Breaking News

सोनहत/कोरिया@ सराहनीय पहल

Share

: छत्तीसगढ़-एमपी सीमा के अंतिम छोर पर बसे दसेर गांव तक पहुंचा स्वास्थ्य विभाग
सुदूर वनांचल में लगा पहला विशेष स्वास्थ्य शिविर, 52 ग्रामीणों का हुआ स्वास्थ्य परीक्षण
-संवाददाता-
सोनहत/कोरिया,16 जून 2026(घटती-घटना)।
जिला कोरिया के विकासखंड सोनहत अंतर्गत छत्तीसगढ़ और मध्यप्रदेश की सीमा से सटे अत्यंत दूरस्थ एवं दुर्गम वनांचल ग्राम दसेर में स्वास्थ्य विभाग ने स्वास्थ्य सेवाओं की नई मिसाल कायम की है, मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी (सीएमएचओ) डॉ. प्रशांत सिंह के निर्देश तथा खंड चिकित्सा अधिकारी (बीएमओ) डॉ. बलवंत सिंह एवं सुपरवाइजर दिलीप पाण्डेय के मार्गदर्शन में सोमवार को ग्राम दसेर में विशेष स्वास्थ्य शिविर का सफल आयोजन किया गया,यह शिविर विकासखंड के सबसे दूरस्थ और कठिन पहुंच वाले क्षेत्रों में स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध कराने के उद्देश्य से शुरू किए गए विशेष अभियान का पहला चरण था,स्वास्थ्य विभाग की टीम ने बीहड़ रास्तों और भौगोलिक चुनौतियों को पार करते हुए ग्रामीणों तक पहुंच बनाई और मौके पर ही स्वास्थ्य परीक्षण कर आवश्यक दवाइयों का वितरण किया।
विशेष स्वास्थ्य शिविर में ग्रामीणों के लिए मानसिक स्वास्थ्य (मेंटल हेल्थ), क्षयरोग (टीबी),कुष्ठ रोग तथा मौसमी बीमारियों की व्यापक जांच और स्क्रीनिंग की गई। शिविर में स्थानीय ग्रामीणों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया और स्वास्थ्य संबंधी परामर्श प्राप्त किया,स्वास्थ्य विभाग द्वारा उपलब्ध कराए गए आधुनिक उपकरणों के माध्यम से गैर-संचारी रोगों (एनसीडी) की भी जांच की गई। शिविर के दौरान कुल 52 मरीजों का स्वास्थ्य परीक्षण कर उन्हें आवश्यक उपचार एवं निःशुल्क दवाइयां प्रदान की गईं।
स्क्रीनिंग में सामने आए कई मामले
स्वास्थ्य परीक्षण के दौरान उच्च रक्तचाप (हाइपरटेंशन) और मधुमेह (शुगर) के 9 संभावित मरीजों की पहचान की गई, वहीं पेचिश से पीडि़त 5 मरीज तथा बुखार से ग्रसित 2 मरीज मिले। शिविर में दो ऐसे मरीज भी चिन्हित किए गए जिनमें टीबी के लक्षण पाए गए, इन मरीजों के नमूने आगे की जांच के लिए सुरक्षित किए गए हैं, स्वास्थ्य अधिकारियों के अनुसार समय रहते बीमारी की पहचान होने से मरीजों को बेहतर उपचार उपलब्ध कराया जा सकेगा। दूरस्थ वनांचल क्षेत्र में स्वास्थ्य शिविर लगने से ग्रामीणों में विशेष उत्साह देखने को मिला, स्थानीय लोगों ने कहा कि दसेर जैसे सीमावर्ती गांवों से ब्लॉक और जिला मुख्यालय तक पहुंचना बेहद कठिन है,जिसके कारण समय पर इलाज नहीं मिल पाता, ऐसे में स्वास्थ्य विभाग की टीम का गांव तक पहुंचकर जांच और उपचार करना सराहनीय कदम है, ग्रामीणों ने सीएमएचओ डॉ. प्रशांत सिंह, बीएमओ डॉ. बलवंत सिंह एवं स्वास्थ्य विभाग की पूरी टीम के प्रति आभार व्यक्त किया।
चार अन्य दूरस्थ गांवों में भी लगेंगे शिविर
स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों ने बताया कि शासन की मंशा अंतिम व्यक्ति तक स्वास्थ्य सुविधाएं पहुंचाने की है, दसेर से शुरू हुआ यह अभियान आगामी दिनों में विकासखंड सोनहत के चार अन्य अत्यंत दूरस्थ और वनांचल ग्रामों तक भी पहुंचेगा, अधिकारियों का कहना है कि ऐसे विशेष शिविरों के माध्यम से ग्रामीण क्षेत्रों में स्वास्थ्य जागरूकता बढ़ाने के साथ-साथ गंभीर बीमारियों की समय पर पहचान और उपचार सुनिश्चित किया जाएगा, ताकि कोई भी नागरिक बुनियादी स्वास्थ्य सुविधाओं से वंचित न रहे।


Share

Check Also

अम्बिकापुर@शराब पीकर बाइक दौड़ाना पड़ा महंगाः तीन चालकों पर 30 हजार का जुर्माना, फिर भी नहीं थम रही नशे में ड्राइविंग

Share डॉक्टरी जांच में शराब सेवन की पुष्टि, पुलिस ने जब्त किए वाहन; सड़क सुरक्षा …

Leave a Reply