Breaking News

अम्बिकापुर@फर्जी ACB अधिकारी बन आबकारी अधिकारी से शराब और नकदी मांगने वाले तीन आरोपी गिरफ्तार

Share

अम्बिकापुर। एंटी करप्शन ब्यूरो (ACB) का अधिकारी बनकर जिला आबकारी अधिकारी से शराब और नगदी की मांग करने वाले तीन आरोपियों को गांधीनगर पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ धोखाधड़ी एवं अन्य प्रासंगिक धाराओं में मामला दर्ज कर आगे की जांच शुरू कर दी है।
पुलिस के अनुसार, जिला आबकारी अधिकारी लक्ष्मीकांत गायकवाड़ ने 27 जुलाई को थाना गांधीनगर में शिकायत दर्ज कराई कि उनके मोबाइल पर एक अज्ञात व्यक्ति ने स्वयं को एसीबी का अधिकारी बताते हुए फोन किया। कॉल करने वाले ने कहा कि बाहर से अधिकारी निरीक्षण पर आ रहे हैं और उनके लिए रेस्ट हाउस में भोजन की व्यवस्था की जा रही है। इसके लिए तत्काल छह बोतल शराब और नगद राशि उपलब्ध कराने की मांग की गई। आबकारी अधिकारी को बातचीत संदिग्ध लगी, इसलिए उन्होंने न तो शराब उपलब्ध कराई और न ही कोई रकम दी। इसके बाद उन्होंने तत्काल गांधीनगर थाने में शिकायत दर्ज कराई।
मामले की गंभीरता को देखते हुए गांधीनगर पुलिस ने तकनीकी साक्ष्यों और मुखबिर की सूचना के आधार पर सौरभ प्रजापति (24) को हिरासत में लेकर पूछताछ की। पूछताछ में उसने अपना अपराध स्वीकार करते हुए बताया कि उसने अपने साथियों राजेशपुरी गोस्वामी (43) और रंजीत गुप्ता (40) के साथ मिलकर यह योजना बनाई थी कि शराब दुकान से बिना पैसे दिए शराब हासिल की जाए। इसी योजना के तहत उसने आबकारी अधिकारी को फोन कर स्वयं को एसीबी अधिकारी बताते हुए छह बोतल शराब और नगदी की मांग की थी। पुलिस ने मामले में शामिल तीनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। उनसे पूछताछ के आधार पर आगे की विवेचना जारी है और अतिरिक्त साक्ष्य जुटाए जा रहे हैं। इस कार्रवाई में थाना प्रभारी गांधीनगर निरीक्षक प्रवीण कुमार द्विवेदी, सहायक उप निरीक्षक अभिषेक दुबे, आरक्षक विकास सिंह, अमृत सिंह और घनश्याम देवांगन की महत्वपूर्ण भूमिका रही।


Share

Check Also

रायपुर@पत्रकारों की सुरक्षा और सम्मान सर्वोपरि,अन्याय पर होगा प्रदेशव्यापी विरोध:प्रेस एंड मीडिया वेलफेयर एसोसिएशन

Share रायपुर में प्रदेश स्तरीय बैठक सम्पन्न, संगठन विस्तार और पत्रकार एकजुटता पर बनी रणनीति …

Leave a Reply