Breaking News

बिलासपुर@बिलासपुर में अवैध प्लाटिंग पर बुलडोजर कार्रवाई…अशोक नगर और चिल्हाटी में सड़कें तोड़ीं गईं

Share


बिलासपुर,23 सितम्बर 2026। बिलासपुर नगर निगम ने अवैध प्लाटिंग और अनधिकृत निर्माण के खिलाफ कार्रवाई तेज कर दी है। निगम ने चिल्हाटी और अशोक नगर में अवैध प्लाटिंग के लिए बनाई गईं कांक्रीट सड़कें बुलडोजर से तोड़ दीं। चिल्हाटी चौक पर बिना पार्किंग बनीं तीन दुकानों को सील किया गया। वहीं, धान मंडी रोड मोपका में बिना लेआउट बनाए जा रहे तीन मकानों के सामने का हिस्सा भी तोड़ा गया। निगम में पिछले कुछ सालों में 18 पंचायत क्षेत्रों को शामिल किया गया है। इसके बाद इन इलाकों में अवैध प्लाटिंग की शिकायतें लगातार मिल रही थीं। निगम के आठों जोन में शिकायत थी कि बिना लेआउट और डायवर्सन के खेतों को छोटे-छोटे हिस्सों में बांटकर प्लॉट बेचे जा रहे हैं। प्लॉट खरीदारों को आकर्षित करने के लिए अवैध प्लाटिंग वाली जगहों पर कांक्रीट सड़कें भी बनाई जा रही थीं।
अशोक नगर और चिल्हाटी में सड़कें तोड़ीं : अशोक नगर में सरस्वती शिशु मंदिर के पीछे अनिल अग्रवाल की करीब पौन एकड़ जमीन पर अवैध प्लाटिंग की शिकायत मिली थी। चिल्हाटी में नारद वर्मा की करीब दो से ढाई एकड़ जमीन पर भी ऐसी ही शिकायत सामने आई थी। निगम कमिश्नर प्रकाश कुमार सर्वे के निर्देश पर अतिक्रमण दस्ते और जोन की टीम ने दोनों जगह कार्रवाई की। टीम ने अवैध प्लाटिंग के लिए बनाई गईं कांक्रीट सड़कों को बुलडोजर से उखाड़ दिया।
बिना पार्किंग बनीं तीन दुकानें सील : भवन अधिकारी अनुपम तिवारी ने बताया कि चिल्हाटी चौक पर लता पटेल ने रोड किनारे तीन दुकानें बनाई थीं। इनमें पार्किंग की सुविधा नहीं थी। निगम ने तीनों दुकानों को सील कर दिया।
बिना लेआउट बन रहे तीन मकानों का हिस्सा तोड़ा : धान मंडी रोड मोपका में मनीष उभरानी बिना लेआउट के तीन मकान बना रहे थे। निगम के अनुसार, मकान बेचने के इरादे से बनाए जा रहे थे। निगम की टीम ने तीनों मकानों के सामने का हिस्सा बुलडोजर से तोड़ दिया।
निगम प्रशासन ने चारों मामलों में संबंधित मकान और प्लॉट मालिकों को नोटिस जारी कर जवाब मांगा है। नियमों के उल्लंघन पर आगे कानूनी कार्रवाई की जाएगी। निगम के अनुसार,छत्तीसगढ़ नगर पालिक निगम अधिनियम, 1956 की धारा 292(ग)(2) और छत्तीसगढ़ नगर पालिका (कॉलोनाइजर का रजिस्ट्रेशन, निबंधन एवं शर्तें) नियम 2013 के नियम 03,10 और 13 का उल्लंघन पाया गया है।


Share

Check Also

रायपुर@ रायपुर में 14.555 किलो गांजा जब्त,4 गिरफ्तार

Share पान मसाला की पैकिंग और टेप में छिपाकर रखी थी गांजे की खेपरायपुर,23 सितम्बर …

Leave a Reply