Breaking News

अम्बिकापुर@बिजली कटौती नहीं,निगम की लापरवाही से प्यासा शहर?

Share


फिल्टर प्लांटों की बदहाली पर कांग्रेस का बड़ा हमला,कलेक्टर से कहा…जिम्मेदार अफसरों पर हो कार्रवाई,नहीं तो होगा आंदोलन

-संवाददाता-
अम्बिकापुर,27 जुलाई 2026 (घटती-घटना)। कभी स्वच्छता और बेहतर शहरी प्रबंधन के लिए देशभर में पहचान बनाने वाला अंबिकापुर आज पेयजल संकट,बदहाल सफाई व्यवस्था, बंद स्ट्रीट लाइटों और जर्जर सड़कों की समस्याओं से जूझ रहा है। इन मुद्दों को लेकर सोमवार को कांग्रेस ने जिला कलेक्टर को ज्ञापन सौंपते हुए नगर निगम प्रशासन पर गंभीर लापरवाही का आरोप लगाया। कांग्रेस का दावा है कि शहर में जल संकट का कारण केवल बिजली कटौती नहीं, बल्कि नगर निगम की खराब कार्यप्रणाली और फिल्टर प्लांटों की अनदेखी है।
जिला कांग्रेस अध्यक्ष बालकृष्ण पाठक और नगर निगम नेता प्रतिपक्ष शफी अहमद के नेतृत्व में कांग्रेस पार्षदों ने ज्ञापन सौंपने से पहले शहर को पानी उपलब्ध कराने वाले तकिया और कतकालो फिल्टर प्लांट का निरीक्षण किया। निरीक्षण के बाद कांग्रेस ने दावा किया कि दोनों प्लांट अपनी निर्धारित क्षमता से काफी कम पानी का शोधन कर रहे हैं। मड पंप लंबे समय से खराब पड़े हैं, छह क्लैरिफ्लोकुलेटरों में से तीन बंद हैं, फिल्टर बेड की नियमित सफाई नहीं हो रही, फिटकरी की कमी है और तकनीकी कर्मचारियों का भी अभाव है।
नेता प्रतिपक्ष शफी अहमद ने कहा कि अब तक नगर निगम प्रशासन पेयजल संकट के लिए बिजली कटौती को जिम्मेदार बताता रहा, लेकिन निरीक्षण में वास्तविक स्थिति कुछ और ही सामने आई। उनके अनुसार समस्या की जड़ खराब रखरखाव, संसाधनों की कमी और प्रशासनिक उदासीनता है। यदि समय रहते आवश्यक मरम्मत और रखरखाव किया गया होता तो शहरवासियों को पानी के लिए परेशान नहीं होना पड़ता। कांग्रेस ने शहर की सफाई व्यवस्था को लेकर भी सवाल उठाए। ज्ञापन में कहा गया कि जिस अंबिकापुर की स्वच्छता व्यवस्था कभी राष्ट्रीय स्तर पर मिसाल मानी जाती थी, वहीं पिछले डेढ़ वर्षों में हालात लगातार बिगड़ते गए हैं। कई वार्डों में नियमित सफाई नहीं हो रही, जिससे आम नागरिकों को गंभीर परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।
इसके साथ ही कांग्रेस ने आरोप लगाया कि शहर की अधिकांश स्ट्रीट लाइटें बंद पड़ी हैं, अनेक सड़कें बड़े-बड़े गड्ढों में तब्दील हो चुकी हैं और जिन सड़कों के निर्माण के टेंडर छह माह पहले हो चुके हैं, उनका काम अब तक शुरू नहीं हुआ। सवाल यह भी उठाया गया कि आखिर विकास कार्यों में यह देरी किसकी जिम्मेदारी है और इसके लिए जवाबदेही कब तय होगी? कांग्रेस प्रतिनिधिमंडल ने कलेक्टर से फिल्टर प्लांटों की तकनीकी जांच,बंद उपकरणों की तत्काल मरम्मत, पर्याप्त तकनीकी स्टाफ की नियुक्ति, नियमित एवं स्वच्छ पेयजल आपूर्ति, सफाई व्यवस्था में सुधार,बंद स्ट्रीट लाइटों को चालू कराने,जर्जर सड़कों की मरम्मत तथा संबंधित अधिकारियों पर कार्रवाई की मांग की। चेतावनी दी गई कि यदि जल्द प्रभावी कदम नहीं उठाए गए तो कांग्रेस जनहित में व्यापक आंदोलन शुरू करेगी। प्रतिनिधिमंडल में ब्लॉक कांग्रेस अध्यक्ष इंद्रजीत सिंह धंजल,पार्षद हसन खान,पापिंदर सिंह, मोहम्मद बाबर,मोहम्मद अख्तर चम्मा,शुभम जायसवाल,जेनेविवा कुजूर,लूकस एक्का,मंडल अध्यक्ष अमित सिन्हा तथा बालकेश्वर तिर्की सहित अन्य कांग्रेसजन उपस्थित रहे।


Share

Check Also

रायपुर/एमसीबी@ स्वास्थ्य मंत्री श्याम बिहारी जायसवाल और पूर्व विधायक गुलाब कमरो ने आईएलएस अस्पताल पहुंचकर एमसीबी जिला प्रेस क्लब अध्यक्ष के पिता का जाना हालचाल

Share चिकित्सकों से ली स्वास्थ्य की जानकारी,बेहतर उपचार सुनिश्चित करने के दिए निर्देश,शीघ्र स्वास्थ्य लाभ …

Leave a Reply