Breaking News

सोनहत/बैकुंठपुर@ शिक्षा के मंदिर में गूंजी किलकारी

Share


खुटरापारा आश्रम और प्राथमिक शाला मधोरा में धूमधाम से मनाया गया शाला प्रवेश उत्सव
बीईओ अरविंद सिंह के मुख्य आतिथ्य में नवप्रवेशी बच्चों का हुआ आत्मीय स्वागत,
न्योता भोज’ बना आकर्षण का केंद्र
-संवाददाता-
सोनहत/बैकुंठपुर,16 जून 2026 (घटती-घटना)
। विकासखंड सोनहत के वनांचल क्षेत्र स्थित शासकीय प्राथमिक शाला मधोरा एवं खुटरापारा आश्रम शाला में नए शैक्षणिक सत्र के शुभारंभ अवसर पर उत्साह और उल्लास के साथ शाला प्रवेश उत्सव मनाया गया,कार्यक्रम में पहली बार विद्यालय की चौखट पर कदम रखने वाले नन्हे-मुन्ने बच्चों का तिलक लगाकर,आरती उतारकर एवं मिठाई खिलाकर पारंपरिक तरीके से स्वागत किया गया। इस दौरान बच्चों को निःशुल्क पाठ्यपुस्तकें और कॉपियां भी वितरित की गईं, कार्यक्रम में विकासखंड शिक्षा अधिकारी (बीईओ) अरविंद सिंह मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहे। उनके साथ स्थानीय सरपंच अमर साय, बीआरसी एरोन बखला,प्रधान पाठक वैशाली सिंह,शिक्षक-शिक्षिकाएं,अभिभावक एवं बड़ी संख्या में ग्रामीणजन मौजूद रहे।
शिक्षा से ही खुलेगा विकास का मार्ग : अरविंद सिंह
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए बीईओ अरविंद सिंह ने कहा कि शाला प्रवेश उत्सव केवल एक औपचारिक आयोजन नहीं,बल्कि बच्चों के उज्ज्वल भविष्य की मजबूत नींव रखने का महापर्व है,उन्होंने कहा कि शिक्षा ही वह माध्यम है, जो व्यक्ति, समाज और राष्ट्र के विकास का रास्ता प्रशस्त करती है,उन्होंने अभिभावकों से अपील करते हुए कहा कि बच्चों को नियमित रूप से विद्यालय भेजना और घर पर पढ़ाई का सकारात्मक वातावरण उपलब्ध कराना बेहद जरूरी है,शिक्षकों से भी उन्होंने गुणवत्तापूर्ण शिक्षा और नवाचार आधारित शिक्षण पद्धति अपनाने का आग्रह किया, ताकि बच्चों की स्कूल के प्रति रुचि और बढ़ सके।
खेल-खेल में सीखने की संस्कृति को मिलेगा बढ़ावा
विशिष्ट अतिथि बीआरसी एरोन बखला ने कहा कि विभाग का प्रयास है कि बच्चों को केवल पाठ्यक्रम तक सीमित न रखा जाए,बल्कि उनके सर्वांगीण विकास पर भी विशेष ध्यान दिया जाए, उन्होंने कहा कि प्राथमिक स्तर पर बच्चों को खेल-खेल में सीखने का अवसर मिले,इसके लिए लगातार प्रयास किए जा रहे हैं, उन्होंने कहा कि विद्यालय ऐसा वातावरण तैयार करें,जहां बच्चों को स्कूल अपना दूसरा घर महसूस हो। शिक्षकों का स्नेहपूर्ण व्यवहार बच्चों के सीखने और विद्यालय से जुड़ाव को मजबूत बनाता है।
पंचायत देगी हरसंभव सहयोग : अमर साय
स्थानीय सरपंच अमर साय ने शिक्षा के महत्व पर जोर देते हुए कहा कि गांव के बच्चों को बेहतर शिक्षा उपलब्ध कराना हम सभी की सामूहिक जिम्मेदारी है, उन्होंने भरोसा दिलाया कि ग्राम पंचायत विद्यालयों की आवश्यकताओं और आधारभूत सुविधाओं के विकास के लिए हरसंभव सहयोग प्रदान करेगी, उन्होंने ग्रामीणों से बच्चों की शिक्षा को प्राथमिकता देने और शत-प्रतिशत नामांकन व नियमित उपस्थिति सुनिश्चित करने की अपील की।
‘न्योता भोज’ ने बढ़ाई सामाजिक सहभागिता
शाला प्रवेश उत्सव के दौरान आयोजित ‘न्योता भोज’ कार्यक्रम विशेष आकर्षण का केंद्र रहा, इसमें अतिथियों, विद्यार्थियों, अभिभावकों और ग्रामीणों ने एक साथ बैठकर भोजन ग्रहण किया, इस पहल ने विद्यालय और समाज के बीच बेहतर समन्वय एवं जनभागीदारी का संदेश दिया, कार्यक्रम के अंत में प्रधान पाठक वैशाली सिंह एवं विद्यालय परिवार ने सभी अतिथियों और उपस्थित ग्रामीणों का आभार व्यक्त किया, पूरे आयोजन के दौरान बच्चों और अभिभावकों में उत्साह का माहौल देखने को मिला तथा विद्यालय परिसर उत्सवमय वातावरण में सराबोर रहा।


Share

Check Also

अम्बिकापुर@शराब पीकर बाइक दौड़ाना पड़ा महंगाः तीन चालकों पर 30 हजार का जुर्माना, फिर भी नहीं थम रही नशे में ड्राइविंग

Share डॉक्टरी जांच में शराब सेवन की पुष्टि, पुलिस ने जब्त किए वाहन; सड़क सुरक्षा …

Leave a Reply