Breaking News

नई दिल्ली@मोदी का बतौर पीएम 4399 दिन का कार्यकाल,नेहरू का रिकॉर्ड टूटा….

Share


निर्वाचित पीएम का सबसे लंबा कार्यकाल मेरा सौभाग्य यह सभी कार्यकर्ताओं की उपलब्धि : प्रधानमंत्री मोदी


नई दिल्ली,10 जून 2026। पीएम नरेंद्र मोदी भारत के सबसे लंबे समय तक लगातार सेवा देने वाले निर्वाचित प्रधानमंत्री बन गए हैं। उनके कार्यकाल के आज 4,399 दिन पूरे हो गए। मोदी कहा…इतने लंबे समय तक मां भारती की सेवा का सौभाग्य मिलना भगवान की विशेष कृपा से संभव हो सकता है। मेरे लिए जनता ही ईश्वर का रूप है। मैंने सेवा को साधना के रूप में देखा है। ये साधना भी एकाकी नहीं,एक सामूहिक यज्ञ है। यह सभी कार्यकर्ताओं की उपलब्धि है। मोदी ने 26 मई 2014 को पहली बार पीएम पद की शपथ ली थी। अभी उनका यह तीसरा कार्यकाल चल रहा है। उन्होंने 4,398 दिनों तक इस पद पर रहे पूर्व प्रधानमंत्री जवाहरलाल नेहरू का रिकॉर्ड तोड़ दिया। पीएम ने कहा…अब देश की जनता एक स्थित सरकार का काम देख रही है और उसकी निर्णायक क्षमताओं की प्रशंसक भी है। मैं जनता का आभार व्यक्त करता हूं। साल 2014 में जब एनडीए जीती तब मैंने कहा कि आज देश के लोगों मे नई आशा का उदय हुआ है। मोदी ने कहा…हमें आज संतोष और गर्व है कि एनडीए परिवार ने इस भरोसे को और मजबूत किया है।
मोदी देश के सबसे ज्यादा
कार्यकाल वाले इलेक्टेड पीएम

मोदी ने 26 मई 2014 को पहली बार प्रधानमंत्री पद की शपथ ली थी और अभी उनका तीसरा कार्यकाल चल रहा है। उन्होंने लगातार 4,399 दिन पूरे कर निर्वाचित प्रधानमंत्री के रूप में जवाहरलाल नेहरू का 4,398 दिनों का रिकॉर्ड पीछे छोड़ दिया है। हालांकि, भारत में सबसे लंबे समय तक प्रधानमंत्री रहने का रिकॉर्ड अब भी नेहरू के नाम है। वे 15 अगस्त 1947 से 27 मई 1964 तक, यानी करीब 16 साल 286 दिन प्रधानमंत्री रहे। इनमें 1952 के पहले आम चुनाव के बाद 13 मई 1952 से 27 मई 1964 तक का उनका निर्वाचित प्रधानमंत्री के रूप में कार्यकाल शामिल है।
मोदी बोले…मेड इन इंडिया
जहाज और प्लेन बनाएगा भारत

प्रधानमंत्री ने कहा कि ग्रीन एनर्जी सेक्टर में पिछले 12 सालों में काफी काम हुआ है। अब 500 गीगावॉट रिन्यूएबल एनर्जी और न्यूक्लियर एनर्जी के लक्ष्यों को तेजी से पूरा करना है। उन्होंने कहा कि भविष्य में भारत मेड इन इंडिया जहाजों और कंटेनरों के जरिए व्यापार करेगा। मोदी ने कहा कि देश ट्रांसपोर्ट हब बन रहा है और जल्द ही मेड इन इंडिया सिविल एयरक्राफ्ट भी बनाएगा।
इजराइल,इथियोपिया समेत कई देशों के नेताओं ने पीएम को बधाई दी…
इजराइल,इथियोपिया और दक्षिण कोरिया समेत कई देशों के नेताओं ने प्रधानमंत्री मोदी के लगातार सबसे लंबे समय तक निर्वाचित प्रधानमंत्री बनने पर उन्हें बधाई दी। इजराइल के विदेश मंत्रालय ने कहा कि भारत और इजराइल की अनूठी दोस्ती हर साल और मजबूत हो रही है। मोदी के नेतृत्व में दोनों देशों की साझेदारी को और गहरा करने की उम्मीद है। दक्षिण कोरिया के राष्ट्रपति ली जे-म्युंग ने कहा कि यह उपलब्धि भारतीय जनता के मोदी के नेतृत्व पर भरोसे को दर्शाती है। इथियोपिया के प्रधानमंत्री अबी अहमद अली ने मोदी को बधाई देते हुए कहा कि उनके नेतृत्व में भारत ने डिजिटल पब्लिक इंफ्रास्ट्रक्चर, तेज आर्थिक प्रगति और ग्लोबल साउथ की मजबूत आवाज बनने जैसे क्षेत्रों में उपलब्धियां हासिल की हैं।
140 करोड़ देशवासियों का प्यार ही मेरी सबसे बड़ी ताकत
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने राष्ट्रपति के शुभकामना संदेश के लिए आभार जताते हुए कहा कि देश ने सालों में जो उपलब्धियां हासिल की हैं,वे 140 करोड़ भारतीयों के सामूहिक प्रयास और आकांक्षाओं का परिणाम हैं। उन्होंने कहा- 140 करोड़ भारतीयों का स्नेह और आशीर्वाद ही मेरी सबसे बड़ी शक्ति और प्रेरणा है।
मोदी के 12 साल पर अभिनंदन प्रस्ताव,शुभेंदु ने झालमुड़ी खिलाई
एनडीए सरकार के 12 साल पूरे होने पर भारत मंडपम में हुई बैठक में प्रधानमंत्री मोदी के कार्यकाल की सराहना करते हुए एक अभिनंदन प्रस्ताव पारित किया गया। प्रस्ताव आंध्र प्रदेश के मुख्यमंत्री एन. चंद्रबाबू नायडू ने रखा, जबकि नगालैंड के मुख्यमंत्री नेफियू रियो ने इसका समर्थन किया। बैठक में भाजपा-एनडीए शासित 22 राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों के मुख्यमंत्री, उपमुख्यमंत्री और अन्य नेता शामिल हुए। सभी ने मोदी को बधाई दी। बैठक के बाद मोदी ने एनडीए नेताओं के साथ झालमुड़ी भी खाई। इससे पहले प्रधानमंत्री की अध्यक्षता में हुई केंद्रीय कैबिनेट बैठक में भी सर्वसम्मति से बधाई प्रस्ताव पारित किया गया और मंत्रियों ने खड़े होकर तालियां बजाईं।
एकनाथ शिंदे बोले…पीएम मोदी के 12
साल का कार्यकाल बेदाग और ऐतिहासिक

एनडीए बैठक में महाराष्ट्र के उपमुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे ने कहा कि एनडीए के 12 साल केवल सत्ता में रहने के नहीं,बल्कि राष्ट्रसेवा के प्रति निरंतर समर्पण के रहे हैं। उन्होंने कहा… कि प्रधानमंत्री मोदी का 12 साल का कार्यकाल बेदाग और ऐतिहासिक रहा है,जिसमें उन्होंने देश के लिए लगातार काम किया और एक दिन की भी छुट्टी नहीं ली। शिंदे ने कहा कि मोदी केवल राजनीतिक नहीं,बल्कि एनडीए नेताओं के साथ पारिवारिक संबंध भी रखते हैं। उन्होंने कहा कि आज देश में विकास को ‘2014 से पहले’ और ‘2014 के बाद’ के नजरिए से देखा जाता है,और इसके पीछे मोदी का दिन-रात काम करने वाला नेतृत्व है।


Share

Check Also

भोपाल@इंदौर में सड़क हादसे में रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह के भतीजे की मौत

Share भोपाल,12 जून 2026। इंदौर में एक दर्दनाक सड़क हादसे में केंद्रीय रक्षा मंत्री राजनाथ …

Leave a Reply