रास्ता पूछा तो लूटने पीछा किया,सुनसान जगह देखकर हमला,राहगीरों को बनाते थे निशाना
दुर्ग-भिलाई,05 अगस्त 2026। छत्तीसगढ़ के दुर्ग जिले में कांग्रेस के मंडल कोषाध्यक्ष प्रकाश सिंह कश्यप की हत्या मामले में पुलिस ने 3 नाबालिग समेत 4 आरोपियों को अरेस्ट किया है। जांच में सामने आया है कि वारदात से कुछ देर पहले कांग्रेस नेता और उनके साथियों ने रास्ता पूछने के लिए बाइक सवार युवकों को रोका था। आरोपियों ने रास्ता बताने के बाद उनका पीछा शुरू कर दिया। जैसे ही उन्हें दुर्ग-धमधा रोड पर सुनसान जगह मिली, उन्होंने डंडा अड़ाकर बाइक रुकवाई और लूटपाट शुरू कर दी। विरोध करने पर प्रकाश सिंह कश्यप पर धारदार हथियार से कई वार किए, जिससे उनकी मौत हो गई। आरोपी मोबाइल और कैश लेकर फरार हो गए थे। पुलिस के मुताबिक 2 अगस्त की रात तुमाकला के रहने वाले चोवाराम लोधी अपने परिचित भूषण पटेल और प्रकाश सिंह कश्यप के साथ जुनवानी के अस्पताल से वापस घर की ओर जा रहे थे। आगे जाकर रास्ता भटकने पर उन्होंने एक बाइक पर सवार 4 युवकों से पता पूछा। आरोपियों ने उन्हें रास्ता बता दिया, लेकिन इसके बाद उनकी बाइक के पीछे लग गए। आगे आरोपियों ने बाइक सवारों को रोककर लूट के नीयत से हमला कर दिया। घटना की सूचना मिलते ही डायल-112 और पुलिस टीम मौके पर पहुंची। गंभीर रूप से घायल प्रकाश सिंह कश्यप को जिला अस्पताल दुर्ग ले जाया गया,जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। घटना के बाद चौकी जेवरा सिरसा पुलिस ने हत्या और लूट का मामला दर्ज कर जांच शुरू की। पुलिस की शुरुआती जांच के मुताबिक आरोपी देर रात सुनसान सड़क पर राहगीरों को निशाना बनाकर लूटपाट करते थे। मामले में पुलिस ने कादम्बरी नगर, मोहन नगर निवासी 19 वर्षीय आदर्श उर्फ लाल को गिरफ्तार किया है। इसके अलावा तीन नाबालिगों को भी पकड़ा गया है।
घटती-घटना – Ghatati-Ghatna – Online Hindi News Ambikapur घटती-घटना – Ghatati-Ghatna – Online Hindi News Ambikapur