-संवाददाता-
अम्बिकापुर,11 जून 2026 (घटती-घटना)। रामानुजनगर बस स्टैंड के पास गुरुवार दोपहर दो मोटरसाइकिलों की आमने-सामने भिड़ंत में एक युवक की मौत हो गई,जबकि तीन अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए। घायलों को प्राथमिक उपचार के बाद जिला चिकित्सालय सूरजपुर रेफर किया गया है। पुलिस के अनुसार ग्राम जगन्नाथपुर निवासी राजेंद्र (23 वर्ष) अपने साथी नमन राज के साथ बाइक क्रमांक सीजी 29 एजे 2983 से रामानुजनगर आया था। दोपहर करीब 2 बजे बस स्टैंड के पास उनकी बाइक सामने से आ रही मोटरसाइकिल क्रमांक सीजी 15 डीजेड 2851 से टकरा गई। दूसरी बाइक को गोकुलपुर निवासी दिनेश चला रहा था, जबकि उसके साथ ग्राम सुरता निवासी दीपू सवार था। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार टक्कर इतनी भीषण थी कि दोनों बाइकों के परखच्चे उड़ गए और चारों युवक सडक पर जा गिरे। हादसे में राजेंद्र को गंभीर चोटें आईं, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई। स्थानीय लोगों की मदद से घायलों को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र रामानुजनगर पहुंचाया गया। वहां चिकित्सकों ने राजेंद्र को मृत घोषित कर दिया। वहीं नमन राज, दिनेश और दीपू की गंभीर हालत को देखते हुए उन्हें जिला चिकित्सालय सूरजपुर रेफर कर दिया गया। घटना की सूचना मिलते ही रामानुजनगर पुलिस मौके पर पहुंची और दुर्घटनाग्रस्त वाहनों को कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी। पुलिस ने मर्ग कायम कर मामले की विवेचना शुरू कर दी है।
घटती-घटना – Ghatati-Ghatna – Online Hindi News Ambikapur घटती-घटना – Ghatati-Ghatna – Online Hindi News Ambikapur