शिक्षकों के नाम पर लोन स्वीकृत कर करोड़ों रुपये की ठगी का आरोप,मामले की जांच में जुटी पुलिस
-संवाददाता-
अम्बिकापुर,03 जून 2026 (घटती-घटना)। सरगुजा संभाग में शिक्षकों के नाम पर करोड़ों रुपये की कथित लोन ठगी का मामला लगातार गरमाता जा रहा है। मामले में एक आरोपी की गिरफ्तारी के बाद बुधवार को गांधी नगर थाना परिसर के बाहर जमकर हंगामा हो गया। जानकारी के अनुसार, शिक्षकों के नाम पर लोन स्वीकृत कर करोड़ों रुपये की ठगी किए जाने का आरोप है। इस मामले में गांधी नगर पुलिस पहले ही एक आरोपी को गिरफ्तार कर जेल भेज चुकी है, जबकि अन्य आरोपियों की भूमिका की जांच जारी है। बताया जा रहा है कि आरोपी के कुछ रिश्तेदार थाना पहुंचे थे। इसी दौरान वहां मौजूद शिक्षकों और रिश्तेदारों के बीच विवाद हो गया। देखते ही देखते विवाद बढ़ गया और शिक्षकों ने कथित तौर पर रिश्तेदारों के साथ मारपीट कर दी। घटना से थाना परिसर में कुछ देर के लिए अफरा-तफरी का माहौल बन गया। पुलिसकर्मियों ने हस्तक्षेप कर स्थिति को नियंत्रित किया। फिलहाल गांधी नगर थाना पुलिस पूरे मामले की जांच में जुटी है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि घटना से जुड़े सभी तथ्यों की जांच की जा रही है और जांच के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
घटती-घटना – Ghatati-Ghatna – Online Hindi News Ambikapur घटती-घटना – Ghatati-Ghatna – Online Hindi News Ambikapur