Breaking News

कोरिया@ कोदो-कुटकी,दलहन-तिलहन अपनाएं,बढ़ाएं किसानों की आय

Share


सुशासन तिहार के अंतिम शिविर में मंत्री रामविचार नेताम का संदेश
तरगंवा शिविर में उमड़ा ग्रामीणों का जनसैलाब,हितग्राहियों को मिली योजनाओं की सौगात,नशामुक्त और टीबी मुक्त कोरिया का लिया गया संकल्प, ‘सफईता भैया’ और ‘सफइतिन दीदी’ बने स्वच्छता अभियान के नए चेहरे…
-संवाददाता-
कोरिया,09 जून 2026(घटती-घटना)।
मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय के निर्देश पर आयोजित राज्यव्यापी सुशासन तिहार के अंतर्गत सोमवार को बैकुंठपुर विकासखंड के ग्राम तरगंवा में जिले का अंतिम जनसमस्या निवारण शिविर आयोजित किया गया,शिविर में लगभग 20 गांवों के ग्रामीण बड़ी संख्या में पहुंचे और शासन की विभिन्न योजनाओं का लाभ प्राप्त किया। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में जिले के प्रभारी मंत्री एवं कैबिनेट मंत्री रामविचार नेताम उपस्थित रहे। ग्रामीणों को संबोधित करते हुए मंत्री रामविचार नेताम ने किसानों से पारंपरिक धान उत्पादन के साथ-साथ कोदो, कुटकी, रागी, दलहन और तिलहन फसलों की खेती बढ़ाने का आह्वान किया,उन्होंने कहा कि धान की अपेक्षा मोटे अनाज और दलहन-तिलहन कम पानी में बेहतर उत्पादन देते हैं तथा किसानों की आय बढ़ाने में सहायक साबित हो सकते हैं, उन्होंने किसानों को फसल चक्र अपनाने की सलाह देते हुए कहा कि इससे भूमि की उर्वरा शक्ति बनी रहती है और खेती अधिक लाभकारी बनती है,मंत्री ने रासायनिक उर्वरकों के बढ़ते उपयोग पर चिंता व्यक्त करते हुए किसानों को जैविक खेती की ओर बढ़ने की सलाह दी, उन्होंने कहा कि अत्यधिक रासायनिक खाद के प्रयोग से मिट्टी की गुणवत्ता प्रभावित हो रही है, जिसका असर भविष्य की कृषि उत्पादकता पर पड़ सकता है।
प्रधानमंत्री आवास और महतारी वंदन योजना की जानकारी
मंत्री रामविचार नेताम ने कहा कि राज्य सरकार के गठन के बाद प्रदेश में 18 लाख प्रधानमंत्री आवास स्वीकृत किए गए हैं, उन्होंने भरोसा दिलाया कि सर्वे में शामिल प्रत्येक पात्र परिवार को आवास योजना का लाभ मिलेगा, महिलाओं को संबोधित करते हुए उन्होंने महतारी वंदन योजना का उल्लेख किया और बताया कि पात्र विवाहित महिलाओं के खातों में प्रतिमाह एक हजार रुपये की राशि भेजी जा रही है,उन्होंने महिलाओं से समय पर ई-केवाईसी कराने तथा अन्य हितग्राहियों को भी इसके लिए प्रेरित करने की अपील की, किसानों के हित में लिए गए निर्णयों का उल्लेख करते हुए मंत्री ने कहा कि राज्य सरकार ने प्रति एकड़ 21 मि्ंटल धान की खरीदी 3,100 रुपये प्रति मि्ंटल की दर से कर किसानों की आर्थिक स्थिति मजबूत करने का प्रयास किया है।
हजारों आवेदनों का निराकरण,शेष पर कार्रवाई जारी…
कार्यक्रम में बैकुंठपुर विधायक भैयालाल राजवाड़े ने कहा कि शिविरों में प्राप्त मांग और शिकायत संबंधी सभी आवेदनों का समयबद्ध निराकरण सुनिश्चित किया जाएगा, कलेक्टर रोक्तिमा यादव ने बताया कि सुशासन तिहार के दौरान जिले भर में आयोजित शिविरों में अब तक 5,332 आवेदन प्राप्त हुए हैं, इनमें से 2,866 आवेदनों का निराकरण किया जा चुका है, जबकि 2,466 आवेदनों पर कार्रवाई जारी है, उन्होंने खाद-बीज वितरण, वृद्धावस्था पेंशन, राशन भंडारण, आधार अपडेट और ई-केवाईसी से संबंधित सुविधाओं की जानकारी भी ग्रामीणों को दी।
हितग्राहियों को मिला योजनाओं का लाभ
शिविर में विभिन्न विभागों द्वारा लगाए गए स्टॉलों का निरीक्षण मंत्री एवं जनप्रतिनिधियों ने किया,इस दौरान पात्र हितग्राहियों को आयुष्मान कार्ड,फूड बास्केट,आइस बॉक्स,दिव्यांगजनों को व्हीलचेयर एवं सहायक उपकरण प्रदान किए गए, साथ ही लखपति दीदियों को प्रमाण पत्र,प्रधानमंत्री आवास योजना के लाभार्थियों को ‘खुशियों की चाबी’ और अभिनंदन पत्र वितरित किए गए,कार्यक्रम के दौरान गोदभराई और अन्नप्राशन कार्यक्रम भी आयोजित किए गए, जिनमें मंत्री और जनप्रतिनिधियों ने सहभागिता की।
नशामुक्त और टीबी मुक्त कोरिया का संकल्प
शिविर के दौरान मंत्री रामविचार नेताम ने उपस्थित ग्रामीणों को नशामुक्त भारत निर्माण की शपथ दिलाई,उन्होंने कहा कि शराब और अन्य नशों से दूर रहकर लोग स्वस्थ जीवन जी सकते हैं तथा सामाजिक और आर्थिक समस्याओं से बच सकते हैं,इसके साथ ही पूरे जिले को टीबी मुक्त बनाने का सामूहिक संकल्प भी लिया गया, उपस्थित ग्रामीणों ने जनस्वास्थ्य और स्वच्छता के प्रति जागरूक रहने का वचन दिया।
‘सफइता भैया’ और ‘सफइतिन दीदी’ बनेंगे स्वच्छता के जनदूत
सुशासन तिहार के इसी मंच से मंत्री रामविचार नेताम ने कोरिया जिले की नई स्वच्छता पहल के तहत ‘सफइता भैया’ और ‘सफइतिन दीदी’ शुभंकरों के पोस्टर का विमोचन भी किया, उन्होंने कहा कि स्वच्छता केवल सरकारी कार्यक्रम नहीं बल्कि प्रत्येक नागरिक की जिम्मेदारी है,ठोस अपशिष्ट प्रबंधन नियम 2026 के तहत अब प्रत्येक परिवार,संस्था और व्यावसायिक प्रतिष्ठान को कचरे का पृथक्करण सुनिश्चित करना होगा,मंत्री ने कहा कि गीले, सूखे,सेनेटरी और घरेलू हानिकारक कचरे को अलग-अलग रखना एक जिम्मेदार नागरिक का कर्तव्य है, जनभागीदारी और जागरूकता के माध्यम से ही स्वच्छता अभियान को सफल बनाया जा सकता है।
स्वच्छ कोरिया की दिशा में नई पहल
जिला प्रशासन द्वारा तैयार किए गए ‘सफइता भैया’ और ‘सफइतिन दीदी’ शुभंकर अब जिले में स्वच्छता, पर्यावरण संरक्षण और कचरा पृथक्करण के संदेशवाहक बनेंगे,आगामी दिनों में स्कूलों, ग्राम सभाओं, मोहल्लों और विभिन्न सामाजिक मंचों पर इनके माध्यम से व्यापक जनजागरूकता अभियान चलाया जाएगा, कार्यक्रम में जिला पंचायत उपाध्यक्ष वंदना राजवाड़े,जिला वनमंडलाधिकारी प्रभाकर खलको,मुख्य कार्यपालन अधिकारी डॉ. आशुतोष चतुर्वेदी, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक सुरेशा चैबे,एडीएम सुरेंद्र वैद्य सहित जनप्रतिनिधि,अधिकारी-कर्मचारी और बड़ी संख्या में ग्रामीण उपस्थित रहे,सुशासन तिहार का यह अंतिम शिविर केवल शिकायतों और मांगों के समाधान का मंच नहीं रहा,बल्कि कृषि उन्नयन, महिला सशक्तिकरण,स्वास्थ्य जागरूकता,स्वच्छता और जनकल्याणकारी योजनाओं को आमजन तक पहुंचाने का एक प्रभावी माध्यम बनकर सामने आया।


Share

Check Also

रायपुर@ रायपुर में 14.555 किलो गांजा जब्त,4 गिरफ्तार

Share पान मसाला की पैकिंग और टेप में छिपाकर रखी थी गांजे की खेपरायपुर,23 सितम्बर …

Leave a Reply