Breaking News

अम्बिकापुर@सरगुजा में शासकीय पत्रकारिता महाविद्यालय की मांग, एनएसयूआई ने मुख्यमंत्री को सौंपा ज्ञापन

Share


जिलाध्यक्ष आशीष जायसवाल के नेतृत्व में प्रतिनिधिमंडल ने रखी विद्यार्थियों की समस्या
-संवाददाता-
अम्बिकापुर,21 जून 2026 (घटती-घटना)। सरगुजा संभाग में पत्रकारिता की उच्च शिक्षा के लिए शासकीय संस्थान खोलने की मांग को लेकर एनएसयूआई के प्रतिनिधिमंडल ने मुख्यमंत्री श्री विष्णुदेव साय से मुलाकात कर ज्ञापन सौंपा। शनिवार शाम अम्बिकापुर प्रवास के दौरान एनएसयूआई जिलाध्यक्ष आशीष जायसवाल के नेतृत्व में पहुंचे कार्यकर्ताओं ने सरगुजा जिले में शासकीय पत्रकारिता महाविद्यालय की स्थापना की मांग रखी। ज्ञापन में बताया गया कि वर्तमान समय तक सरगुजा संभाग में पत्रकारिता शिक्षा के लिए कोई शासकीय महाविद्यालय उपलब्ध नहीं है। इसके चलते पत्रकारिता के क्षेत्र में करियर बनाने के इच्छुक विद्यार्थियों को रायपुर, बिलासपुर और अन्य बड़े शहरों का रुख करना पड़ता है। एनएसयूआई ने कहा कि बाहर जाकर पढ़ाई करने में आर्थिक रूप से कमजोर और ग्रामीण क्षेत्र के विद्यार्थियों को कई परेशानियों का सामना करना पड़ता है। यदि सरगुजा में शासकीय पत्रकारिता महाविद्यालय की स्थापना होती है तो संभाग के छात्रों को अपने क्षेत्र में ही गुणवत्तापूर्ण शिक्षा प्राप्त करने का अवसर मिलेगा। प्रतिनिधिमंडल ने मुख्यमंत्री से मांग की कि युवाओं के बेहतर शैक्षणिक भविष्य को ध्यान में रखते हुए सरगुजा में जल्द से जल्द शासकीय पत्रकारिता महाविद्यालय प्रारंभ किया जाए। एनएसयूआई के अनुसार मुख्यमंत्री श्री विष्णुदेव साय ने प्रतिनिधिमंडल से चर्चा के बाद इस दिशा में पहल करने का आश्वासन दिया है। इस अवसर पर प्रतिनिधिमंडल में राजीव गांधी स्नातकोत्तर महाविद्यालय के पूर्व अध्यक्ष सतीश बारी, अभिषेक सोनी, अंकित जायसवाल, अवि गोस्वामी और ऋषभ जायसवाल सहित अन्य कार्यकर्ता उपस्थित रहे।


Share

Check Also

बलरामपुर@अवैध रेत परिवहन पर प्रशासन का शिकंजा,6 वाहन जब्त

Share सेंदूर नदी क्षेत्र में खनिज विभाग की कार्रवाई से मचा हड़कंप,खनिज नियमों के तहत …

Leave a Reply