केंवरी गांव में हादसे को खुला न्योता,ग्रामीणों में दहशत,सूचना के बाद भी नहीं पहुंचा विद्युत विभाग
-संवाददाता-
लखनपुर,05 जुलाई 2026 (घटती-घटना)। सरगुजा जिले के लखनपुर विकासखंड अंतर्गत ग्राम पंचायत केंवरी में विद्युत विभाग की गंभीर लापरवाही सामने आई है। गांव में चार दिन पहले गिरे दो बिजली के खंभे अब भी सड़क किनारे पड़े हुए हैं,लेकिन उनसे जुड़े तारों में बिजली का प्रवाह जारी है। खुले में पड़े विद्युत तारों और झुके खंभों के बीच लगातार हो रही बिजली आपूर्ति से ग्रामीणों में किसी भी समय बड़े हादसे की आशंका बनी हुई है। ग्रामीणों के अनुसार,गांव में हाल ही में सीसी सड़क का निर्माण कराया गया था। इसके बाद लगातार हुई बारिश से सड़क किनारे की मिट्टी धंस गई,जिससे दोनों बिजली के खंभे गिरकर सड़क और घरों के पास आ गए। खंभे गिरने के बावजूद विभाग ने न तो बिजली आपूर्ति बंद की और न ही खंभों को हटाकर सुरक्षित व्यवस्था की। गांव के लोगों का कहना है कि इसी रास्ते से रोजाना बच्चे स्कूल जाते हैं, महिलाएं और बुजुर्ग आवाजाही करते हैं। ऐसे में बिजली प्रवाहित तारों के बीच आवागमन करना जान जोखिम में डालने जैसा है। बारिश के मौसम में खतरा और बढ़ गया है, क्योंकि हल्की सी चूक भी जानलेवा साबित हो सकती है। ग्रामीणों का आरोप है कि घटना की सूचना कई बार विद्युत विभाग को दी गई, लेकिन चार दिन बीतने के बाद भी कोई कर्मचारी मौके पर नहीं पहुंचा। इससे लोगों में विभाग की कार्यप्रणाली को लेकर नाराजगी बढ़ रही है। इस संबंध में ग्राम पंचायत के सरपंच मनेजर राम ने बताया कि मामले की जानकारी विभागीय अधिकारियों को दे दी गई है। उनके अनुसार विद्युत विभाग के कर्मचारियों के हड़ताल पर होने के कारण मरम्मत कार्य में देरी हो रही है। हालांकि ग्रामीण इस तर्क को स्वीकार नहीं कर रहे हैं। उनका कहना है कि कर्मचारियों की हड़ताल अपनी जगह है, लेकिन लोगों की जान की सुरक्षा सुनिश्चित करना विभाग की प्राथमिक जिम्मेदारी है। ग्रामीणों ने जिला प्रशासन और विद्युत विभाग से तत्काल गिरे हुए खंभों को हटाकर नए खंभे लगाने, क्षतिग्रस्त लाइन की मरम्मत करने और सुरक्षित विद्युत आपूर्ति बहाल करने की मांग की है। उनका कहना है कि यदि समय रहते आवश्यक कार्रवाई नहीं की गई और कोई हादसा हुआ, तो इसकी पूरी जिम्मेदारी संबंधित विभाग की होगी।
घटती-घटना – Ghatati-Ghatna – Online Hindi News Ambikapur घटती-घटना – Ghatati-Ghatna – Online Hindi News Ambikapur