Breaking News

अम्बिकापुर@टैटू और कपड़ों से हुई पहचान,पुलिस ने फिरौती के मैसेज को बताया साइबर ठगी का प्रयास

Share


लापता युवक की मिली लाश,पहले आया था 1 लाख की फिरौती का मैसेज
-संवाददाता-
अम्बिकापुर,27 जुलाई 2026 (घटती-घटना)। 11 जुलाई से लापता मायापुर निवासी 37 वर्षीय शुभम कश्यप का शव दो दिन पहले महामाया पहाड़ पर फंदे से लटका मिला था। अब शव की पहचान होने के साथ ही एक नया पहलू भी सामने आया है। परिजनों का कहना है कि युवक के लापता रहने के दौरान उनके मोबाइल पर एक संदेश आया था, जिसमें शुभम को एक युवती के पास होने का दावा करते हुए उसे वापस लाने के लिए एक लाख रुपए की मांग की गई थी। हालांकि पुलिस ने इसे प्रथम दृष्टया साइबर ठगी का प्रयास बताया है। शनिवार दोपहर वन विभाग के कर्मचारियों ने महामाया पहाड़ पर सड़ी-गली अवस्था में फंदे से लटका शव देखा और इसकी सूचना कोतवाली पुलिस को दी। मौके पर पहुंची पुलिस और फॉरेंसिक टीम ने जांच शुरू की। लगातार बारिश और लंबे समय तक शव पड़े रहने के कारण उसका निचला हिस्सा गल चुका था। घटनास्थल से चप्पल, कपड़े और कुछ दवाइयां भी बरामद हुईं। मायापुर निवासी शुभम कश्यप 11 जुलाई से लापता था।
परिजनों ने 13 जुलाई को कोतवाली थाने में उसकी गुमशुदगी दर्ज कराई थी। शव मिलने की सूचना के बाद परिजन मौके पर पहुंचे और कपड़ों तथा कंधे पर बने टैटू के आधार पर उसकी पहचान की।
शुभम को थी नशे की लत
परिजनों के अनुसार शुभम नशे का आदी था। 10 जुलाई को नशे की आदत छुड़ाने और उसे समझाने के उद्देश्य से वे उसे कोतवाली भी लेकर गए थे, ताकि पुलिस की सख्ती का असर उस पर पड़े। अगले दिन वह घर से निकलने के बाद वापस नहीं लौटा।
1 लाख रुपए का आया था मैसेज
शुभम की मां ने बताया कि तीन दिन पहले उनके मोबाइल पर एक संदेश आया था, जिसमें लिखा था कि शुभम एक युवती के पास है और उसे वापस लाना है तो एक लाख रुपए की व्यवस्था करनी होगी। इसकी सूचना भी पुलिस को दी गई थी। कोतवाली थाना प्रभारी निरीक्षक शशिकांत सिन्हा ने बताया कि गुमशुदगी के मामलों में इस तरह के फर्जी कॉल और संदेश पहले भी सामने आ चुके हैं। साइबर सेल से संदेश की जांच कराई गई, जिसमें यह ठगी का प्रयास प्रतीत हुआ। पुलिस का कहना है कि मौत के वास्तविक कारणों का पता लगाने के लिए सभी पहलुओं की जांच जारी है।
तलाश में अपेक्षित तेजी नहीं
वहीं परिजनों ने आरोप लगाया है कि गुमशुदगी दर्ज होने के बाद भी युवक की तलाश में अपेक्षित तेजी नहीं दिखाई गई। उनका कहना है कि यदि शुरुआती दिनों में व्यापक खोजबीन होती तो मामले की सच्चाई पहले सामने आ सकती थी। पुलिस का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट और अन्य साक्ष्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।


Share

Check Also

बैकुण्ठपुर@ हर घर तिरंगा अभियान और संत गुरु रविदास जयंती की तैयारियों को लेकर भाजपा की जिला स्तरीय बैठक संपन्न

Share 11 से 15 अगस्त तक चलेगा हर घर तिरंगा अभियान…मंडलों और गांवों में निकलेगी …

Leave a Reply