नर्सिंग कॉलेज,कृषि महाविद्यालय और केंद्र बिंदु संस्था में चला जागरूकता अभियान
-संवाददाता-
अम्बिकापुर,11 सितम्बर 2026 (घटती-घटना)। बढ़ते साइबर अपराधों के बीच छात्राओं को डिजिटल सुरक्षा के प्रति जागरूक करने के उद्देश्य से सरगुजा पुलिस द्वारा विशेष साइबर जागरूकता अभियान चलाया जा रहा है। अभियान के तहत शासकीय नर्सिंग कॉलेज गंगापुर,राजमोहनी देवी कृषि महाविद्यालय एवं केंद्र बिंदु संस्था में जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। इसमें करीब 600 छात्राओं ने सहभागिता करते हुए साइबर सुरक्षा की शपथ ली। डीआईजी एवं एसएसपी सरगुजा राजेश अग्रवाल के निर्देशन तथा अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक रितेश चौधरी के नेतृत्व में चल रहे अभियान में बालिकाओं की सुरक्षा और सहभागिता को विशेष प्राथमिकता दी जा रही है। कार्यक्रम के दौरान विशेषज्ञों ने छात्राओं को ऑनलाइन वित्तीय धोखाधड़ी,सोशल मीडिया हैकिंग,पहचान की चोरी और साइबर बुलिंग जैसे बढ़ते साइबर अपराधों की जानकारी दी। छात्राओं को बताया गया कि सोशल मीडिया पर निजी जानकारी,फोटो और अन्य संवेदनशील विवरण साझा करते समय विशेष सावधानी बरतें। किसी अनजान व्यक्ति द्वारा भेजे गए लिंक पर बिना जांच के क्लिक नहीं करें और बैंक खाते से संबंधित जानकारी,एटीएम/कार्ड विवरण अथवा ओटीपी किसी के साथ साझा न करें।
मजबूत पासवर्ड और सतर्कता जरूरी : साइबर विशेषज्ञों ने ई-मेल और सोशल मीडिया खातों के लिए मजबूत एवं अलग-अलग पासवर्ड रखने की सलाह दी। साथ ही संदिग्ध कॉल,मैसेज,लिंक और ऑनलाइन ऑफर के झांसे में नहीं आने तथा किसी भी असामान्य गतिविधि की स्थिति में तत्काल सावधानी बरतने की जानकारी दी गई। कार्यक्रम में छात्राओं को साइबर ठगी का शिकार होने पर तत्काल राष्ट्रीय साइबर अपराध हेल्पलाइन नंबर 1930 पर शिकायत दर्ज कराने की प्रक्रिया भी समझाई गई। विशेषज्ञों ने कहा कि साइबर अपराध के मामलों में समय पर शिकायत करना महत्वपूर्ण है। अभियान के अंत में छात्राओं ने साइबर सुरक्षा को लेकर जागरूक रहने और अपने परिवार व आसपास के लोगों को भी डिजिटल अपराधों से बचाव के लिए जागरूक करने का संकल्प लिया। कार्यक्रम के दौरान छात्राओं द्वारा पूछे गए सवालों के जवाब देकर उनकी शंकाओं का समाधान भी किया गया।
घटती-घटना – Ghatati-Ghatna – Online Hindi News Ambikapur घटती-घटना – Ghatati-Ghatna – Online Hindi News Ambikapur