Breaking News

अम्बिकापुर@छड़ काटने के विवाद में युवक की हत्या,आरोपी गिरफ्तार

Share


दरिमा पुलिस की कार्रवाई,लकड़ी के हरीशा से वार कर वारदात को दिया था अंजाम

-संवाददाता-
अम्बिकापुर,21 जून 2026 (घटती-घटना)। सरगुजा जिले के दरिमा थाना क्षेत्र में छड़ काटने की बात को लेकर हुए विवाद में युवक की हत्या के मामले में पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी ने लकड़ी के हरीशा से युवक के सिर पर गंभीर वार कर हत्या कर दी थी। पुलिस ने घटना में प्रयुक्त लकड़ी का हरीशा भी जब्त किया है। डीआईजी एवं वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक सरगुजा श्री राजेश अग्रवाल के निर्देशन में थाना दरिमा पुलिस टीम ने मामले में त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी को गिरफ्तार किया।
घर के पास छड़ काटने को लेकर हुआ विवाद : पुलिस के अनुसार प्रार्थी गुलशन दास (25 वर्ष), निवासी ग्राम नवगई थाना दरिमा ने रिपोर्ट दर्ज कराई थी कि उसका छोटा भाई मौसम दास शादी के बाद करीब 3-4 वर्षों से ग्राम पम्पापुर खुटन पारा में अपने ससुराल में घर जमाई बनकर रह रहा था। 20 जून 2026 की सुबह करीब 11.30 बजे रोशन दास ने फोन कर सूचना दी कि मौसम दास को उसके पड़ोस में रहने वाले लिलाम सिंह ने घर के पास छड़ काटने की बात को लेकर विवाद करते हुए लकड़ी के हरीशा से सिर के पीछे गंभीर चोट मार दी है। हमले के बाद मौसम दास मौके पर ही बेहोश होकर गिर गया था। परिजन उसे इलाज के लिए एंबुलेंस से अम्बिकापुर अस्पताल लेकर जा रहे थे, लेकिन अस्पताल पहुंचने पर चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
आरोपी ने स्वीकार किया अपराध : घटना की सूचना मिलने के बाद पुलिस ने मामले में अपराध क्रमांक 146/26 धारा 103(1) बीएनएस के तहत अपराध दर्ज कर जांच शुरू की। मामले को गंभीरता से लेते हुए एसएसपी के निर्देश पर दरिमा पुलिस टीम ने घटनास्थल का निरीक्षण किया और आरोपी की तलाश शुरू की। पुलिस ने आरोपी को हिरासत में लेकर पूछताछ की। पूछताछ में आरोपी ने अपना नाम लिलाम सिंह पिता शोभु सिंह (31 वर्ष), निवासी ग्राम पम्पापुर खुटन पारा थाना दरिमा बताया। पुलिस के अनुसार आरोपी ने विवाद के दौरान लकड़ी के हरीशा से हमला कर हत्या करना स्वीकार किया। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से घटना में प्रयुक्त लकड़ी का हरीशा जब्त कर आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया है।


Share

Check Also

बलरामपुर@अवैध रेत परिवहन पर प्रशासन का शिकंजा,6 वाहन जब्त

Share सेंदूर नदी क्षेत्र में खनिज विभाग की कार्रवाई से मचा हड़कंप,खनिज नियमों के तहत …

Leave a Reply