,सदमे में मां ने भी तोड़ा दम
सीतापुर,02 जून 2026 (घटती-घटना)। सरगुजा जिले के सीतापुर विकासखंड के ग्राम उलकिया में एक ही परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा। रोजगार की तलाश में महाराष्ट्र के पुणे गए 35 वर्षीय राजेंद्र टोप्पो की जहरीली शराब के सेवन से मौत हो गई। वहीं जवान बेटे की मौत की खबर सुनते ही उसकी मां सुखमनिया ने भी सदमे में दम तोड़ दिया। मां-बेटे की एक साथ मौत से पूरे गांव में शोक की लहर है। जानकारी के अनुसार उलकिया निवासी राजेंद्र टोप्पो परिवार की आर्थिक जिम्मेदारियां संभालने के लिए करीब छह माह पहले पत्नी और दो वर्षीय बेटे के साथ पुणे गया था। वहां पति-पत्नी मजदूरी कर अपने परिवार का पालन-पोषण कर रहे थे। बताया जाता है कि 26-27 मई को जहरीली शराब के सेवन से राजेंद्र की तबीयत बिगड़ गई और उपचार के दौरान उसकी मौत हो गई। राजेंद्र के साथ काम करने वाले लोगों के सहयोग से उसका शव एम्बुलेंस से गृहग्राम उलकिया लाया गया। जैसे ही शव गांव पहुंचा और मां सुखमनिया को बेटे की मौत की जानकारी मिली, वह यह सदमा बर्दाश्त नहीं कर सकीं। पहले से अस्वस्थ चल रही सुखमनिया ने भी दम तोड़ दिया। एक ही दिन में मां और बेटे की मौत से परिवार पूरी तरह टूट गया। गांव में गमगीन माहौल के बीच दोनों का अंतिम संस्कार एक साथ किया गया। राजेंद्र की मौत के बाद उसकी पत्नी और दो वर्षीय मासूम बेटे के सामने जीवनयापन का संकट खड़ा हो गया है।
गरीबी और बेरोजगारी बनी पलायन की वजह : ग्रामीणों का कहना है कि गांव में रोजगार के अवसर नहीं होने के कारण राजेंद्र को परिवार सहित दूसरे राज्य में मजदूरी करने जाना पड़ा। वर्तमान में कई शासकीय योजनाओं के निर्माण कार्य बंद पड़े हैं, जिससे ग्रामीण क्षेत्रों में रोजगार का संकट गहरा गया है।
लोगों का मानना है कि यदि गांव में पर्याप्त रोजगार उपलब्ध होता तो राजेंद्र को पलायन नहीं करना पड़ता और शायद यह दुखद घटना भी नहीं होती।
घटती-घटना – Ghatati-Ghatna – Online Hindi News Ambikapur घटती-घटना – Ghatati-Ghatna – Online Hindi News Ambikapur