Breaking News

अम्बिकापुर@बस किराया बढ़ाने की मांग,नहीं तो 14 अगस्त के बाद प्रदेशभर में थम जाएंगे पहिए

Share

-संवाददाता-
अम्बिकापुर,27 जुलाई 2026 (घटती-घटना)। बढ़ती परिचालन लागत और डीजल की कीमतों में लगातार हो रही वृद्धि को लेकर छत्तीसगढ़ यातायात महासंघ ने यात्री बस किराए में संशोधन की मांग तेज कर दी है। महासंघ ने सोमवार को जिला प्रशासन के माध्यम से राज्य शासन को ज्ञापन सौंपते हुए चेतावनी दी कि यदि 31 जुलाई तक किराया संशोधित नहीं किया गया तो 3 अगस्त को प्रदेश के सभी जिला मुख्यालयों में एक दिवसीय धरना-प्रदर्शन किया जाएगा। इसके बाद भी मांगें पूरी नहीं होने पर 14 अगस्त के बाद पूरे प्रदेश में बसों का संचालन अनिश्चितकाल के लिए बंद किया जा सकता है। महासंघ के पदाधिकारियों ने कहा कि वर्ष 2021 के बाद से बस संचालन की लागत लगातार बढ़ी है। डीजल,स्पेयर पार्ट्स,टायर,बीमा, फिटनेस, टैक्स और चालक-परिचालकों के वेतन सहित अन्य खर्चों में भारी वृद्धि हुई है। इसके बावजूद मार्च 2025 में यात्री किराए में करीब 25 प्रतिशत की कमी कर दी गई, जिससे परिवहन व्यवसाय आर्थिक संकट से गुजर रहा है। बस संचालक अंशुल श्रीवास्तव ने कहा कि वर्तमान परिस्थितियों में पुराने किराए पर बसों का संचालन करना मुश्किल हो गया है। उन्होंने मांग की कि वर्ष 2021 की किराया व्यवस्था के आधार पर सामान्य यात्री बसों के किराए में 75 प्रतिशत तथा डीलक्स बसों के किराए में 30 प्रतिशत की वृद्धि कर नई अधिसूचना जारी की जाए। साथ ही डीजल की कीमतों में होने वाले उतार-चढ़ाव के अनुसार यात्री किराए के स्वतः समायोजन की स्थायी व्यवस्था भी लागू की जाए। महासंघ का कहना है कि यदि समय रहते निर्णय नहीं लिया गया तो इसका असर प्रदेशभर की सार्वजनिक परिवहन व्यवस्था पर पड़ेगा। संगठन ने शासन से यात्रियों और बस संचालकों दोनों के हितों को ध्यान में रखते हुए शीघ्र सकारात्मक निर्णय लेने की अपील की है। ज्ञापन सौंपने के दौरान बस संचालक राधाकृष्ण गुप्ता, मोहम्मद अख्तर, पप्पू छाबड़ा, मुकेश गुप्ता, जितेंद्र सिंह, दिनेश गुप्ता, निक्की खान, सतीश गुप्ता, दीपक गुप्ता, इमरान खान, मनीष गुप्ता, विवेक गुप्ता और अभय गुप्ता सहित अन्य बस संचालक मौजूद रहे।


Share

Check Also

अम्बिकापुर@फर्जी ACB अधिकारी बन आबकारी अधिकारी से शराब और नकदी मांगने वाले तीन आरोपी गिरफ्तार

Share अम्बिकापुर। एंटी करप्शन ब्यूरो (ACB) का अधिकारी बनकर जिला आबकारी अधिकारी से शराब और …

Leave a Reply