-संवाददाता-
अम्बिकापुर,03 जून 2026 (घटती-घटना)। पुलिस मुख्यालय रायपुर के आदेशानुसार नेताजी सुभाषचन्द्र बोस राज्य पुलिस अकादमी से बुनियादी प्रशिक्षण प्राप्त 14 प्रशिक्षु उपनिरीक्षकों को व्यावहारिक प्रशिक्षण के लिए सरगुजा जिले में पदस्थ किया गया है। प्रशिक्षुओं की आमद के उपरांत राजेश अग्रवाल ने बैठक लेकर उन्हें कर्तव्य निर्वहन, निष्पक्ष जांच-विवेचना एवं तकनीकी दक्षता से संबंधित आवश्यक दिशा-निर्देश प्रदान किए। बैठक के दौरान डीआईजी/एसएसपी श्री अग्रवाल ने प्रशिक्षु अधिकारियों को अपने कार्यस्थल पर अनुशासन, ईमानदारी एवं समर्पण के साथ कार्य करने की सीख दी। उन्होंने कहा कि पुलिस सेवा में निष्पक्षता, संवेदनशीलता और तकनीकी ज्ञान अत्यंत महत्वपूर्ण हैं। प्रशिक्षुओं को व्यवहारिक प्रशिक्षण के दौरान सौंपे गए प्रत्येक दायित्व को गंभीरता, लगन और मेहनत से पूरा करने के निर्देश दिए गए। पुलिस मुख्यालय द्वारा आवंटित इन 14 प्रशिक्षु उपनिरीक्षकों को जिले के विभिन्न थानों में व्यवहारिक प्रशिक्षण हेतु पदस्थ किया गया है। इसके तहत थाना कोतवाली अंबिकापुर में तीन, थाना गांधीनगर, सीतापुर एवं मणिपुर में दो-दो तथा उदयपुर, लखनपुर, बतौली, लुंड्रा एवं दरिमा में एक-एक प्रशिक्षु उपनिरीक्षक की पदस्थापना की गई है। बैठक में राहुल बंसल,रक्षित निरीक्षक तृप्ति सिंह राजपूत,उपनिरीक्षक (एम) अभय सिंह सहित पुलिस विभाग के अन्य अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे। इस पहल का उद्देश्य प्रशिक्षु उपनिरीक्षकों को जमीनी स्तर पर पुलिस कार्यप्रणाली, कानून-व्यवस्था प्रबंधन, अपराध अनुसंधान एवं जनसंपर्क से संबंधित व्यावहारिक अनुभव प्रदान करना है, जिससे वे भविष्य में अधिक दक्ष एवं प्रभावी पुलिस अधिकारी के रूप में अपनी जिम्मेदारियों का निर्वहन कर सकें।
घटती-घटना – Ghatati-Ghatna – Online Hindi News Ambikapur घटती-घटना – Ghatati-Ghatna – Online Hindi News Ambikapur