Breaking News

कोरिया/पटना,@नौकरी दिलाने का झांसा देकर दो लाख की ठगी,आरोपी गिरफ्तार

Share


पटना पुलिस की बड़ी कार्रवाई,बेरोजगार युवाओं को सरकारी नौकरी का सपना दिखाकर करता था धोखाधड़ी


-संवाददाता-
कोरिया/पटना,11 जून 2026 (घटती-घटना)। स्वयं बेरोजगार एक युवा ने बेरोजगार युवाओं को सरकारी नौकरी दिलाने का झांसा देकर लाखों रुपये की ठगी करने वाले एक आरोपी को पटना पुलिस ने गिरफ्तार करने में सफलता प्राप्त की है,आरोपी लंबे समय से नौकरी की तलाश कर रहे युवाओं को सरकारी एवं निजी संस्थानों में नौकरी लगवाने का प्रलोभन देकर उनसे मोटी रकम वसूल रहा था,पुलिस के अनुसार आरोपी के विरुद्ध धोखाधड़ी की शिकायत मिलने के बाद मामले की गंभीरता से जांच की गई और तकनीकी साक्ष्यों तथा मुखबिर की सूचना के आधार पर उसे गिरफ्तार कर लिया गया।
प्राप्त जानकारी के अनुसार ग्राम आंजोखुर्द निवासी नंदलाल सिंह ने थाना पटना में लिखित शिकायत दर्ज कराई थी, शिकायत में बताया गया कि ग्राम आंजोखुर्द निवासी किशन तिवारी ने नगर पंचायत पटना में नौकरी लगवाने का भरोसा दिलाकर उससे लगभग दो लाख रुपये की राशि प्राप्त की थी,शिकायतकर्ता का आरोप था कि नौकरी दिलाने के नाम पर रकम लेने के बाद आरोपी न तो नौकरी दिला सका और न ही पैसे वापस किए,इसके बाद पीडि़त ने पुलिस का दरवाजा खटखटाया।
मामला दर्ज कर शुरू हुई जांच
शिकायत की जांच उपरांत थाना पटना में दिनांक 28 फरवरी 2026 को अपराध क्रमांक 58/2026 दर्ज किया गया,पुलिस ने आरोपी के विरुद्ध भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 318(4), 336(3), 338 एवं 238 के तहत अपराध पंजीबद्ध कर विवेचना प्रारंभ की, मामले की जांच के दौरान पुलिस ने आरोपी की गतिविधियों,लेन-देन और अन्य तथ्यों की पड़ताल की,जांच में यह भी सामने आया कि आरोपी बेरोजगार युवाओं को नौकरी दिलाने के नाम पर अपने प्रभाव और संपर्कों का हवाला देकर विश्वास में लेता था।
तकनीकी साक्ष्यों से पुलिस को मिली सफलता
मामले की गंभीरता को देखते हुए थाना पटना पुलिस लगातार आरोपी की तलाश में जुटी हुई थी,पुलिस ने तकनीकी साक्ष्यों, मोबाइल लोकेशन तथा मुखबिर से प्राप्त सूचनाओं के आधार पर आरोपी की गतिविधियों पर नजर रखी,लगातार प्रयासों के बाद पुलिस टीम ने आरोपी किशन तिवारी पिता जय कुमार तिवारी,उम्र 23 वर्ष, निवासी ग्राम आंजोखुर्द,थाना पटना को 9 जून 2026 को गिरफ्तार कर लिया,गिरफ्तारी के बाद आरोपी से पूछताछ की जा रही है, पुलिस यह भी जांच कर रही है कि आरोपी ने इसी प्रकार अन्य लोगों को भी नौकरी का झांसा देकर ठगी तो नहीं की है।
अन्य मामलों की भी हो रही जांच
पुलिस अधिकारियों का कहना है कि आरोपी के मोबाइल फोन,बैंक खातों तथा लेन-देन संबंधी दस्तावेजों की जांच की जा रही है,यह पता लगाने का प्रयास किया जा रहा है कि कहीं उसने अन्य बेरोजगार युवाओं को भी इसी प्रकार अपने जाल में फंसाकर रकम तो नहीं वसूली,यदि जांच में अन्य मामलों का खुलासा होता है तो आरोपी के विरुद्ध अतिरिक्त धाराओं के तहत भी कार्रवाई की जा सकती है। इस कार्रवाई में थाना प्रभारी पटना उपनिरीक्षक प्रमोद पांडे,सहायक उपनिरीक्षक बाल कृष्ण राजवाड़े सहित थाना पटना के अन्य पुलिस अधिकारियों एवं कर्मचारियों की महत्वपूर्ण भूमिका रही। पुलिस टीम की सतर्कता और त्वरित कार्रवाई के कारण आरोपी को कानून के शिकंजे में लाया जा सका।
पुलिस ने लोगों से की अपील
पटना पुलिस ने आम नागरिकों से अपील की है कि नौकरी दिलाने,सरकारी भर्ती में चयन कराने अथवा प्रभाव का उपयोग कर नियुक्ति दिलाने के नाम पर धनराशि मांगने वाले व्यक्तियों से सतर्क रहें, पुलिस ने कहा है कि सरकारी नौकरियों में चयन निर्धारित प्रक्रिया एवं पात्रता के आधार पर होता है, यदि कोई व्यक्ति नौकरी दिलाने के नाम पर पैसे मांगता है तो उसकी सूचना तत्काल पुलिस को दें ताकि समय रहते कार्रवाई की जा सके।
बढ़ रहे हैं नौकरी के नाम पर ठगी के मामले
बेरोजगारी और सरकारी नौकरी की चाहत का फायदा उठाकर ठगी करने वाले गिरोह लगातार सक्रिय हैं,ऐसे मामलों में आरोपी अक्सर प्रभावशाली लोगों से पहचान,विभागीय संपर्क या पक्की नौकरी का भरोसा देकर युवाओं को जाल में फंसाते हैं,पुलिस की इस कार्रवाई को नौकरी के नाम पर ठगी करने वालों के खिलाफ एक सख्त संदेश माना जा रहा है कि ऐसे अपराध करने वालों को किसी भी कीमत पर बख्शा नहीं जाएगा।



Share

Check Also

अंबिकापुर@फर्स्ट एसी में फ्लश खराब, शिकायत के बाद भी नहीं हुई सुनवाई: पत्रकार सुमित सिंह ने उठाए रेलवे व्यवस्था पर सवाल

Share अंबिकापुर,11 जून 2026 (घटती-घटना)। देश में आधुनिक रेल सेवाओं और यात्री सुविधाओं को लेकर …

Leave a Reply