Breaking News

प्रतापपुर@ प्रतापपुर और जरही में डेंगू-चिकनगुनिया रोकथाम के लिए चला लार्वा नियंत्रण अभियान,टेमीफॉस का किया गया छिड़काव

Share

घर-घर सर्वे कर मच्छरों के प्रजनन स्थलों की पहचान,लोगों से सप्ताह में एक दिन ‘ड्राई डे’ मनाने की अपील
-संवाददाता-
प्रतापपुर,30 जुलाई 2026 (घटती-घटना)।
डेंगू एवं चिकनगुनिया जैसी मच्छरजनित बीमारियों की रोकथाम के उद्देश्य से विकासखंड प्रतापपुर के नगर पंचायत प्रतापपुर एवं जरही में व्यापक लार्वा स्रोत नियंत्रण एवं लार्वा रोधी टेमीफॉस छिड़काव अभियान चलाया गया। अभियान मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी, जिला सूरजपुर के निर्देशन तथा सामुदायिक स्वास्थ्य केन्द्र प्रतापपुर के खंड चिकित्सा अधिकारी डॉ. अजित कुमार दीवान के मार्गदर्शन में संचालित किया गया। अभियान के दौरान स्वास्थ्य विभाग की टीम ने घर-घर जाकर सर्वे किया। इस दौरान कूलर, पुराने टायर, फ्रिज की ट्रे, फूलों के गमले, सीमेंट के टैंक, पानी की टंकियां, ड्रम, अनुपयोगी बर्तन तथा अन्य जलभराव वाले स्थानों का निरीक्षण किया गया। जहां भी मच्छरों के लार्वा पनपने की संभावना मिली, वहां टेमीफॉस का छिड़काव कर लार्वा स्रोतों को नष्ट किया गया। स्वास्थ्य कर्मियों ने लोगों को डेंगू और चिकनगुनिया से बचाव के उपायों की जानकारी देते हुए सप्ताह में एक दिन ‘ड्राई डे’ मनाने, कूलर एवं पानी संग्रहित करने वाले सभी पात्रों को नियमित रूप से खाली कर साफ करने तथा घर और आसपास पानी जमा नहीं होने देने की सलाह दी। अभियान की मॉनिटरिंग बीपीएम सतीश श्रीवास्तव,वीबीडीटीएस उत्तरा कुमार महिलांगे, आरएमए कमलेश सोनी, गंगा राम पैकरा, सेक्टर सुपरवाइजर नीलिमा अम्बस्ट तथा सीएचओ आकांक्षा टोप्पो ने की। अभियान में सेक्टर प्रतापपुर एवं सोनगरा के सभी आरएचओ (महिला एवं पुरुष), द्वितीय एएनएम तथा मितानिनों ने सक्रिय सहभागिता निभाई। स्वास्थ्य विभाग ने नागरिकों से अपील की है कि वे अपने घर और आसपास जलभराव न होने दें तथा सप्ताह में कम से कम एक बार कूलर,फ्रिज की ट्रे,गमले, पानी की टंकियों एवं अन्य जल संग्रहण वाले पात्रों को खाली कर साफ करें। विभाग का कहना है कि डेंगू एवं चिकनगुनिया की रोकथाम में जनसहभागिता सबसे प्रभावी उपाय है।


Share

Check Also

अम्बिकापुर@ खेतों में पहुंचे टी.एस. बाबा,किसानों से किया संवाद,फसलों की स्थिति का लिया जायजा

Share सरगुजा महाराज ने कहा…धरती से जुड़ाव ही सच्चे नेतृत्व की पहचान,किसान की समृद्धि से …

Leave a Reply