Breaking News

सूरजपुर@ भाजपा नेता और निलंबित प्रबंधक पर एनआईआर की मांग को लेकर कांग्रेस आक्रामक

Share

जयनगर सहकारी समिति में खाद की कथित कालाबाजारी का मामला,जिला कांग्रेस ने कलेक्टर को सौंपा ज्ञापन
जिलाध्यक्ष शशि सिंह का आरोप…विभागीय जांच में अनियमितता की पुष्टि के बावजूद नहीं हुई आपराधिक कार्रवाई,एनआईआर नहीं हुई तो आंदोलन की चेतावनी…
-संवाददाता-
सूरजपुर,30 जुलाई 2026 (घटती-घटना)।
जयनगर स्थित आदिम जाति सेवा सहकारी समिति में कथित उर्वरक (खाद) कालाबाजारी के मामले को लेकर जिला कांग्रेस कमेटी ने प्रशासन के खिलाफ मोर्चा खोल दिया है, जिला कांग्रेस अध्यक्ष शशि सिंह के नेतृत्व में बुधवार को कांग्रेस के एक प्रतिनिधिमंडल ने कलेक्टर से मुलाकात कर समिति के तत्कालीन अध्यक्ष देवधन राम बिंझिया एवं निलंबित प्रबंधक श्यामलाल प्रजापति के विरुद्ध तत्काल एफआईआर दर्ज कर कड़ी कानूनी कार्रवाई की मांग करते हुए ज्ञापन सौंपा, ज्ञापन में कांग्रेस ने आरोप लगाया कि खरीफ सीजन के दौरान किसानों के लिए उपलब्ध कराए जाने वाले उर्वरक की बड़े पैमाने पर कथित कालाबाजारी हुई, जिससे किसानों को समय पर खाद नहीं मिल सकी और उन्हें खुले बाजार से अधिक कीमत पर उर्वरक खरीदने के लिए मजबूर होना पड़ा।
विभागीय जांच का हवाला देकर उठाए सवाल- जिला कांग्रेस ने अपने ज्ञापन में कहा कि समाचार माध्यमों में मामला सामने आने के बाद विभागीय जांच कराई गई, जिसमें लाखों रुपये मूल्य के उर्वरक की कथित अनियमितताओं की पुष्टि हुई, इसके बाद प्रशासन ने समिति के तत्कालीन प्रबंधक श्यामलाल प्रजापति को निलंबित कर दिया तथा तत्कालीन अध्यक्ष एवं प्राधिकृत अधिकारी देवधन राम बिंझिया को पद से हटा दिया, कांग्रेस का कहना है कि जब विभागीय स्तर पर कार्रवाई की जा चुकी है, तब आपराधिक प्रकरण दर्ज करने में देरी समझ से परे है।
किसानों को भुगतना पड़ा नुकसान-जिला कांग्रेस अध्यक्ष शशि सिंह ने आरोप लगाया कि समिति के तत्कालीन अध्यक्ष और प्रबंधक की कथित मिलीभगत के कारण किसानों को सरकारी दर पर खाद उपलब्ध नहीं हो सकी, उन्होंने कहा कि इसका सीधा असर खेती पर पड़ा और किसानों को निजी बाजार से अधिक कीमत देकर उर्वरक खरीदना पड़ा, उन्होंने कहा कि किसानों के हितों से जुड़े इस मामले में केवल विभागीय कार्रवाई पर्याप्त नहीं है, बल्कि यदि किसी प्रकार का अपराध हुआ है तो उसकी निष्पक्ष आपराधिक जांच भी होनी चाहिए।
भाजपा नेता होने के कारण संरक्षण का आरोप- शशि सिंह ने आरोप लगाया कि समिति के पूर्व अध्यक्ष देवधन राम बिंझिया, जो भाजपा के जिला उपाध्यक्ष भी हैं, उनके खिलाफ केवल पद से हटाने की कार्रवाई कर मामले को दबाने का प्रयास किया गया, कांग्रेस ने आरोप लगाया कि राजनीतिक संरक्षण के कारण अब तक उनके विरुद्ध एफआईआर दर्ज नहीं की गई है।
पूर्व रिकॉर्ड पर भी उठाए सवाल-कांग्रेस ने निलंबित प्रबंधक श्यामलाल प्रजापति के संबंध में भी आरोप लगाया कि उन पर पूर्व में भी वित्तीय अनियमितताओं के आरोप लग चुके हैं, पार्टी का कहना है कि ऐसे मामलों को देखते हुए इस प्रकरण में विस्तृत जांच और कानूनी कार्रवाई आवश्यक है।
एफआईआर नहीं हुई तो आंदोलन की चेतावनी- जिला कांग्रेस कमेटी ने मांग की है कि कथित खाद कालाबाजारी मामले में तत्कालीन अध्यक्ष देवधन राम बिंझिया और निलंबित प्रबंधक श्यामलाल प्रजापति के विरुद्ध विधिसम्मत प्रकरण दर्ज कर निष्पक्ष जांच कराई जाए, जिलाध्यक्ष शशि सिंह ने कहा कि यदि शीघ्र एफआईआर दर्ज नहीं की गई तो कांग्रेस किसानों के हित में आंदोलन करेगी।
उन्होंने कहा कि ऐसी स्थिति उत्पन्न होने पर इसकी जिम्मेदारी जिला प्रशासन की होगी, ज्ञापन सौंपने के दौरान कांग्रेस संगठन महामंत्री संजय डोसी, इस्माइल खान, वेद प्रकाश मिश्रा, युवा कांग्रेस भटगांव विधानसभा अध्यक्ष विक्की समद्दार, सुनील सारथी, कंवल बिहारी सिंह टेकाम, मिक्का तथा अभय खराती सहित कांग्रेस के अन्य पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता उपस्थित रहे।


Share

Check Also

प्रतापपुर@ प्रतापपुर और जरही में डेंगू-चिकनगुनिया रोकथाम के लिए चला लार्वा नियंत्रण अभियान,टेमीफॉस का किया गया छिड़काव

Share घर-घर सर्वे कर मच्छरों के प्रजनन स्थलों की पहचान,लोगों से सप्ताह में एक दिन …

Leave a Reply