-संवाददाता-
अम्बिकापुर,12 जून 2026 (घटती-घटना)। रक्षित केंद्र अंबिकापुर में शुक्रवार को आयोजित जनरल परेड में पुलिस अधिकारियों और कर्मचारियों के अनुशासन, दक्षता एवं पेशेवर कार्यशैली पर विशेष जोर दिया गया। जनरल परेड की सलामी डीआईजी एवं एसएसपी सरगुजा राजेश कुमार अग्रवाल ने ली तथा परेड का निरीक्षण कर आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। परेड निरीक्षण के दौरान डीआईजी एवं एसएसपी ने अधिकारियों एवं कर्मचारियों के टर्नआउट,वेशभूषा और अनुशासन का बारीकी से अवलोकन किया। बेहतर वेशभूषा एवं उत्कृष्ट प्रस्तुति देने वाले पुलिसकर्मियों को पुरस्कृत कर प्रोत्साहित किया गया। इस दौरान पुलिस अधिकारियों एवं कर्मचारियों की विभिन्न टोलियां बनाकर परेड कराई गई तथा उन्हें सेवा के दौरान अनुशासन और कार्यकुशलता बनाए रखने के निर्देश दिए गए। परेड में पुलिस बैंड टीम की प्रस्तुति का भी निरीक्षण किया गया। डीआईजी एवं एसएसपी ने बैंड दल की तैयारियों की सराहना करते हुए आवश्यक मार्गदर्शन प्रदान किया। परेड के पश्चात उन्होंने वाहन शाखा का निरीक्षण कर सभी शासकीय वाहनों की स्थिति की समीक्षा की। वाहनों के नियमित रखरखाव, समय-समय पर मरम्मत तथा लॉग बुक को अद्यतन रखने के निर्देश दिए गए। इसके अलावा पुलिस लाइन स्थित शस्त्रागार एवं स्टोर शाखा का निरीक्षण करते हुए शस्त्रों और गोला-बारूद के सुरक्षित रखरखाव तथा अभिलेखों के सुव्यवस्थित संधारण पर विशेष ध्यान देने को कहा। निरीक्षण के दौरान पुलिस अधिकारियों एवं जवानों के कल्याण के लिए संचालित पुलिस कल्याण कैंटीन और पुलिस बैंक की सुविधाओं का अधिक से अधिक लाभ लेने के लिए भी कर्मचारियों को प्रेरित किया गया।
घटती-घटना – Ghatati-Ghatna – Online Hindi News Ambikapur घटती-घटना – Ghatati-Ghatna – Online Hindi News Ambikapur