- नगर पालिका अध्यक्ष की कुर्सी पर शारदा गुप्ता की नजर…भाजपा संगठन के सामने पेश की दावेदारी…
- दो दशक की संगठनात्मक सक्रियता के साथ शारदा गुप्ता ने मांगा बैकुंठपुर नपा अध्यक्ष का टिकट…
- भाजपा में नपा अध्यक्ष पद को लेकर बढ़ी हलचल,शारदा गुप्ता ने वरिष्ठ नेताओं के सामने रखा दावा…
- बैकुंठपुर नपा अध्यक्ष पद की दौड़ तेज,शारदा गुप्ता ने संगठन के समक्ष जताई दावेदारी…
- शारदा गुप्ता ने खोला अध्यक्ष पद का मोर्चा,भाजपा के वरिष्ठ नेताओं से मुलाकात कर मांगा मौका…
- संगठन से शहर तक सक्रियता का हवाला,शारदा गुप्ता ने बैकुंठपुर नपा अध्यक्ष पद के लिए पेश किया दावा…
- भाजपा जिलाध्यक्ष देवेंद्र तिवारी, विधायक भैयालाल राजवाड़े समेत वरिष्ठ नेताओं से की मुलाकात
-रवि सिंह-
बैकुंठपुर/कोरिया,14 सितम्बर 2026 (घटती-घटना)। आगामी नगर पालिका परिषद बैकुंठपुर के चुनाव को लेकर राजनीतिक गतिविधियां तेज होने लगी हैं,अध्यक्ष पद की सीट सामान्य होने की चर्चा के बीच भारतीय जनता पार्टी में दावेदारों की सक्रियता भी बढ़ गई है,इसी क्रम में भाजपा जिला मंत्री एवं कोरिया चेंबर ऑफ कॉमर्स एंड इंडस्ट्रीज के अध्यक्ष शारदा प्रसाद गुप्ता ने नगर पालिका परिषद बैकुंठपुर के अध्यक्ष पद के लिएअपनी दावेदारी पेश की है। अपनी दावेदारी को लेकर शारदा प्रसाद गुप्ता ने भाजपा जिलाध्यक्ष देवेंद्र तिवारी,बैकुंठपुर विधायक भैयालाल राजवाड़े,पूर्व भाजपा जिलाध्यक्ष एवं प्रदेश कार्यसमिति सदस्य कृष्ण बिहारी जायसवाल तथा मंडल अध्यक्ष अनिल खटीक सहित पार्टी के वरिष्ठ नेताओं से मुलाकात की, उन्होंने वरिष्ठ नेताओं के समक्ष संगठन के लिए किए गए अपने कार्यों,सामाजिक गतिविधियों और लंबे सार्वजनिक जीवन के अनुभव को रखते हुए अध्यक्ष पद के लिए अपनी इच्छा जाहिर की,बैकुंठपुर नगर पालिका के आगामी चुनाव को लेकर स्थानीय राजनीतिक हलकों में पहले से ही कई नामों की चर्चा है,हालिया स्थानीय रिपोर्टों में भी भाजपा के भीतर अध्यक्ष पद के लिए शारदा प्रसाद गुप्ता सहित कई संभावित दावेदारों के नाम सामने आए हैं, हालांकि पार्टी ने अभी तक अपना अधिकृत प्रत्याशी घोषित नहीं किया है।
भाजपा में भी लगातार संगठनात्मक जिम्मेदारियां-वर्तमान में भाजपा जिला मंत्री के रूप में शारदा गुप्ता पार्टी के विभिन्न अभियानों और कार्यक्रमों में जिम्मेदारियां निभा रहे हैं,उनके अनुसार उन्होंने लोकमाता अहिल्याबाई होल्कर जन्मजयंती वर्ष के सहसंयोजक,जिला सेवा संकल्प अभियान संयोजक,जिला बजट प्रचार अभियान 2026 के सह-संयोजक,मतदाता सूची पुनरीक्षण कार्यक्रम में बीएलए-1,जिला नेक्स्ट जेनरेशन जीएसटी सुधार टीम के सदस्य सहित विभिन्न दायित्वों का निर्वहन किया है,इसके अलावा भाजपा की जिला प्रशिक्षण टोली में सहसंयोजक के साथ प्रशिक्षक एवं विषय वक्ता की भूमिका निभाने की जानकारी भी दी गई है।
अब पार्टी नेतृत्व के निर्णय पर नजर
शारदा प्रसाद गुप्ता की दावेदारी के साथ बैकुंठपुर में भाजपा के भीतर अध्यक्ष पद के लिए राजनीतिक समीकरणों पर चर्चा और तेज हो गई है,स्थानीय रिपोर्टों में शारदा गुप्ता के अलावा शैलेश शिवहरे,भानु पाल,पंकज गुप्ता सहित अन्य संभावित नामों की भी चर्चा सामने आई है,बैकुंठपुर नगर पालिका के पिछले अध्यक्ष चुनाव में बराबर मत आने के बाद लॉटरी से अध्यक्ष चुने जाने का मामला भी न्यायालय तक गया था और अप्रैल 2026 में छत्तीसगढ़ हाईकोर्ट ने जिला न्यायालय के फैसले को बरकरार रखते हुए अपील खारिज कर दी थी, ऐसे में आगामी चुनाव में प्रत्याशी चयन से लेकर चुनावी रणनीति तक हर कदम पर राजनीतिक दलों की नजर रहेगी, फिलहाल भाजपा ने अध्यक्ष पद के लिए किसी नाम की आधिकारिक घोषणा नहीं की है,शारदा प्रसाद गुप्ता ने वरिष्ठ नेताओं से मुलाकात कर अपनी दावेदारी पार्टी के समक्ष रख दी है,अब संगठन उनके संगठनात्मक अनुभव,सामाजिक एवं व्यापारिक क्षेत्र में सक्रियता,जनसंपर्क और स्थानीय राजनीतिक स्वीकार्यता को किस तरह देखता है,यह आने वाले समय में स्पष्ट होगा।
सामान्य सीट होने के बाद बढ़ी दावेदारों की सक्रियता
अध्यक्ष पद सामान्य अनारक्षित होने की जानकारी के बाद बैकुंठपुर में संभावित दावेदारों की गतिविधियां बढ़ी हैं,शारदा गुप्ता लंबे समय से भाजपा संगठन,सामाजिक और व्यापारिक क्षेत्र में सक्रिय हैं। उनकी ओर से जारी जानकारी के अनुसार वे संगठन के विभिन्न दायित्वों के साथ सार्वजनिक जीवन में लगातार सक्रिय रहे हैं,उनका कहना है कि अध्यक्ष पद की दावेदारी केवल चुनाव लड़ने की इच्छा नहीं,बल्कि शहर के विकास और नागरिक हितों के लिए अपनी लंबे समय की संगठनात्मक एवं सामाजिक सक्रियता को आगे बढ़ाने का अवसर है।
छात्र राजनीति से शुरू हुई राजनीतिक यात्रा
शारदा प्रसाद गुप्ता ने अपनी राजनीतिक एवं सामाजिक यात्रा की शुरुआत छात्र राजनीति से होने की बात कही है,उनके अनुसार बैकुंठपुर महाविद्यालय में विद्यार्थियों की समस्याओं और आवाज को सामने लाने के उद्देश्य से छात्र संघर्ष समिति के गठन में उन्होंने भूमिका निभाई, इससे पहले वे शासकीय सरस्वती शिशु मंदिर बैकुंठपुर के प्रथम छात्रसंघ अध्यक्ष के रूप में लगातार दो बार निर्वाचित हुए। इसके अलावा भोपाल स्थित आवासीय विद्यालय शारदा विहार में छात्रसंघ सचिव का दायित्व भी संभाला,उनके अनुसार विद्यार्थी जीवन में ही उनका राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ से संपर्क हुआ,इसके बाद वे अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद से जुड़े और संगठन में विभिन्न दायित्वों का निर्वहन करते हुए जिला सहसंयोजक की जिम्मेदारी तक पहुंचे, महाविद्यालयीन चुनावों में विद्यार्थी परिषद के लिए प्रभारी के रूप में भी काम करने की जानकारी उन्होंने दी है।
पढ़ाई के साथ खेल और सांस्कृतिक गतिविधियों में भी सक्रिय
शारदा गुप्ता की ओर से जारी परिचय में उनके विद्यार्थी जीवन की विभिन्न उपलब्धियों का भी उल्लेख किया गया है, उनके अनुसार वे शैक्षणिक गतिविधियों के साथ शतरंज,खो-खो,कुश्ती और मलखंभ जैसे खेलों में भी विभिन्न स्तरों पर प्रतिनिधित्व कर चुके हैं,इसके अलावा आकाशवाणी कार्यक्रम,मंच संचालन, तात्कालिक भाषण,कविता पाठ,अभिनय,निबंध लेखन और सामान्य ज्ञान प्रतियोगिताओं में भी उन्होंने भाग लिया और पुरस्कार प्राप्त किए। उनके अनुसार शारदा विहार भोपाल में अध्ययन के दौरान उनकी बहुआयामी प्रतिभा को देखते हुए उन्हें ‘बेस्ट ऑलराउंडर’ सम्मान भी दिया गया था।
भाजयुमो में 2010 से 2024 तक निभाई विभिन्न जिम्मेदारियां
प्रत्यक्ष राजनीतिक गतिविधियों की बात करें तो शारदा गुप्ता के अनुसार उन्होंने वर्ष 2010 से 2024 तक युवा मोर्चा कोरिया में विभिन्न पदों पर काम किया,इसके बाद लोकसभा सोशल मीडिया संयोजक,कोरबा के रूप में भी जिम्मेदारी संभाली,संगठन के साथ-साथ व्यापारिक क्षेत्र में भी उनकी सक्रियता रही। वे कोरिया चेंबर ऑफ कॉमर्स के विभिन्न पदों पर कार्य कर चुके हैं,युवा जिला उपाध्यक्ष और महामंत्री के बाद वर्तमान में कोरिया चेंबर ऑफ कॉमर्स एंड इंडस्ट्रीज के अध्यक्ष के रूप में कार्य करने की जानकारी दी गई है।
स्वदेशी जागरण मंच और सामाजिक क्षेत्र में भी सक्रिय
राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के प्रथम वर्ष का प्रशिक्षण प्राप्त करने के बाद संघ के विभिन्न दायित्वों में कार्य करने तथा स्वदेशी जागरण मंच में जिला बौद्धिक प्रमुख और जिला संयोजक के बाद वर्तमान में जिला समन्वयक के रूप में काम करने का उल्लेख उनके परिचय में है,इसके अलावा वे पूर्व में नेहरू युवा केंद्र कोरिया में भारत सरकार के महानिदेशक प्रतिनिधि के रूप में भी दायित्व निभा चुके हैं।
घटती-घटना – Ghatati-Ghatna – Online Hindi News Ambikapur घटती-घटना – Ghatati-Ghatna – Online Hindi News Ambikapur