बेंगलुरु,23 जून 2026। बेंगलुरु के केआर पुरम इलाके में एक भयावह घटना ने पूरे शहर को झकझोर कर रख दिया है। यहाँ साई ग्रीन अपार्टमेंट स्थित एक फ्लैट में एक ही परिवार के तीन सदस्यों की चाकू घोंपकर बेरहमी से हत्या कर दी गई। मृतकों की पहचान 52 वर्षीय सोमसुंदर,उनकी 48 वर्षीय पत्नी मुथुलक्ष्मी और 19 वर्षीय बेटी सुप्रिया के रूप में हुई है। पुलिस की प्राथमिक जांच के अनुसार,यह तिहरा हत्याकांड पारिवारिक विवाद का परिणाम है। सोमसुंदर अपनी पत्नी और छोटी बेटी के साथ सोमवार शाम उस फ्लैट पर पहुँचे थे,जहाँ उनकी बड़ी बेटी श्वेता अपने बॉयफ्रेंड केनेथ के साथ रहती थी। श्वेता पिछले दो महीनों से अपने परिवार की मर्जी के खिलाफ अपने प्रेमी के साथ अलग रह रही थी,जिसे लेकर दोनों पक्षों में काफी तनाव चल रहा था। पुलिस का मानना है कि फ्लैट पर हुई बातचीत के दौरान विवाद इतना बढ़ गया कि श्वेता और उसके प्रेमी केनेथ ने मिलकर तीनों पर चाकू से ताबड़तोड़ हमला कर दिया। घटनास्थल से तीनों के खून से लथपथ शव बरामद किए गए हैं। पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है और फरार आरोपियों की धरपकड़ के लिए विशेष टीमों का गठन किया है। बेंगलुरु में हुई दूसरी दुखद घटना कस्तूरीनगर मेन रोड की है,जहाँ एक पीजी (पेइंग गेस्ट) मालिक की पीट-पीटकर हत्या कर दी गई। मृतक की पहचान 37 वर्षीय माधव माटले के रूप में हुई है। पुलिस के अनुसार, यह घटना सोमवार शाम करीब 6ः30 बजे तब हुई जब दो युवक,राकेश और डॉन ब्राइट सन,पीजी कैंपस के बाहर लगे नल के पानी से अपने पैर धो रहे थे। पीजी मालिक माधव ने जब इसका विरोध किया,तो दोनों पक्षों के बीच तीखी बहस शुरू हो गई। देखते ही देखते विवाद ने हिंसक रूप ले लिया। बताया जा रहा है कि माधव माटले ने स्थिति को संभालने के लिए हाथ में बैट लिया था, लेकिन आरोपियों ने उनसे बैट छीनकर उसी से उनके सिर पर जानलेवा हमला कर दिया।
घटती-घटना – Ghatati-Ghatna – Online Hindi News Ambikapur घटती-घटना – Ghatati-Ghatna – Online Hindi News Ambikapur