दो लग्जरी वाहनों समेत 1.86 करोड़ रुपये की संपत्ति जब्त,तस्करी नेटवर्क की जांच तेज
रायगढ़,05 जून 2026। छत्तीसगढ़ के रायगढ़ जिले में नशे के खिलाफ चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। लैलूंगा पुलिस ने उड़ीसा से मध्यप्रदेश ले जाई जा रही करीब 300 किलोग्राम गांजा की खेप जब्त कर तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। कार्रवाई के दौरान दो लग्जरी वाहन और मोबाइल फोन सहित कुल 1 करोड़ 86 लाख रुपये मूल्य की संपत्ति जब्त की गई। पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, उड़ीसा के सोनपुर क्षेत्र से भारी मात्रा में गांजा मध्यप्रदेश के अनूपपुर जिले भेजे जाने की सूचना मिली थी। सूचना के आधार पर वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक शशि मोहन सिंह के निर्देश पर लैलूंगा पुलिस ने विभिन्न मार्गों पर नाकेबंदी कर सघन जांच अभियान शुरू किया। कटकलिया मार्ग पर घेराबंदी के दौरान एक इनोवा क्रिस्टा और मारुति सुजुकी एक्सएल-6 को रोककर जांच की गई। जांच के दौरान इनोवा वाहन में दो अलग-अलग नंबर प्लेट लगी मिलीं, जिससे पुलिस का संदेह और गहरा गया। तलाशी लेने पर दोनों वाहनों से बड़ी मात्रा में गांजा बरामद हुआ। पुलिस ने दोनों वाहनों से कुल लगभग 300 किलो गांजा जब्त किया, जिसकी बाजार कीमत करीब 1.50 करोड़ रुपये आंकी गई है। इसके अलावा तस्करी में इस्तेमाल की जा रही इनोवा क्रिस्टा, मारुति एक्सएल-6 और पांच मोबाइल फोन भी जब्त किए गए हैं। कुल जब्ती की कीमत लगभग 1.86 करोड़ रुपये बताई गई है। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान निखिल कश्यप निवासी बलरामपुर, रिंकु कश्यप निवासी सरगुजा तथा धर्मेन्द्र कुमार मौर्य निवासी अनूपपुर (मध्यप्रदेश) के रूप में हुई है। आरोपियों के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज कर आगे की कार्रवाई की जा रही है।
पूछताछ में आरोपियों ने गांजा की खेप मध्यप्रदेश के अनूपपुर में अपने सहयोगियों तक पहुंचाने की जानकारी दी है। इसके बाद पुलिस ने पूरे तस्करी नेटवर्क का पता लगाने के लिए विशेष टीम को मध्यप्रदेश और सरगुजा क्षेत्र में रवाना किया है। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक शशि मोहन सिंह ने कहा कि जिले में नशे के अवैध कारोबार के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा तथा तस्करी से जुड़े पूरे नेटवर्क को चिन्हित कर सख्त कार्रवाई की जाएगी
घटती-घटना – Ghatati-Ghatna – Online Hindi News Ambikapur घटती-घटना – Ghatati-Ghatna – Online Hindi News Ambikapur