Breaking News

अम्बिकापुर@हर स्कूल में सप्ताह में एक घंटे होगा स्काउट-गाइड प्रशिक्षण

Share


डीईओ ने खेल,एनसीसी,रेडक्रॉस,एनएसएस व स्काउट-गाइड गतिविधियों की समीक्षा की…
-संवाददाता-
अम्बिकापुर,11 सितम्बर 2026 (घटती-घटना)।
जिले के स्कूलों में अब स्काउट-गाइड की गतिविधियों को नियमित और प्रभावी बनाने पर जोर दिया जाएगा। प्रत्येक स्कूल में स्काउट के लिए पुरुष और गाइड के लिए महिला प्रभारी नियुक्त करने के साथ ही सप्ताह में एक घंटे का नियमित प्रशिक्षण कराने के निर्देश दिए गए हैं। यह निर्देश जिला शिक्षा अधिकारी एवं पदेन कमिश्नर सरगुजा डॉ. दिनेश कुमार झा ने शुक्रवार को शासकीय बहुउद्देशीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय के सभागार में आयोजित जिला स्तरीय समीक्षा बैठक में दिए। बैठक में खेल, स्काउट-गाइड, एनसीसी, रेडक्रॉस और एनएसएस की अब तक की गतिविधियों की समीक्षा की गई। साथ ही आगामी कार्यक्रमों की कार्ययोजना पर चर्चा हुई। डीईओ ने कहा कि विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास से जुड़ी गतिविधियां केवल औपचारिकता तक सीमित नहीं रहनी चाहिए। इनमें गुणवत्ता,निरंतरता, विद्यार्थियों की सहभागिता और परिणाम दिखाई देना चाहिए। बैठक में रेडक्रॉस और एनएसएस की गतिविधियों को मजबूत करने के लिए जिला स्तर पर पदाधिकारियों की नियुक्ति करने पर भी चर्चा हुई। इन संगठनों के माध्यम से विद्यार्थियों में अनुशासन, नेतृत्व क्षमता, सेवा भावना,राष्ट्रप्रेम और सामाजिक उत्तरदायित्व विकसित करने पर जोर दिया गया। खेल गतिविधियों की समीक्षा के दौरान संचालित और प्रस्तावित प्रतियोगिताओं की जानकारी ली गई। अधिकारियों को विद्यार्थियों को खेलों के लिए प्रोत्साहित करने,उनकी प्रतिभा पहचानने और उन्हें उचित अवसर उपलब्ध कराने के निर्देश दिए गए। प्रतियोगिताओं के आयोजन को भी समयबद्ध और व्यवस्थित तरीके से कराने पर जोर दिया गया। डीईओ ने स्काउटिंग और गाइडिंग को विद्यार्थियों के व्यक्तित्व निर्माण का महत्वपूर्ण माध्यम बताते हुए इसकी पहुंच अधिक से अधिक स्कूलों तक बढ़ाने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि स्काउटिंग के माध्यम से विद्यार्थियों में अनुशासन,आत्मनिर्भरता, नेतृत्व, सहयोग और सेवा भावना जैसे जीवन मूल्यों का विकास किया जा सकता है। बैठक में सहायक संचालक रविशंकर तिवारी,पूनम पाण्डेय,संस्था के प्राचार्य एडवर्ड टोप्पो, शाखा प्रभारी रवि प्रकाश कुजूर,सीनियर व्यायाम शिक्षक आनंदधर दीवान,जिला सचिव महेंद्र सिंह,जिला प्रशिक्षक मनीष गुप्ता,एनसीसी प्रभारी नवनीकांत त्रिपाठी सहित जिले के स्काउटर-गाइडर,पीटीआई, रेडक्रॉस और एनएसएस प्रभारी उपस्थित रहे। बैठक का संचालन भारत स्काउट्स एवं गाइड्स के जिला संगठन आयुक्त स्काउट योगेश विश्वकर्मा ने किया।


Share

Check Also

अम्बिकापुर @ दीक्षारंभ समारोह में नवप्रवेशी विद्यार्थियों को साइबर अपराध से बचाव की दी जानकारी

Share -संवाददाता-अम्बिकापुर,11 सितम्बर 2026 (घटती-घटना)। इंदिरा गांधी कृषि विश्वविद्यालय रायपुर अंतर्गत संचालित राजमोहिनी देवी कृषि …

Leave a Reply