Breaking News

सूरजपुर @ बैगलेस डे पर छात्रों ने दिखाई प्रतिभा, बोर्ड परीक्षा क्विज में लिया हिस्सा

Share


चित्रकला,आलेख लेखन और स्वच्छता अभियान में भी विद्यार्थियों ने बढ़-चढकर लिया भाग
-संवाददाता-
सूरजपुर,14 सितम्बर 2026 (घटती-घटना)।
शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय सरहरी में शनिवार को बैगलेस डे के अवसर पर अकादमिक,रचनात्मक और स्वच्छता संबंधी विभिन्न गतिविधियों का आयोजन किया गया। बिना बस्ते के तनावमुक्त माहौल में विद्यार्थियों ने प्रतियोगिताओं में उत्साह के साथ भाग लिया। आगामी बोर्ड परीक्षा की तैयारी को ध्यान में रखते हुए विद्यालय में विशेष क्विज प्रतियोगिता शुरू की गई। प्राचार्य दिलीप तिवारी के मार्गदर्शन में आयोजित इस प्रतियोगिता में वर्ष 2020 से 2026 तक बोर्ड परीक्षाओं में पूछे गए विषयवार प्रश्नों को शामिल किया गया है। हाईस्कूल के विद्यार्थियों को पांच और हायर सेकेंडरी के विद्यार्थियों को चार समूहों में बांटा गया है। प्रतियोगिता अगले छह महीने तक प्रत्येक शनिवार को होगी। जनवरी में समापन समारोह आयोजित कर विजेता समूहों को पुरस्कृत किया जाएगा। विद्यार्थियों की रचनात्मक क्षमता विकसित करने के लिए चित्रकला,पेंटिंग और आलेख लेखन प्रतियोगिता भी हुई। ‘पेड़ अगर बोलते, तो वे हमसे क्या कहते?’ विषय पर आयोजित आलेख प्रतियोगिता में तारा रानी ने प्रथम और वर्षा कुशवाहा ने द्वितीय स्थान हासिल किया। श्रेष्ठ आलेख और कलाकृतियां विद्यालय की पत्रिका में प्रकाशित की जाएंगी। कार्यक्रम के अंतिम चरण में विद्यार्थियों और शिक्षकों ने विद्यालय परिसर में स्वच्छता अभियान चलाया। कक्षाओं और परिसर की सफाई के बाद राज्यपाल पुरस्कार प्राप्त व्याख्याता अजय कुमार चतुर्वेदी ने सभी को स्वच्छता बनाए रखने की शपथ दिलाई।
कार्यक्रम में विद्यालय के शिक्षक-शिक्षिकाओं और स्टाफ का सहयोग रहा।


Share

Check Also

रामानुजनगर/सूरजपुर@ ग्राम सभा और शिक्षा को मजबूत करना आदिवासी अधिकारों की रक्षा का आधार : बीपीएस पोया

Share रामेश्वरम के अंबेडकर भवन में आदिवासी अधिकार दिवस मनाया गया,छात्र-छात्राओं को वितरित की गई …

Leave a Reply