया जा रहा था। पुलिस ने मामले की जानकारी आयकर विभाग (आईटी) की टीम को पत्र लिखकर दे दी है। अब आगे की जांच आयकर विभाग करेगा। मामला खुर्सीपार थाना क्षेत्र के डबरापारा का है।
सूचना के आधार पर कार्रवाई : दरअसल, खुर्सीपार पुलिस सूचना मिली थी। इसके बाद वाहन जांच के दौरान सफेद रंग की बोलेरो मैक्स पिकअप (सीजी 04 क्यूयू 5996) को रोका गया। यह रायपुर से नागपुर जा रही थी। पुलिस ने पिकअप की जांच की तो उसका पिछला हिस्सा बदला हुआ मिला। इसे इस तरह बंद किया गया था कि अंदर रखी चीजें बाहर से दिखाई न दें। बारीकी से तलाशी लेने पर पिछले हिस्से में सीक्रेट चेंबर मिला। इसे खोलने पर अंदर कैश रखा हुआ था। गिनती करने पर कुल 4 करोड़ रुपए मिले। इतनी बड़ी रकम छिपाकर ले जाने के मामले में पुलिस ने जांच शुरू कर दी है।
गाड़ी में सवार 2 लोगों से पूछताछ
पुलिस के अनुसार,पिकअप में दो लोग सवार थे। उनकी पहचान भवेशभाई जीनाभाई डाभी और विष्णुदेव दुबे के रूप में हुई है। डाभी गाड़ी चला रहा था। पुलिस ने दोनों को हिरासत में लिया है। उनसे पूछताछ की जा रही है। अब तक यह पता नहीं चला है कि पैसा किसका था और इसे किसके पास ले जाया जा रहा था।
आयकर विभाग को जानकारी भेजने की तैयारी
इसके अलावा पुलिस जांच कर रही है कि नकदी छिपाने के लिए गाड़ी के पिछले हिस्से में सीक्रेट चेंबर कब और किसने बनवाया था। बरामद रकम कहां से आई और उससे जुड़े कौन से दस्तावेज हैं, इसकी भी जांच की जा रही है। पैसा कहां से आया, इसकी जांच के लिए आयकर विभाग को जानकारी भेजी जा रही है।


Share

Check Also

सूरजपुर@ खरगे के बयान पर सूरजपुर में भाजयुमो का उग्र प्रदर्शन

Share अग्रसेन चौक पर सियासी संग्रामः भाजयुमो ने फूंका खरगे का पुतला,पुलिस से हुई झूमाझटकी-संवाददाता-सूरजपुर,26 …

Leave a Reply