कांकेर,01 अगस्त 2026। जिले के भानुप्रतापपुर थाना क्षेत्र में जल जीवन मिशन (नल-जल योजना) के कार्य के दौरान हुई कथित लापरवाही ने एक मजदूर की जान ले ली। पाइपलाइन का घरेलू कनेक्शन जोड़ने के लिए गड्ढे में उतरा मजदूर जेसीबी से डाली गई मिट्टी में जिंदा दब गया और किसी को इसकी भनक तक नहीं लगी। हैरानी की बात यह रही कि चार दिन बाद उसी स्थान की दोबारा खुदाई में उसका शव बैठी हुई अवस्था में बरामद हुआ। जानकारी के अनुसार ग्राम हिंगनझर में नल-जल योजना के तहत पाइपलाइन बिछाने का कार्य चल रहा था। 28 जुलाई को 30 वर्षीय रामदेव आंचला पाइपलाइन के लिए खोदे गए गड्ढे में उतरकर घरेलू कनेक्शन जोड़ रहा था। इसी दौरान दूसरी ओर से गड्ढा भर रहा जेसीबी चालक अनजाने में उसी हिस्से पर भी मिट्टी डालता चला गया, जहां रामदेव काम कर रहा था। मिट्टी इतनी तेजी से भर गई कि मजदूर को बाहर निकलने या मदद के लिए आवाज लगाने का भी मौका नहीं मिला। घटना के समय अन्य मजदूर 20 से 40 मीटर दूर काम कर रहे थे, जिससे किसी को हादसे का एहसास तक नहीं हुआ। दोपहर के भोजन के समय जब रामदेव नहीं पहुंचा तो साथियों ने उसकी तलाश शुरू की। शुरुआत में मोबाइल पर घंटी जाती रही,लेकिन कुछ समय बाद फोन भी बंद हो गया। परिजनों और ग्रामीणों ने काफी खोजबीन की,लेकिन कोई सुराग नहीं मिला। इसके बाद कच्चे चौकी में गुमशुदगी दर्ज कराई गई। 31 जुलाई को पुलिस, ग्रामीणों और सरपंच की मौजूदगी में उस स्थान पर दोबारा खुदाई कराई गई, जहां रामदेव आखिरी बार काम करते देखा गया था। करीब 10 मीटर तक खुदाई करने के बाद गड्ढे के भीतर बैठी हुई अवस्था में उसका शव बरामद हुआ। यह दृश्य देखकर मौके पर मौजूद लोग भी स्तब्ध रह गए। मजदूर का शव बाहर निकलते ही ग्रामीणों का गुस्सा फूट पड़ा और उन्होंने जेसीबी चालक के साथ मारपीट कर दी। पुलिस ने तत्काल हस्तक्षेप कर चालक को हिरासत में लिया।
और स्थिति को नियंत्रित किया। हिरासत में लिए गए चालक का कहना है कि वह दूसरी दिशा से गड्ढा भरते हुए आगे बढ़ रहा था। उसे गड्ढे के भीतर कोई मजदूर दिखाई नहीं दिया और उसे इस बात की जानकारी ही नहीं थी कि अंदर कोई काम कर रहा है। पुलिस ने पंचनामा कार्रवाई के बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए जिला अस्पताल भेज दिया है। मामले की जांच शुरू कर दी गई है।
घटती-घटना – Ghatati-Ghatna – Online Hindi News Ambikapur घटती-घटना – Ghatati-Ghatna – Online Hindi News Ambikapur