अफगानिस्तान के खिलाफ भारतीय टीम 6 जून से टेस्ट मैच खेलेगी…इस मैच में भारत के लिए मानव सुथार और हर्ष दुबे डेब्यू कर सकते हैं…टीम इंडिया के हेड कोच गौतम गंभीर ने इसे लेकर इशारा दिया है…
न्यू चंडीगढ़,05जून 2026। अफगानिस्तान के खिलाफ टेस्ट मैच के लिए भारतीय टीम में दो अनकैप्ड स्पिनर गेंदबाजों को जगह मिली है। इसमें मानव सुथार के साथ हर्ष दुबे शामिल हैं। भारत के पास रविंद्र जडेजा, कुलदीप यादव और वॉशिंगटन सुंदर के रूप में टेस्ट में तीन प्रमुख स्पिनर हैं। टीम को चौथे स्पिनर की तलाश है। इसके लिए मानव सुथार और हर्ष दुबे के बीच टक्कर है। 6 जून से भारत और अफगानिस्तान के बीच न्यू चंडीगढ़ में टेस्ट मैच है।
श्रीलंका दौरे पर टीम इंडिया का फोकस
भारतीय टीम को अगस्त में श्रीलंका दौरे पर टेस्ट खेलना है। टीम के हेड कोच गौतम गंभीर ने कहा कि भारत को श्रीलंका में दो टेस्ट मैचों की सीरीज के लिए स्पिन गेंदबाजी के कई विकल्प तैयार करने होंगे। अफगानिस्तान के खिलाफ टेस्ट से पहले मीडिया से बात करते हुए उन्होंने कहा, ‘मानव और हर्ष कुछ हद तक एक जैसे खिलाड़ी हैं, लेकिन उनके गेंद फेंकने के तरीके में कुछ अंतर भी हैं। आप सिर्फ ये नहीं देखते कि दो लेफ्ट-आर्म स्पिनर हैं बल्कि ये भी देखते हैं कि गेंद छोड़ने का पॉइंट क्या है, विकेट से गेंद को क्या मदद मिल रही है और गेंद की ट्रैजेक्टरी कैसी है। ये भी कि कौन रेड-बॉल क्रिकेट के लिए सबसे ज्यादा सही रहेगा।
गौतम गंभीर ने आगे कहा- शायद ये इकलौता ऐसा टेस्ट मैच है जहां हम चौथे स्पिनर के तौर पर किसी को आजमाने के बारे में सोच सकते हैं। क्योंकि इसके बाद हम श्रीलंका जाएंगे और हो सकता है कि हमें चार स्पिनर साथ ले जाने पड़ें। इसलिए,ये किसी ऐसे खिलाड़ी को आजमाने का सही मौका है जो लंबे समय तक चौथा स्पिनर बन सके।
हमें पता है कि हम किस दिशा में आगे बढ़ना चाहते हैं। हम शायद अपने फिंगर स्पिनर को मौका देने के बारे में सोच सकते हैं, जो चौथा स्पिनर भी हो सकता है। आखिर टेस्ट मैच तो टेस्ट मैच ही होता है। मुझे पता है कि लोग कह सकते हैं कि यह वर्ल्ड टेस्ट चैंपियनशिप साइकल का हिस्सा नहीं है, लेकिन मेरे लिए यह एक ऐसा टेस्ट मैच है जिसे हमें देश के लिए जीतना है।आप टेस्ट मैचों के बीच कोई फर्क नहीं करते, चाहे वह वर्ल्ड टेस्ट चैंपियनशिप का हिस्सा हो या न हो।
हर्ष दुबे और मानव सुथार के रिकॉर्ड
23 साल के हर्ष दुबे विदर्भ से घरेलू क्रिकेट खेलते हैं। 27 फर्स्ट क्लास मैच में उनके नाम 133 विकेट और 1026 रन हैं। इसमें 9 फिफ्टी शामिल है। वह 9 बार पारी में 5 विकेट लेने के साथ ही 2 बार मैच में 10 विकेट ले चुके हैं। राजस्थान के मानव सुथार के नाम 29 फर्स्ट क्लास मैचों में 129 विकेट और 925 रन हैं। वह एक शतक और 6 फिफ्टी मार चुके हैं। मानव ने 6 बार पारी में 5 विकेट और तीन बार मैच में 10 विकेट ले चुके हैं। दोनों बाएं हाथ के स्पिनर और बाएं हाथ के बल्लेबाज हैं।
घटती-घटना – Ghatati-Ghatna – Online Hindi News Ambikapur घटती-घटना – Ghatati-Ghatna – Online Hindi News Ambikapur