नागपुर से वाहन चोरी कर भागा आरोपी, लटोरी के ढाबे में मिली बोलेरो
-संवाददाता-
अम्बिकापुर,09 जून 2026 (घटती-घटना)। महाराष्ट्र के नागपुर ग्रामीण जिले के मऊदा थाना क्षेत्र से चोरी हुई एक नई बोलेरो वाहन को सरगुजा पुलिस की साइबर सेल टीम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए बरामद कर लिया। वाहन चोरी के मामले में संदिग्ध आरोपी को भी पकड़कर महाराष्ट्र पुलिस के सुपुर्द कर दिया गया है। जानकारी के अनुसार, दिनांक 7 जून 2026 को नागपुर ग्रामीण के मऊदा थाना क्षेत्र में खड़ी न्यू बोलेरो वाहन क्रमांक रू॥-40-ख्श्व-4751 को अज्ञात चोर चोरी कर फरार हो गया था। घटना के बाद महाराष्ट्र पुलिस ने मामले की जांच शुरू करते हुए विभिन्न स्थानों के सीसीटीवी फुटेज खंगाले। जांच के दौरान वाहन की लोकेशन और गतिविधियों के आधार पर पुलिस टीम सरगुजा जिले के अंबिकापुर पहुंची। वरिष्ठ अधिकारियों के निर्देश पर सरगुजा साइबर सेल को मामले में सहयोग के लिए लगाया गया। साइबर सेल टीम ने तकनीकी विश्लेषण और विभिन्न संभावित ठिकानों पर पतासाजी शुरू की। इसी दौरान चोरी गई बोलेरो वाहन का सुराग लटोरी क्षेत्र में मिला, जहां वाहन एक ढाबे के पास खड़ी पाई गई। सूचना मिलते ही साइबर सेल और महाराष्ट्र पुलिस की संयुक्त टीम ने ढाबे की घेराबंदी कर कार्रवाई की। मौके पर मौजूद संदिग्ध व्यक्ति को हिरासत में लिया गया। पूछताछ के बाद उसे महाराष्ट्र पुलिस के सुपुर्द कर दिया गया, जहां उससे आगे की जांच की जा रही है। पुलिस अधिकारियों के अनुसार, साइबर तकनीक और त्वरित समन्वय के कारण चोरी के कुछ ही दिनों के भीतर वाहन बरामद करने में सफलता मिली। इस कार्रवाई से अंतरराज्यीय अपराधों की जांच में तकनीकी संसाधनों और पुलिस समन्वय की अहम भूमिका एक बार फिर सामने आई है।
इनकी रही महत्वपूर्ण भूमिका : वाहन बरामदगी और आरोपी की गिरफ्तारी की कार्रवाई में सरगुजा साइबर सेल के प्रभारी सहायक उपनिरीक्षक अजीत मिश्रा,प्रधान आरक्षक भोजराज पासवान, आरक्षक जीतेश साहू सहित अन्य पुलिसकर्मियों की महत्वपूर्ण भूमिका रही। पुलिस अधीक्षक के निर्देशन में की गई इस कार्रवाई की सराहना की जा रही है।
घटती-घटना – Ghatati-Ghatna – Online Hindi News Ambikapur घटती-घटना – Ghatati-Ghatna – Online Hindi News Ambikapur