लखनऊ की कोचिंग में आग,
15 मौतें:इनमें ज्यादातर स्टूडेंट्स,
बचने के लिए बाथरूम में छिपे,
दम घुटा;एसी शॉर्ट सर्किट से आग लगने की आशंका
लखनऊ,22 जून 2026। यूपी की राजधानी लखनऊ में सोमवार दोपहर 2ः15 बजे एक इमारत में आग लग गई। हादसे में अब तक 15 लोगों की मौत हो चुकी है। इनमें 3 महिलाएं और 12 पुरुष हैं। ज्यादातर स्टूडेंट्स हैं। जिस बिल्डिंग में आग लगी,वह अलीगंज इलाके में है। बेसमेंट, ग्राउंड और पहले फ्लोर पर पेट शॉप और क्लीनिक है। दूसरे फ्लोर पर लर्निंग स्पेस नाम की लाइब्रेरी (कोचिंग) और हेड हॉपर स्टूडियो है,जिसमें 3डी आर्ट प्रोडक्शन और गेम एसेट आउटसोर्सिंग का काम होता है। जानकारी के मुताबिक,आग फैलने के बाद दूसरे फ्लोर पर चल रही कोचिंग में छात्रों ने खुद को बाथरूम में बंद कर लिया था। जान बचाने के लिए जयंत नाम का एक बच्चा पहले फ्लोर से कूद गया,वहीं 5 लोग तारों के सहारे लटककर नीचे उतरे।
पीएम मोदी ने जताई संवेदना, मुआवजे की घोषणा की…
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने अग्निकांड में मृतकों व घायलों के प्रति संवेदनाएं व्यक्त की हैं। उन्होंने मृतकों के परिजनों को दो लाख रुपये व घायलों को 50 हजार रुपये देने की घोषणा की है। उन्होंने एक्स पर बयान जारी कर कहा कि उत्तर प्रदेश के लखनऊ में आग लगने की घटना में हुई मौतों से बहुत दुख हुआ है। पीडि़त परिवारों के प्रति मेरी संवेदनाएं। घायल लोग जल्द से जल्द ठीक हों। बचाव कार्य चल रहा है और अधिकारी हर संभव मदद पहुंचा रहे हैं। प्रधानमंत्री राहत कोष से मृतकों के परिजनों को 2-2 लाख रुपये की अनुग्रह राशि दी जाएगी। घायलों को 50,000 रुपये दिए जाएंगे।
सीएम योगी ने पीडि़त परिवारों से मुलाकात की…
लखनऊ कोचिंग सेंटर अग्निकांड के बाद मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ मेडिकल कॉलेज पहुंचे,जहां उन्होंने हादसे में जान गंवाने वाले लोगों के परिजनों से मुलाकात की। मुख्यमंत्री ने शोकाकुल परिवारों को सांत्वना दी और उन्हें हर संभव सहायता का आश्वासन दिया। उन्होंने घटना की उच्च स्तरीय जांच कराने और दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई के निर्देश भी दिए।
परिजनों से सीएम योगी बोले…किसी भी जिम्मेदार अधिकारी को बख्शा नहीं जाएगा
लखनऊ कोचिंग सेंटर अग्निकांड मामले में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने मृतकों के परिजनों से मुलाकात की और उन्हें आश्वासन दिया कि इस घटना में जिम्मेदार किसी भी अधिकारी को बख्शा नहीं जाएगा। उन्होंने कहा कि जो भी अधिकारी इस मामले में जिम्मेदार पाए जाएंगे,उनके खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।
रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह बोले- मैं लखनऊ आ रहा हूं
लखनऊ के सांसद और रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने कहा- लखनऊ में आग लगने की एक दुखद घटना के बारे में जानकारी मिली है, जिसमें कई लोगों की जान चली गई है। यह वाकई बहुत दुखद घटना है। इस मुश्किल समय में मेरी संवेदनाएं पीडि़त परिवारों के साथ हैं और मैं घायलों के जल्द ठीक होने की प्रार्थना करता हूं। मैंने कुछ प्रशासनिक अधिकारियों से बात की है और हालात का जायजा लेने के लिए मैं तुरंत लखनऊ जा रहा हूं।
एसी शॉर्ट सर्किट से आग लगने की आशंका…
अभी आग लगने की वजह सामने नहीं आई है, लेकिन बेसमेंट में लगे एसी में शॉर्ट सर्किट से आग लगने की आशंका है। फायर ब्रिगेड की करीब 10 गाडि़यों ने आग पर काबू पा लिया है। एसडीआरएफ और एनडीआरएफ भी पहुंची थीं। फायरकर्मियों ने बिल्डिंग की पीछे की दीवार को तोड़ा, जिससे शव निकाले हैं। इमारत में इमरजेंसी एग्जिट नहीं था।
एंबुलेंस कम पड़ीं,डिप्टी सीएम पाठक रो पड़े…
घटनास्थल पर मृतकों और घायलों के लिए एम्बुलेंस कम पड़ गई थीं। मौके पर मौजूद डिप्टी सीएम ब्रजेश पाठक इस मंजर को देखकर रो पड़े। उन्होंने कहा- मैंने अपनी आंखों के सामने लाशें निकलती देखी हैं।
आग लगने पर ऑटोमैटिक लॉक नहीं खुला
हादसे में सुखमणि (23) की मौत हो हुई है। उनके दोस्त यश ने बताया- सुखमणि 3डी एनीमेशन के ऑफिस में चार साल से नौकरी कर रहे थे। ऑफिस में करीब 40 लोग काम करते हैं। ऑफिस का मुख्य गेट थंब इंप्रेशन से खुलता था। आग फैलने के बाद गेट ऑटोमैटिक लॉक था। उसे खोलने में देरी हुई। जिसकी वजह से हादसा और ज्यादा गंभीर हो गया।
वीरेंद्र शुक्ला की इमारत,नक्शा धीरेंद्र और सुरेंद्र शुक्ला के नाम से पास
बताया जा रहा है इमारत वीरेंद्र शुक्ला की जमीन पर है। वे सीतापुर रोड पर गोविंदपुरम में स्थित रामेश्वरम इंस्टीट्यूट ऑफ टेक्नोलॉजी एंड मैनेजमेंट कॉलेज के मालिक हैं। इमारत का नक्शा धीरेंद्र शुक्ला और सुरेंद्र शुक्ला के नाम से पास हुआ था। मामले में प्रशासन की ओर से जांच की जा रही है। शुरुआती जांच के मुताबिक, इमारत में इमरजेंसी एग्जिट नहीं था। इसलिए लोगों को बाहर निकलने का मौका तक नहीं मिला।
घटती-घटना – Ghatati-Ghatna – Online Hindi News Ambikapur घटती-घटना – Ghatati-Ghatna – Online Hindi News Ambikapur