Breaking News

शंकरगढ़@टांगी से हमला,जहर देने की साजिश और चुनावी रंजिश का आरोपःसरपंच ने एसपी से मांगी सुरक्षा

Share


दो पन्नों की शिकायत में कई गंभीर आरोप; निष्पक्ष जांच और कड़ी कार्रवाई की मांग

शंकरगढ़/ बलरामपुर,09 जुलाई 2026 (घटती-घटना)। बलरामपुर जिले के शंकरगढ़ विकासखंड की ग्राम पंचायत लडुवा के सरपंच फुलसाय टोप्पो ने पुलिस अधीक्षक को दो पृष्ठों का विस्तृत शिकायत पत्र सौंपकर अपनी और परिवार की जान-माल की सुरक्षा की गुहार लगाई है। शिकायत में उन्होंने गांव के राजू कुजूर समेत अन्य लोगों पर टांगी से जानलेवा हमला, चुनावी रंजिश के चलते लगातार प्रताडि़त करने, मारपीट, धमकी और यहां तक कि जहर देकर हत्या की साजिश रचने जैसे गंभीर आरोप लगाए हैं। सरपंच ने पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कर दोषियों के विरुद्ध कठोर कानूनी कार्रवाई की मांग की है।
शिकायत के अनुसार हाल ही में वह खर्रा डांड की ओर से मोटरसाइकिल से लौट रहे थे। इसी दौरान राजू कुजूर टांगी लेकर रास्ते में खड़ा हो गया और बाइक रोकने का इशारा किया। सरपंच का आरोप है कि नहीं रुकने पर आरोपी ने चलती मोटरसाइकिल पर टांगी से हमला कर दिया। बचाव के दौरान उनके दोनों हाथ, घुटने, पैर की एड़ी और गर्दन में चोटें आईं। उन्होंने आरोप लगाया कि हमला करने के बाद आरोपी ने उनका गला दबाकर जंगल की ओर घसीटने की भी कोशिश की, लेकिन ग्रामीण सुकदेव, पवन साय और सुंदर साय के हस्तक्षेप से उनकी जान बच सकी।
’टीआई, पुलिस, विधायक और सांसद को खरीद लिया’, ऐसा कहकर दी धमकी
शिकायत में सरपंच ने आरोप लगाया है कि घटना के दौरान आरोपी गाली-गलौज करते हुए कह रहा था कि उसने टीआई, थाना पुलिस, विधायक और सांसद तक को खरीद रखा है, इसलिए उसका कोई कुछ नहीं बिगाड़ सकता। साथ ही उसने जान से मारने की धमकी भी दी।
चुनाव जीतने के बाद बढ़ी रंजिश, घर घेरने और जहर देने की साजिश का आरोप
सरपंच ने शिकायत में कहा है कि पंचायत चुनाव के समय से ही उन्हें लगातार निशाना बनाया जा रहा है। उनका आरोप है कि चुनाव प्रचार के दौरान विरोधी पक्ष ने उनके परिवार को घर से बाहर नहीं निकलने दिया और 27 फरवरी 2025 की रात घर को चारों ओर से घेर लिया था। इसके बावजूद चुनाव जीतने के बाद विरोध और बढ़ गया। उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि चुनाव परिणाम आने के तीसरे दिन घर में बने भोजन, दाल, सब्जी और पीने के पानी में जहर मिलाने की साजिश रची गई थी। हालांकि सूचना मिलने के बाद उन्होंने भोजन का उपयोग नहीं किया।
ग्रामसभा और राशन वितरण के दौरान भी मारपीट का आरोप
शिकायत में कहा गया है कि पीडीएस दुकान में केवाईसी के दौरान उनके साथ मारपीट की गई। वहीं 31 मार्च 2026 को पंचायत भवन में आयोजित ग्रामसभा के दौरान भी सार्वजनिक रूप से मारपीट की गई। सरपंच का कहना है कि इन घटनाओं की शिकायत और एफआईआर दर्ज कराने के बावजूद अब तक प्रभावी कार्रवाई नहीं हुई।
एसपी से सुरक्षा और निष्पक्ष जांच की मांग
सरपंच फुलसाय टोप्पो ने आरोप लगाया है कि आरोपी कई बार उनके घर में घुस चुका है तथा कुछ लोग शराब पिलाकर उसे उनके खिलाफ भड़का रहे हैं। उन्होंने पुलिस अधीक्षक से पूरे मामले की निष्पक्ष जांच, आरोपियों के खिलाफ कठोर कार्रवाई, जान-माल की सुरक्षा तथा भविष्य में किसी भी अप्रिय घटना को रोकने के लिए प्रभावी कदम उठाने की मांग की है।


Share

Check Also

अम्बिकापुर@ स्वस्तिक ढाबा में जुए पर पुलिस का छापा

Share ..8 जुआरी गिरफ्तार,8 लाख से अधिक का मशरुका जब्त-संवाददाता-अम्बिकापुर,09 जुलाई 2026 (घटती-घटना)। सरगुजा पुलिस …

Leave a Reply