Breaking News

अम्बिकापुर@ बारिश में ‘मौत के गड्ढे’ बन गई एनएच की सड़क,रोज फंस रहे वाहन

Share

खरसिया चौक के पास पानी से लबालब गड्ढे नहीं दिखते,दोपहिया चालक सबसे ज्यादा जोखिम में…
-संवाददाता-
अम्बिकापुर,11 सितम्बर 2026 (घटती-घटना)।
स्वच्छ शहर की पहचान रखने वाले अंबिकापुर में एनएच की बदहाल सडक अब यातायात के लिए बड़ा खतरा बन गई है। खरसिया चौक के पास सडक पर जगह-जगह बड़े गड्ढे हो गए हैं। बारिश का पानी भरने के बाद इनकी गहराई का अंदाजा नहीं लग पाता। इससे वाहन चालक आए दिन दुर्घटना का शिकार हो रहे हैं। कार और भारी वाहन भी गड्ढों में फंसने से मार्ग पर जाम की स्थिति बन रही है। सडक की बदहाली का एक वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। इसमें सडक पर पानी भरा नजर आ रहा है। इसी दौरान एक बाइक सवार गहरे गड्ढे में गिरकर पानी में फंस जाता है। आसपास मौजूद लोग तत्काल उसकी मदद के लिए पहुंचते हैं और उसे बाहर निकालते हैं। समय पर मदद मिलने से बड़ा हादसा टल गया। यह वीडियो सडक की मौजूदा स्थिति और उससे पैदा हो रहे खतरे को सामने ला रहा है। बारिश के दौरान सडक पर पानी जमा होने से वाहन चालकों को सामने मौजूद गड्ढे दिखाई नहीं देते। खासकर दोपहिया वाहन चालक अचानक गड्ढे में पहुंचने से संतुलन खो देते हैं। वहीं, बड़े गड्ढों में कार और भारी वाहन फंसने के कारण यातायात प्रभावित हो रहा है। इस मार्ग से सीतापुर, बतौली, रायगढ़, पत्थलगांव और जशपुर सहित कई क्षेत्रों के लिए बड़ी संख्या में वाहन गुजरते हैं।
मरम्मत के बाद फिर उखड़ी सडक : कुछ दिन पहले सडक के गड्ढों को भरने का काम किया गया था, लेकिन बारिश के दौरान मिट्टी और मुरुम बह जाने से सडक की स्थिति फिर खराब हो गई। अब कई स्थानों पर पहले से अधिक गहरे गड्ढे बन गए हैं। इससे सवाल उठ रहा है कि बारिश के दौरान की गई अस्थायी मरम्मत आखिर कितनी कारगर साबित हुई।
पहले भी फटकार के बाद हुई थी मरम्मत
कुछ दिन पूर्व भाजपा के प्रदेश संगठन महामंत्री पवन साय के सरगुजा प्रवास के दौरान सीतापुर क्षेत्र में जर्जर एनएच पर उनका वाहन भी फंस गया था। इसके बाद उन्होंने सरगुजा प्रभारी मंत्री ओपी चौधरी और विभागीय अधिकारियों को सडक की स्थिति को लेकर फटकार लगाई थी। इसके बाद विभाग ने गड्ढों को भरने का काम कराया था। बावजूद इसके बारिश के बाद सडक फिर बदहाल हो गई है।
स्थायी समाधान की मांग…
स्थानीय लोगों का कहना है कि बार-बार गड्ढे भरने के बजाय सडक का स्थायी सुधार जरूरी है। बारिश के दौरान सडक पर पानी निकासी की व्यवस्था नहीं होने से समस्या और गंभीर हो जाती है। लोगों ने एनएच की इस महत्वपूर्ण सडक की तत्काल मरम्मत के साथ जल निकासी की व्यवस्था दुरुस्त करने की मांग की है।


Share

Check Also

अम्बिकापुर @ दीक्षारंभ समारोह में नवप्रवेशी विद्यार्थियों को साइबर अपराध से बचाव की दी जानकारी

Share -संवाददाता-अम्बिकापुर,11 सितम्बर 2026 (घटती-घटना)। इंदिरा गांधी कृषि विश्वविद्यालय रायपुर अंतर्गत संचालित राजमोहिनी देवी कृषि …

Leave a Reply