नगर पंचायत उपाध्यक्ष अंशुल गोयल की पहल लाई रंग,फौजी गली के लोगों को मिली बड़ी राहत
-संवाददाता-
विश्रामपुर/सूरजपुर,01 अगस्त 2026 (घटती-घटना)। नगर पंचायत शिवनंदनपुर के अग्रसेन वार्ड स्थित फौजी गली में पिछले लगभग तीन वर्षों से बंद पड़े निजी ट्रांसफार्मर को आखिरकार हटा दिया गया। नगर पंचायत उपाध्यक्ष अंशुल गोयल की पहल और लगातार किए गए पत्राचार के बाद छत्तीसगढ़ स्टेट पावर डिस्ट्रीब्यूशन कंपनी लिमिटेड (सीएसपीडीसीएल) ने आवश्यक जांच पूरी कर ट्रांसफार्मर हटाने की कार्रवाई की। ट्रांसफार्मर हटने से क्षेत्रवासियों ने राहत की सांस ली है।
तीन वर्षों से बना हुआ था परेशानी का कारण-स्थानीय लोगों के अनुसार फौजी गली में सड़क से सटी शासकीय भूमि पर स्थापित यह निजी ट्रांसफार्मर लंबे समय से बंद पड़ा था,निष्कि्रय होने के बावजूद इसे हटाया नहीं गया था,जिससे आवागमन में असुविधा के साथ-साथ दुर्घटनाओं की आशंका भी बनी रहती थी,क्षेत्रवासियों का कहना है कि कई बार लोग इसकी वजह से दुर्घटनाग्रस्त हुए। पूर्व में एक्सेस वोल्टेज की घटना के दौरान बिजली विभाग का एक कर्मचारी भी हादसे का शिकार हुआ था।
चुनाव में भी बना था प्रमुख मुद्दा- नगर पंचायत चुनाव के दौरान वार्डवासियों ने विभिन्न प्रत्याशियों के सामने इस ट्रांसफार्मर को हटाने की मांग प्रमुखता से उठाई थी,स्थानीय नागरिकों का कहना था कि वर्षों से बंद पड़े इस ट्रांसफार्मर के कारण सुरक्षा संबंधी खतरे बने हुए हैं और इसे तत्काल हटाया जाना चाहिए,चुनाव के दौरान यह मुद्दा वार्ड में प्रमुख जनसमस्याओं में शामिल रहा।
उपाध्यक्ष बनने के बाद शुरू की पहल-नगर पंचायत उपाध्यक्ष बनने के बाद अंशुल गोयल ने इस मामले को प्राथमिकता देते हुए सीएसपीडीसीएल के कार्यपालन अभियंता एवं सहायक अभियंता को पत्र लिखकर ट्रांसफार्मर हटाने की मांग की। इसके साथ ही उन्होंने कलेक्टर सूरजपुर एवं एसडीएम को भी पत्र भेजकर समस्या से अवगत कराया और शीघ्र कार्रवाई की मांग की।
विभागीय जांच के बाद हटाया गया ट्रांसफार्मर-सीएसपीडीसीएल के अधिकारियों ने मौके का निरीक्षण एवं आवश्यक तकनीकी जांच करने के बाद ट्रांसफार्मर हटाने का निर्णय लिया, विभागीय टीम ने निर्धारित प्रक्रिया के तहत ट्रांसफार्मर को हटाकर क्षेत्र को संभावित खतरे से मुक्त किया।
अब आवागमन भी हुआ सुरक्षित- स्थानीय नागरिकों का कहना है कि ट्रांसफार्मर हटने से न केवल दुर्घटना की आशंका कम हुई है, बल्कि सड़क से आवागमन भी पहले की तुलना में अधिक सुरक्षित और सुगम हो गया है।
वार्डवासियों ने जताया आभार- ट्रांसफार्मर हटने के बाद अग्रसेन वार्ड एवं फौजी गली के निवासियों ने नगर पंचायत उपाध्यक्ष अंशुल गोयल तथा सीएसपीडीसीएल के अधिकारियों का आभार व्यक्त किया, उनका कहना है कि लंबे समय से लंबित यह समस्या आखिरकार दूर हो गई, जिससे क्षेत्र के लोगों को बड़ी राहत मिली है।
घटती-घटना – Ghatati-Ghatna – Online Hindi News Ambikapur घटती-घटना – Ghatati-Ghatna – Online Hindi News Ambikapur