Breaking News

नई दिल्ली@राजस्थान में टेलीग्राम पर नीट का पेपर बेचने वाला गिरफ्तार

Share


अमेरिकी नेटवर्क का इस्तेमाल कर रहा था,दिल्ली हाईकोर्ट बोला-टेलीग्राम पर रोक जारी रहेगी

भीलवाड़ा में री-नीट से पहले टेलीग्राम पर बोगस पेपर बेचता युवक गिरफ्तार, वीपीएन के जरिए चला रहा था नेटवर्क
नई दिल्ली,19 जून 2026। टेलीग्राम पर रोक के बाद भी राजस्थान के भीलवाड़ा से नीट का फर्जी पेपर बेचने की कोशिश की गई है। री-नीट परीक्षा से पहले गुरुवार देर रात भीलवाड़ा पुलिस ने टेलीग्राम पर नीट का बोगस पेपर ऑनलाइन बेचने के आरोप में एक युवक को गिरफ्तार किया है। आरोपी वीपीएन के जरिए टेलीग्राम संचालित कर फर्जी पेपर का सौदा कर रहा था। भ्रामक सामग्री फैलाने और अभ्यर्थियों को गुमराह करने के आरोप में पुलिस ने देर रात कार्रवाई करते हुए आरोपी को पकड़ लिया। पुलिस अधीक्षक सागर राणा को मुखबिर से सूचना मिली थी कि री-नीट परीक्षा को लेकर बोगस और फर्जी पेपर लोगों तक पहुंचाने का काम किया जा रहा है। सूचना के आधार पर भीलवाड़ा के प्रतापनगर थाना प्रभारी सुनील ताड़ा के नेतृत्व में पुलिस टीम ने पटेलनगर क्षेत्र में एक मकान की घेराबंदी कर दबिश दी। मौके पर आकाश चौधरी नामक युवक टेलीग्राम के माध्यम से फर्जी पेपर ऑनलाइन बेचता मिला। पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर उसके बैंक खाते की जांच की, जिसमें करीब 18 हजार रुपए मिले हैं। पुलिस आरोपी से देर रात तक पूछताछ करती रही। प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि आरोपी विदेशी नेटवर्क और वीपीएन का उपयोग कर टेलीग्राम चला रहा था तथा उसके माध्यम से बोगस प्रश्न पत्र बेचने की कोशिश कर रहा था। युवक को रिमांड पर लिया गया है। री-नीट परीक्षा आगामी 21 जून को आयोजित होनी है। परीक्षा को लेकर राज्य सरकार और पुलिस प्रशासन पूरी तरह सतर्क हैं। मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने भी परीक्षा की तैयारियों की समीक्षा करते हुए अधिकारियों को सुरक्षा व्यवस्था में किसी भी तरह की लापरवाही नहीं बरतने के निर्देश दिए हैं। उन्होंने कहा है कि परीक्षा को निष्पक्ष, पारदर्शी और शांतिपूर्ण तरीके से संपन्न कराना सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकता है। मुख्यमंत्री ने चिकित्सा एवं स्वास्थ्य विभाग, पुलिस प्रशासन और अन्य संबंधित एजेंसियों को राष्ट्रीय परीक्षा एजेंसी के साथ समन्वय बनाकर कार्य करने के निर्देश दिए हैं। साथ ही गृह मंत्रालय की ओर से जारी दिशा-निर्देशों की गंभीरता से पालना सुनिश्चित करने को कहा गया है। प्रदेश के सभी जिला कलक्टर और पुलिस अधीक्षकों को परीक्षा केंद्रों का स्वयं निरीक्षण करने तथा पुख्ता सुरक्षा व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए हैं। किसी भी संदिग्ध गतिविधि पर कड़ी नजर रखी जाएगी और अफवाह फैलाने वाले तत्वों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। परीक्षा की गोपनीयता और पारदर्शिता से कोई समझौता नहीं किया जाएगा।

दिल्ली हाई कोर्ट का फैसला…टेलीग्राम पर लगी अस्थाई रोक जारी रहेगी
टेलीग्राम ऐप के 15 करोड़ यूजर्स के लिए बड़ी खबर है। दिल्ली हाई कोर्ट ने 22 जून से पहले ऐप से बैन हटाने से इनकार करते हुए टेलीग्राम की ओर से दायर याचिका रद्द कर दी है। अदालत ने सरकार के कदम को सही बताया है। जस्टिस तेजस करिया ने ढ्ढभ् एक्ट के सेक्शन 69्र के तहत जारी ऑर्डर के खिलाफ चुनौती को खारिज करते हुए, 22 जून तक टेलीग्राम को ब्लॉक करने के सरकार के फैसले को बरकरार रखा। इससे पहले जस्टिस तेजस करिया की वेकेशन बेंच ने केंद्र सरकार के फैसले पर सवाल उठाते हुए कहा कि केवल इसलिए कि कुछ यूजर्स परीक्षा दे रहे हैं,मैसेजिंग ऐप के 15 करोड़ यूजर्स के अधिकारों को कैसे सीमित किया जा सकता है? नीट की परीक्षा से पहले ऐप के गलत इस्तेमाल की आशंका को देखते हुए केंद्र सरकार ने ऐप पर कुछ दिनों के लिए रोक लगा दी थी। टेलीग्राम की ओर से अदालत में इसे चुनौती दी गई। अदालत ने गुरुवार को सुनवाई के बाद फैसला सुरक्षित रख लिया था। नीट-यूजी 2026 की परीक्षा 3 मई को हुई थी। लेकिन पेपर लीक के आरोपों के बीच 12 मई को इसे रद्द कर दिया गया। सीबीआई पेपर लीक की जांच कर रही है। 21 जून को दोबारा परीक्षा से पहले केंद्र सरकार ने कई तरह के कदम उठाए हैं। प्रश्नपत्रों को इस बार जहां एयर फोर्स के विमानों से भेजा गया है तो टेलीग्राम पर 22 जून तक के लिए अस्थायी रोक लगा दी गई।


Share

Check Also

नई दिल्ली@सुप्रीम कोर्ट से सीएम विजय को राहत! विश्वास मत में कथित भ्रष्टाचार के आरोपों वाली याचिका खारिज

Share नई दिल्ली,19 जून 2026। सुप्रीम कोर्ट ने शुक्रवार को तमिलनाडु विधानसभा में 13 मई …

Leave a Reply