महंगी बिजली के खिलाफ कांग्रेस का बड़ा आंदोलन..1 से 3 अगस्त तक प्रदेशभर में होगा प्रदर्शन
रायपुर,31 जुलाई 2026। प्रदेश में बढ़ते बिजली बिल को लेकर कांग्रेस ने भाजपा सरकार के खिलाफ बड़ा आंदोलन छेड़ने का ऐलान किया है। प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष दीपक बैज ने शुक्रवार को प्रेसवार्ता में कहा कि कांग्रेस 1 से 3 अगस्त तक पूरे प्रदेश में तीन दिवसीय चरणबद्ध आंदोलन चलाएगी। जिला मुख्यालयों पर प्रेसवार्ता,घर-घर जनसंपर्क और आवेदन अभियान के बाद 3 अगस्त को मुख्यमंत्री निवास का घेराव किया जाएगा। बैज ने कहा कि प्रदेश में बिजली उपभोक्ताओं को लगातार अधिक बिल मिल रहे हैं। स्मार्ट मीटर और बिजली दरों में बढ़ोतरी से आम लोगों का घरेलू बजट बिगड़ गया है।
कांग्रेस इस मुद्दे को लेकर गांव-गांव और शहर-शहर लोगों के बीच जाएगी और सरकार के खिलाफ जनमत तैयार करेगी। उन्होंने कहा कि कांग्रेस पिछले कई महीनों से महंगी बिजली और स्मार्ट मीटर के मुद्दे पर आंदोलन कर रही है। अब इसे प्रदेशव्यापी अभियान का रूप दिया जा रहा है, ताकि हर उपभोक्ता अपनी बात सरकार तक पहुंचा सके।
तीन दिन तक ऐसे चलेगा आंदोलन
1 अगस्त को प्रदेश के सभी जिला मुख्यालयों में जिला कांग्रेस अध्यक्ष प्रेसवार्ता करेंगे। इसमें महंगी बिजली, बढ़े हुए बिजली बिल और स्मार्ट मीटर से जुड़ी शिकायतों को सामने रखा जाएगा।
2 अगस्त को कांग्रेस कार्यकर्ता घर-घर पहुंचेंगे। बिजली उपभोक्ताओं से संपर्क कर महंगे बिजली बिल और स्मार्ट मीटर के खिलाफ आवेदन भरवाए जाएंगे। इन आवेदनों के जरिए सरकार पर बिजली दरों की समीक्षा और उपभोक्ताओं को राहत देने का दबाव बनाया जाएगा।
3 अगस्त को प्रदेशभर से कांग्रेस कार्यकर्ता रायपुर पहुंचेंगे और मुख्यमंत्री निवास का घेराव करेंगे। कांग्रेस का दावा है कि इस प्रदर्शन में बड़ी संख्या में कार्यकर्ता और बिजली उपभोक्ता शामिल होंगे।
बैज ने कहा कि कांग्रेस जनता की आवाज बनकर यह लड़ाई लड़ रही है। यदि सरकार बिजली दरों और बढ़े हुए बिलों पर राहत नहीं देती है, तो आंदोलन को आगे और तेज किया जाएगा।
घटती-घटना – Ghatati-Ghatna – Online Hindi News Ambikapur घटती-घटना – Ghatati-Ghatna – Online Hindi News Ambikapur