16 जुलाई को निकलेगी भगवान जगन्नाथ की रथ यात्रा,धार्मिक अनुष्ठानों की रूपरेखा तय
-संवाददाता-
अम्बिकापुर,29 जून 2026 (घटती-घटना)। भगवान श्री जगन्नाथ महाप्रभु की आगामी रथ यात्रा के सफल आयोजन को लेकर जगन्नाथ मंदिर सेवा समिति एवं उत्कल समाज की संयुक्त बैठक आयोजित की गई। बैठक में रथ यात्रा से जुड़े धार्मिक अनुष्ठानों,सेवा कार्यों,सुरक्षा, स्वच्छता,यातायात व्यवस्था तथा श्रद्धालुओं की सुविधाओं को लेकर विस्तृत चर्चा की गई। विभिन्न समितियों की जिम्मेदारियां तय करते हुए आयोजन को सुव्यवस्थित एवं भव्य बनाने का निर्णय लिया गया। बैठक में सर्वसम्मति से तय किया गया कि इस वर्ष की रथ यात्रा पारंपरिक वैदिक रीति-रिवाजों के अनुरूप आयोजित की जाएगी। समिति ने नगरवासियों एवं श्रद्धालुओं से अधिक से अधिक संख्या में शामिल होकर आयोजन को सफल बनाने की अपील की। समिति के अनुसार 29 जून को भगवान जगन्नाथ, बलभद्र एवं माता सुभद्रा का 108 पवित्र कलशों से महाभिषेक एवं स्नान यात्रा होगी। इसके बाद भगवान गजानन वेष में भक्तों को दर्शन देंगे।
30 जून से 14 जुलाई तक अनसर काल के दौरान मंदिर के पट बंद रहेंगे। 14 जुलाई को नेत्रोत्सव एवं नवयौवन दर्शन आयोजित होगा, जबकि 15 जुलाई को उमा यात्रा एवं रथ आज्ञामाला बीजे की परंपरागत रस्में संपन्न होंगी। मुख्य आयोजन 16 जुलाई को होगा। इस दिन भगवान जगन्नाथ, बलभद्र और माता सुभद्रा सुसज्जित रथों में विराजमान होकर नगर भ्रमण करते हुए श्री गुंडीचा मंदिर के लिए प्रस्थान करेंगे। रथ यात्रा में बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं के शामिल होने की संभावना है। बैठक में प्रमुख रूप से मनोज कंसारी, अशोक सामल, लव कुशवाहा, राजू कंसारी, उमेश मिश्रा, विनोद कंसारी, संतोष कंसारी, कृष्ण कंसारी, ननकू, जगदीश गुप्ता, राहुल सिंह, जेना जी, गोलू यादव, विनोद मिश्रा, राजा पंडा, सौरभ, आलोक, अभिमन्यु, गिरधारी, भृगु कंसारी उपस्थित रहे।
घटती-घटना – Ghatati-Ghatna – Online Hindi News Ambikapur घटती-घटना – Ghatati-Ghatna – Online Hindi News Ambikapur