व्यवस्थाओं का लिया जायजा
मरीजों से बातचीत कर जानी स्वास्थ्य सुविधाओं की हकीकत,
लापरवाही पर जताई सख्ती
-संवाददाता-
सीतापुर,12 जून 2026 (घटती-घटना)। सीतापुर विधायक रामकुमार टोप्पो ने गुरुवार देर रात 100 बिस्तरीय सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र का औचक निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने अस्पताल की व्यवस्थाओं का जायजा लिया तथा मरीजों और उनके परिजनों से सीधे बातचीत कर स्वास्थ्य सुविधाओं की जानकारी ली। विधायक ने अस्पताल के विभिन्न वार्डों का भ्रमण कर साफ-सफाई, दवाओं की उपलब्धता और कर्मचारियों की उपस्थिति की जांच की। उन्होंने भर्ती मरीजों से उपचार व्यवस्था,डॉक्टरों की उपलब्धता तथा मिलने वाली सुविधाओं के संबंध में जानकारी ली। इस दौरान कुछ व्यवस्थाओं में सुधार की आवश्यकता महसूस होने पर उन्होंने संबंधित अधिकारियों को आवश्यक निर्देश दिए। विधायक टोप्पो ने उपचार में किसी भी प्रकार की लापरवाही और अनावश्यक देरी पर नाराजगी जताते हुए अस्पताल प्रबंधन को सख्त चेतावनी दी। उन्होंने कहा कि मरीजों के इलाज में किसी भी तरह की कोताही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। यदि स्वास्थ्य सेवाओं में लापरवाही या शिकायत मिली तो संबंधित कर्मचारियों के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी। निरीक्षण के दौरान उन्होंने अस्पताल स्टाफ को समय पर ड्यूटी करने, मरीजों के प्रति संवेदनशील व्यवहार रखने और बेहतर स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि अस्पताल आने वाले प्रत्येक मरीज को समय पर उपचार और आवश्यक सुविधाएं मिलनी चाहिए। विधायक ने कहा कि मुख्यमंत्री विष्णु देव साय की मंशा के अनुरूप आम जनता को गुणवत्तापूर्ण स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराना प्रशासन और स्वास्थ्य विभाग की प्राथमिक जिम्मेदारी है।
सरकार स्वास्थ्य सुविधाओं को बेहतर बनाने के लिए लगातार प्रयास कर रही है और इसमें किसी प्रकार की लापरवाही स्वीकार नहीं की जाएगी। औचक निरीक्षण से अस्पताल प्रबंधन और कर्मचारियों में हडकंप की स्थिति रही। विधायक ने भविष्य में भी इसी तरह निरीक्षण जारी रखने की बात कही।
घटती-घटना – Ghatati-Ghatna – Online Hindi News Ambikapur घटती-घटना – Ghatati-Ghatna – Online Hindi News Ambikapur