Breaking News

मुंबई@ उद्धव ठाकरे की शिवसेना से 6 बागी सांसद एकनाथ शिंदे की पार्टी में शामिल हुए…

Share


मुंबई,22 जून 2026। महाराष्ट्र की राजनीति में पिछले कई दिनों से जारी कयासबाजी का दौर सोमवार को थम गया। यहां कथित ऑपरेशन टाइगर के बीच उद्धव ठाकरे की शिवसेना से 6 बागी लोकसभा सांसद उपमुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे की शिवसेना में शामिल हो गए हैं। पिछले कई दिनों से सांसदों के शिंदे गुट में शामिल होने की संभावना जताई जा रही थी। सभी 6 सांसदों ने एक प्रेस कॉन्फ्रेंस में शिंदे की मौजूदगी में पार्टी का हाथ थामा। महाराष्ट्र के डिप्टी सीएम और शिवसेना प्रमुख एकनाथ शिंदे ने कहा,‘आज हमारे साथ 6 सांसद शामिल हुए हैं। संजय हरिभाऊ जाधव, भाऊसाहेब राजाराम वाकचौरे, ओमप्रकाश भूपालसिंह निंबालकर, संजय दीना पाटिल, संजय उत्तमराव देशमुख और नागेश बापुराव पाटिल अष्टिकर। तो हमारे साथ यहां 3 संजय हैं। हमारे यहां एक और संजय राठौड़ (विधायक) भी हैं। जब हमारे यहां संजय हैं, तो किसी और संजय के बारे में बात करने की जरूरत नहीं है, और आप जानते हैं कि मैं किसकी बात कर रहा हूं। ‘ एकनाथ शिंदे ने ये भी कहा कि अब एक नहीं छह टाइगर यहां मौजूद हैं। शिंदे ने कहा कि हम कोई ऑपरेशन आधा अधूरा नहीं करते। ऑपरेशन पूरा हो चुका है। सभी प्रक्रिया का पालन कर छह सांसद हमारे साथ जुड़ गए हैं। महाराष्ट्र के उपमुख्यमंत्री और शिवसेना प्रमुख एकनाथ शिंदे ने आयोजित प्रेस कॉन्फ्रेंस में दावा किया कि उनकी पार्टी लगातार मजबूत हो रही है और अब ‘ऑपरेशन टाइगर’ पूरी तरह सफल हो चुका है। शिंदे ने कहा कि पार्टी के वर्धापन दिवस पर उन्होंने नए नेताओं के शामिल होने के संकेत दिए थे और अब छह सांसद उनकी शिवसेना के साथ आ चुके हैं। उन्होंने कहा कि उनके परिवार में ‘कट्टर शिवसैनिकों’ का स्वागत किया गया है। उन्होंने 2022 में हुए राजनीतिक घटनाक्रम का जिक्र करते हुए कहा,‘चार साल पहले जब हमने उठाव किया था, तब 40 विधायक हमारे साथ थे। उस समय हमारा उद्देश्य शिवसेना और बालासाहेब ठाकरे के विचारों को बचाना था।
अब दूसरा अध्याय शुरू हो चुका है और छह सांसद हमारे साथ जुड़े हैं। ‘ शिंदे ने कहा कि पार्टी में शामिल हुए सभी नेता जमीनी स्तर से जुड़े कार्यकर्ता हैं और वे किसी व्यक्तिगत स्वार्थ के लिए नहीं, बल्कि अपने क्षेत्र और लोगों के विकास के लिए शिवसेना के साथ आए हैं। उन्होंने कहा, ‘हम किसी के रास्ते में नहीं आते, लेकिन अगर कोई हमारे रास्ते में आता है तो हम उसे छोड़ते भी नहीं। ‘ उपमुख्यमंत्री ने कहा कि जनता ने उनकी नीयत और विचारधारा पर भरोसा जताया है। उन्होंने कहा कि विधायक, सांसद, सरपंच और पार्षद जनता द्वारा चुने गए प्रतिनिधि हैं और यह जनसमर्थन उनकी साफ नीयत और विकास के एजेंडे का परिणाम है। शिंदे ने कहा, ‘विचारधारा महत्वपूर्ण होती है और लोगों ने हमारी विचारधारा को स्वीकार किया है। हमारा एजेंडा विकास और लोगों की मदद करना है। ‘ उन्होंने यह भी स्पष्ट किया कि पार्टी में नए सदस्यों को शामिल करने की पूरी प्रक्रिया कानूनी प्रावधानों के तहत पूरी की गई है। शिंदे ने विश्वास जताया कि नए नेताओं के शामिल होने से शिवसेना संगठन और अधिक मजबूत होगा।


Share

Check Also

सहारनपुर/वाराणसी@ दरोगा हत्याकांड का आरोपी का हुआ अंत

Share ...एक लाख का इनामी ललन सिंह एनकाउंटर में मारा गयासहारनपुर/वाराणसी,22 जून 2026। पूर्वांचल और …

Leave a Reply