-संवाददाता-
अम्बिकापुर,28 जुलाई 2026 (घटती-घटना)। महामाया पहाड़ पर सड़ी-गली अवस्था में मिले कंकाल की गुत्थी दो दिन बाद सुलझ गई,जब उसकी पहचान शहर के मायापुर निवासी शुभम कश्यप (37) के रूप में हुई। पहचान होते ही मामला नया मोड़ ले गया है। परिजनों ने इसे आत्महत्या मानने से इनकार करते हुए हत्या कर शव को फांसी पर लटकाने की आशंका जताई है। वहीं पुलिस ने कार्यपालिक मजिस्ट्रेट की मौजूदगी में दफन शव को कब्र से निकलवाकर अंतिम संस्कार के लिए परिजनों को सौंप दिया है। 25 जुलाई को वन कर्मचारियों ने महामाया पहाड़ के सुनसान इलाके में पेड़ से फंदे पर लटकता मानव कंकाल देखा था। लगातार बारिश के कारण शव का अधिकांश हिस्सा गलकर नीचे गिर चुका था,जबकि सिर का हिस्सा फंदे से लटका हुआ था। सूचना पर कोतवाली पुलिस और फॉरेंसिक टीम ने मौके का निरीक्षण किया। घटनास्थल से चप्पल, कपड़े और कुछ दवाइयां बरामद कर पुलिस ने शिनाख्त शुरू की। पहचान नहीं होने पर आवश्यक कानूनी प्रक्रिया पूरी कर शव को वहीं दफना दिया गया था। जांच के दौरान पुलिस ने गुमशुदगी के मामलों का मिलान किया तो पता चला कि मायापुर निवासी शुभम कश्यप 11 जुलाई से लापता था। परिजनों ने 13 जुलाई को कोतवाली में उसकी गुमशुदगी दर्ज कराई थी। पुलिस ने बरामद कपड़ों और कंधे पर बने टैटू के आधार पर परिजनों से पहचान कराई, जिसके बाद शव की पहचान शुभम के रूप में हुई। पहचान की पुष्टि होने के बाद पुलिस ने कार्यपालिक मजिस्ट्रेट की मौजूदगी में वीडियोग्राफी कराते हुए कब्र से शव निकलवाया और अंतिम संस्कार के लिए परिजनों को सौंप दिया। इसके बाद परिवार ने अंतिम संस्कार कर दिया। इधर,परिजनों ने पूरे घटनाक्रम पर गंभीर सवाल उठाए हैं। उनका कहना है कि घटनास्थल से मिले वीडियो और मौके का निरीक्षण करने के बाद उन्हें आत्महत्या की संभावना नहीं लगती। उनका आरोप है कि शुभम की हत्या कर उसके गले में तार लपेटा गया और बाद में साक्ष्य छिपाने के लिए शव को पेड़ पर लटका दिया गया। उनका यह भी कहना है कि शुभम नशे का आदी जरूर था,लेकिन वह आत्महत्या के लिए इतनी सुनसान जगह पर नहीं जाता,जहां सामान्यतः किसी का आना-जाना नहीं होता। पुलिस का कहना है कि मामले की हर पहलू से जांच की जाएगी। पोस्टमार्टम रिपोर्ट और परिजनों की लिखित शिकायत मिलने के बाद आगे की वैधानिक कार्रवाई की जाएगी। फिलहाल पुलिस आत्महत्या और हत्या,दोनों संभावनाओं को ध्यान में रखकर जांच आगे बढ़ा रही है।
घटती-घटना – Ghatati-Ghatna – Online Hindi News Ambikapur घटती-घटना – Ghatati-Ghatna – Online Hindi News Ambikapur