Breaking News

बैकुण्ठपुर@ बैकुंठपुर नगर पालिका के 4 विकास कार्यों पर उपाध्यक्ष ने उठाए सवाल, स्वीकृत राशि के पुनः उपयोग की मांग

Share


300.64 लाख के 13 कार्यों में चार को लेकर आपत्ति, एनएच-43 चौड़ीकरण और बाजार विकास का हवाला देकर प्राथमिकता बदलने का अनुरोध
-संवाददाता-
बैकुण्ठपुर,08 अगस्त 2026 (घटती-घटना)।
नगर पालिका परिषद बैकुंठपुर में अधोसंरचना मद से स्वीकृत विकास कार्यों को लेकर अब नगर पालिका उपाध्यक्ष आशीष यादव ने ही सवाल खड़े कर दिए हैं। उन्होंने मुख्य नगर पालिका अधिकारी को पत्र सौंपकर स्वीकृत 13 विकास कार्यों की सूची में से चार कार्यों को लेकर पुनर्विचार करने तथा आवश्यकता नुसार स्वीकृत राशि का उपयोग अधिक जनहितकारी कार्यों में किए जाने का आग्रह किया है। उपाध्यक्ष का पत्र 7 अगस्त 2026 का है। पत्र में बताया गया है कि नगर पालिका परिषद बैकुंठपुर में अधोसंरचना मद से विभिन्न 13 विकास कार्यों के लिए कुल 300.64 लाख की स्वीकृति प्रदान की गई है,उपाध्यक्ष ने स्वीकृत कार्यों का अवलोकन करने के बाद कुछ कार्यों को वर्तमान परिस्थितियों में दोबारा विचार योग्य बताया है,उनका तर्क है कि यदि ऐसे कार्यों पर राशि खर्च की गई और बाद में परिस्थितियां बदलने के कारण उन्हें दोबारा करना पड़ा,तो सार्वजनिक धन का प्रभावी उपयोग नहीं हो सकेगा।
एनएच-43 से एसईसीएल कार्यालय तक पाथवे पर सवाल-कार्य क्रमांक 03 के तहत एनएच-43 से एसईसीएल ऑफिस तक पाथवे निर्माण के लिए 13.66 लाख स्वीकृत किए गए हैं,पत्र में कहा गया है कि एनएच-43 मार्ग का सड़क चौड़ीकरण प्रस्तावित है तथा आगामी चार से छह माह में चौड़ीकरण के लिए बजट जारी होने की संभावना है,ऐसे में वर्तमान में पाथवे निर्माण पर राशि खर्च करने को संभावित रूप से दोहरा व्यय बताया गया है।
प्रमीला होंडा से नगर पालिका तक सड़क भी पुनर्विचार के दायरे में-कार्य क्रमांक 04 में मुख्य मार्ग पर प्रमीला होंडा से नगर पालिका परिसर तक बीटी सड़क निर्माण के लिए 36.79 लाख स्वीकृत किए गए हैं। उपाध्यक्ष ने आशंका जताई है कि भविष्य में इस मार्ग के चौड़ीकरण की स्थिति में वर्तमान निर्माण पर खर्च की गई राशि का अपेक्षित उपयोग नहीं हो पाएगा।
इंदिरा पार्क से जनपद तितरा सड़क पर भी सवाल– कार्य क्रमांक 09 में इंदिरा पार्क के सामने से जनपद तितरा तक बीटी रोड मरम्मत के लिए 48.54 लाख स्वीकृत किए गए हैं।पत्र में कहा गया है कि संबंधित मार्ग पर कुछ माह पूर्व लगभग 40 लाख की राशि से काम कराया जा चुका है, उपाध्यक्ष ने सीसी रोड एवं पुलिया निर्माण की जरूरत का उल्लेख करते हुए इस कार्य पर पुनर्विचार का आग्रह किया है।
मानस भवन के पास पार्क की जगह बाजार को प्राथमिकता देने की मांग– कार्य क्रमांक 07 के तहत मानस भवन के पास पार्क निर्माण के लिए ?20.01 लाख स्वीकृत हैं, पत्र में उल्लेख है कि संबंधित स्थान को पूर्व में नगर पालिका बाजार के लिए आवंटित किया गया था, उपाध्यक्ष ने तर्क दिया है कि बैकुंठपुर नगर में बाजार विकसित होने से स्थानीय युवाओं और छोटे व्यापारियों को रोजगार एवं आय के अवसर मिल सकते हैं, इसलिए पार्क निर्माण के स्थान पर नगरपालिका बाजार की योजना को प्राथमिकता देने और राशि को जनहित में उपयोग करने का अनुरोध किया गया है, पत्र के अंत में उपाध्यक्ष ने इन चारों कार्यों का स्थल निरीक्षण एवं परिषद में पुनः समीक्षा कराने की मांग की है, ताकि आवश्यकता के अनुसार स्वीकृत राशि को ऐसे विकास कार्यों में लगाया जा सके जिनकी वास्तव में जरूरत है और जिनसे बैकुंठपुर शहर को अधिक प्रभावी एवं जनोपयोगी विकास मिल सके।


Share

Check Also

रायपुर@ रायपुर में 14.555 किलो गांजा जब्त,4 गिरफ्तार

Share पान मसाला की पैकिंग और टेप में छिपाकर रखी थी गांजे की खेपरायपुर,23 सितम्बर …

Leave a Reply