जिला अध्यक्ष देव गुप्ता बोले…दृढ़ इच्छाशक्ति,अनुशासन और कठिन परिश्रम से कोई भी लक्ष्य असंभव नहीं,सरकार की खेल नीति से युवाओं को मिल रहा नया अवसर…
-संवाददाता-
सूरजपुर,05 अगस्त 2026 (घटती-घटना)। भारतीय जनता युवा मोर्चा (भाजयुमो) के जिला अध्यक्ष देव गुप्ता ने ग्लासगो में आयोजित राष्ट्रमंडल खेल-2026 की महिला 53 किलोग्राम भारोत्तोलन स्पर्धा में रजत पदक जीतने वाली छत्तीसगढ़ की बेटी ज्ञानेश्वरी यादव को बधाई देते हुए कहा कि उनकी उपलब्धि पूरे प्रदेश के लिए गौरव का विषय है, उन्होंने कहा कि यह सम्मान केवल एक खिलाड़ी की सफलता नहीं,बल्कि छत्तीसगढ़ की प्रतिभा, परिश्रम और संकल्प का सम्मान है। देव गुप्ता ने कहा कि अपने पहले ही राष्ट्रमंडल खेलों में कुल 199 किलोग्राम वजन उठाकर रजत पदक जीतना ज्ञानेश्वरी यादव की मेहनत, अनुशासन और दृढ़ इच्छाशक्ति का परिणाम है, उन्होंने कहा कि ज्ञानेश्वरी ने यह साबित कर दिया है कि यदि लक्ष्य स्पष्ट हो और समर्पण के साथ निरंतर प्रयास किए जाएं, तो कोई भी मंजिल कठिन नहीं होती, उन्होंने मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि राज्य सरकार खिलाडि़यों को प्रोत्साहित करने के लिए लगातार सकारात्मक कदम उठा रही है। मुख्यमंत्री द्वारा ज्ञानेश्वरी यादव को 30 लाख रुपये की प्रोत्साहन राशि तथा आउट ऑफ टर्न डीएसपी पद पर पदोन्नति देने की घोषणा प्रदेश के खिलाडि़यों के लिए प्रेरणादायक निर्णय है, भाजयुमो जिला अध्यक्ष ने कहा कि प्रदेश सरकार खेल प्रतिभाओं को आगे बढ़ाने के लिए बेहतर वातावरण उपलब्ध करा रही है, जिससे युवा राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय प्रतियोगिताओं में उत्कृष्ट प्रदर्शन कर रहे हैं, उन्होंने कहा कि ज्ञानेश्वरी की सफलता विशेष रूप से प्रदेश की बेटियों के लिए प्रेरणा का स्रोत बनेगी और उन्हें खेलों में आगे बढ़ने का आत्मविश्वास देगी, देव गुप्ता ने कहा कि केंद्र और राज्य की भाजपा सरकार मातृशक्ति को हर क्षेत्र में आगे बढ़ाने के लिए प्रतिबद्ध है, खेलों के क्षेत्र में भी महिलाओं को बेहतर अवसर, संसाधन और प्रोत्साहन उपलब्ध कराया जा रहा है, ताकि अधिक से अधिक खिलाड़ी ओलंपिक,राष्ट्रमंडल खेल, एशियाई खेल और अन्य अंतरराष्ट्रीय प्रतियोगिताओं में भारत और छत्तीसगढ़ का नाम रोशन कर सकें, उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि ज्ञानेश्वरी यादव भविष्य में भी अपने उत्कृष्ट प्रदर्शन से देश और प्रदेश का गौरव बढ़ाती रहेंगी।
साथ ही उन्होंने कहा कि प्रतिभाओं की पहचान, उन्हें उचित अवसर और उपलब्धियों का सम्मान देना सरकार की खेल नीति का महत्वपूर्ण हिस्सा है, जिससे आने वाले समय में छत्तीसगढ़ खेलों के क्षेत्र में देश के अग्रणी राज्यों में अपनी पहचान और मजबूत करेगा।
फोटो 10
घटती-घटना – Ghatati-Ghatna – Online Hindi News Ambikapur घटती-घटना – Ghatati-Ghatna – Online Hindi News Ambikapur