कांग्रेस बोली-ढाई साल तक किस जांच के आधार पर भेजे 1 हजार,अब राशि वापस लेना गलत
रायपुर,18 सितम्बर 2026। रायपुर में महतारी वंदन योजना के हजारों हितग्राहियों को अपात्र बताए जाने के बाद राजनीतिक विवाद शुरू हो गया है। कांग्रेस का कहना है कि जिन महिलाओं को सरकार ने पात्र मानकर योजना में शामिल किया था, उनके खातों में करीब ढाई साल तक हर महीने 1 हजार रुपए भेजे गए। अब दोबारा पात्रता जांच के बाद इन्हीं में से कई महिलाओं से पहले मिली रकम वापस जमा करने को कहा जा रहा है। प्रदेश कांग्रेस के प्रवक्ता धनंजय सिंह ठाकुर ने इसे महिलाओं के साथ अन्याय बताया है। उन्होंने सरकार से पूछा कि अगर ये महिलाएं पात्र नहीं थीं तो इन्हें योजना में किस आधार पर शामिल किया गया। ढाई साल तक इनके खातों में राशि किस जांच के आधार पर भेजी गई।
पात्रता जांच में 27 हजार अपात्र मिले…
महतारी वंदन योजना में पात्रता की दोबारा जांच के दौरान बड़ी संख्या में हितग्राहियों को अपात्र पाया गया। जुलाई 2026 में सामने आए आंकड़ों के मुताबिक,प्रदेश में करीब 27 हजार अपात्र मामले मिले थे। इन मामलों में करीब 9 करोड़ रुपए की राशि वापस लिए जाने की जानकारी दी गई थी। इनमें रायपुर में 2,883 और रायगढ़ में 1,017 अपात्र मामले बताए गए थे। बिलासपुर में हालिया जांच के दौरान महतारी वंदन योजना के 4 लाख 17 हजार 902 हितग्राहियों के रिकॉर्ड की जांच की गई। इनमें 542 महिलाएं अपात्र पाई गईं। विभाग के मुताबिक करीब 30 लाख रुपए वापस लिए जा चुके हैं। बिलासपुर में योजना की 31 किस्तों के जरिए अब तक करीब 1,216 करोड़ रुपए हितग्राहियों के खातों में पहुंच चुके हैं।
घटती-घटना – Ghatati-Ghatna – Online Hindi News Ambikapur घटती-घटना – Ghatati-Ghatna – Online Hindi News Ambikapur